CHANDIGARH,18.11.26-चंडीगढ़ नगर निगम के पूर्व पार्षद एवं भाजपा प्रकोष्ठ कोऑर्डिनेटर शक्ति प्रकाश देवशाली ने कांग्रेस नेताओं द्वारा मालिकाना हक़ का झूठा श्रेय लेने के प्रयासों को हास्यास्पद करार देते हुए उनके बयानों को परस्पर विरोधाभासी बताया और कहा कि चंडीगढ़ में खिसकता हुआ जनाधार देखकर कांग्रेस नेता अपना मानसिक संतुलन खो बैठे हैं।
देवशाली ने कहा कि कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी एक तरफ तो कह रहे हैं कि मालिकाना हक़ उन्होंने दिलवाया और दूसरी तरफ कह रहे हैं कि 90 प्रतिशत जनता को इसका लाभ नहीं मिलेगा। कांग्रेस अध्यक्ष हरमोहिंदर सिंह लक्की गत दिवस विभिन्न स्थानों पर अपने कार्यकर्ताओं सहित ढोल नगाड़ों के साथ मिठाई बाँट कर इसका श्रेय लेने का प्रयास कर रहे थे लेकिन 24 घंटे के भीतर ही उन्हें इस निर्णय में कई संशय दिखने शुरू हो गए। वो कह रहे हैं कि यह फैसला चुनावी जुमला है। अगर यह जुमला है तो सांसद मनीष तिवारी द्वारा 25 महीने पहले 8500 रूपए हर महिला को देने, 20000 लीटर मुफ्त पानी और 300 यूनिट मुफ्त बिजली के वायदों का क्या हुआ?
देवशाली ने कहा कि भाजपा सरकार द्वारा दिए गए मालिकाना हक़ एवं अन्य सुविधाओं से लगभग 50000 परिवार लाभान्वित हुए हैं और पूरा शहर दशकों पुरानी इस मांग के पूरा होने से खुश है और भाजपा का आभार व्यक्त कर रहा है। इन सभी लोगों के लिए तो यह दीपावली का उपहार सिद्ध हुआ है।
उन्होंने कहा कि कांग्रेस सांसद मनीष तिवारी और अध्यक्ष लक्की के बयानों में विरोधाभास उनकी आपसी गुटबाजी का नतीजा है। कांग्रेस नेताओं पर तंज कस्ते हुए उन्होंने कहा कि कांग्रेस झूठ बोलकर भाजपा द्वारा करवाए जा रहे जनहित कार्यों का झूठा श्रेय लेकर चुनावी लाभ लेने की कोशिश करने की बजाय अपने बिखरते हुए कुनबे को समेट कर रखने पर ध्यान दें।