चंडीगढ़, 18 नवंबर। इंडियन नेशनल लोकदल के राष्ट्रीय अध्यक्ष चौधरी अभय सिंह चौटाला ने हरियाणा की भाजपा सरकार पर किसानों के साथ सरेआम धोखाधड़ी और लूट करने का आरोप लगाते हुए कहा कि आज भी हजारों किसान अपनी धान की फसल बेचने के लिए धक्के खा रहे हैं। इसके बावजूद सरकार द्वारा 15 नवंबर को धान खरीद बंद करने का फैसला पूरी तरह किसान विरोधी और तानाशाहीपूर्ण है। सरकार तुरंत धान खरीद की अंतिम तारीख 30 नवंबर तक बढ़ाए ताकि कोई भी किसान अपनी फसल बेचने से वंचित न रहे।
चौधरी अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार किसानों की पूरी फसल एमएसपी पर खरीदने के बड़े-बड़े दावे करती है, लेकिन मंडियों में किसानों को कभी पोर्टल, कभी गेट पास, कभी सत्यापन और कभी नमी के नाम पर परेशान किया गया। नमी का बहाना बनाकर किसानों के साथ हजारों करोड़ रूपए की जमकर लूट की गई। किसानों की फसल से इस तरीके से काटी गई रकम का हिसाब सरकार को सार्वजनिक करना चाहिए। उन्होंने मांग की कि नमी के नाम पर किसानों के भुगतान में की गई तमाम कटौतियों, खरीद एजेंसियों की भूमिका और सरकारी अधिकारियों की जवाबदेही की जांच उच्च न्यायालय के किसी सिटिंग जज की निगरानी में करवाई जाए, ताकि इस पूरे घोटाले की निष्पक्ष जांच हो सके और दोषियों को किसी भी कीमत पर बचाया न जा सके। अभय सिंह चौटाला ने कहा कि भाजपा सरकार को बताना चाहिए कि किसानों से काटी गई रकम आखिर किसके खाते में गई और इस लूट के लिए जिम्मेदार कौन है? इनेलो किसानों के हक की इस लड़ाई को सडक़ से लेकर सदन तक पूरी मजबूती से लड़ेगी। किसानों के साथ अन्याय और उनकी मेहनत की कमाई की लूट किसी भी सूरत में बर्दाश्त नहीं की जाएगी।