तथ्यों की पुष्टि और जनहित को प्राथमिकता देना ही जिम्मेदार पत्रकारिता: उपायुक्त
राष्ट्रीय प्रेस दिवस पर होटल लेक व्यू में जिला स्तरीय कार्यक्रम आयोजित
सनसनीखेज और जिम्मेदार पत्रकारिता के विभिन्न पहलुओं पर हुआ मंथन
बिलासपुर, 17 नवम्बर: सूचना एवं जनसंपर्क विभाग की ओर से सोमवार देर सांय होटल लेक व्यू, बिलासपुर में जिला स्तरीय राष्ट्रीय प्रेस दिवस कार्यक्रम का आयोजन किया गया। कार्यक्रम में उपायुक्त बिलासपुर किरण भड़ाना ने बतौर मुख्यातिथि शिरकत की, जबकि पुलिस अधीक्षक बिलासपुर अभिषेक धीमान विशेष अतिथि तथा एसडीएम सदर राजकुमार विशेष आमंत्रित अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
इस वर्ष भारतीय प्रेस परिषद द्वारा सुझाए विषय पत्रकारिता: सनसनी या जिम्मेदारी पर विस्तृत चर्चा हुई तथा वर्तमान संदर्भ में पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, समाचारों की विश्वसनीयता, मीडिया की सामाजिक जिम्मेदारी और जनहित से जुड़े मुद्दों पर भी विचार-विमर्श किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त किरण भड़ाना ने कहा कि पत्रकारिता लोकतंत्र का एक महत्वपूर्ण स्तंभ है और समाज को सही दिशा देने में इसकी अहम भूमिका रहती है। उन्होंने कहा कि वर्तमान समय में सूचनाओं का प्रसार बेहद तेजी से हो रहा है, ऐसे में पत्रकारों की जिम्मेदारी और भी बढ़ जाती है कि वे किसी भी समाचार को प्रकाशित या प्रसारित करने से पहले उसकी तथ्यात्मक पुष्टि अवश्य करें। उन्होंने कहा कि सनसनी फैलाने के बजाय तथ्यों पर आधारित, निष्पक्ष और जिम्मेदार पत्रकारिता को प्राथमिकता दी जानी चाहिए, ताकि समाज में सकारात्मक सोच, जागरूकता और विश्वास को मजबूत किया जा सके।
उन्होंने कहा कि पत्रकारिता केवल समाचार देने का माध्यम नहीं है, बल्कि समाज की समस्याओं को सामने लाने, जनहित के मुद्दों को आवाज देने और प्रशासन तथा आम जनता के बीच संवाद स्थापित करने का सशक्त माध्यम भी है। उन्होंने पत्रकारिता की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए निष्पक्षता, सटीकता और सामाजिक उत्तरदायित्व जैसे मूल्यों का पालन करने पर बल दिया।
पुलिस अधीक्षक अभिषेक धीमान ने जिम्मेदार पत्रकारिता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए कहा कि मीडिया और पुलिस का उद्देश्य समाज में जागरूकता बढ़ाना तथा जनहित से जुड़े मुद्दों को प्रभावी ढंग से सामने लाना है। उन्होंने पत्रकारिता में तथ्यों की प्रमाणिकता और जिम्मेदारी के साथ समाचारों के प्रसारण की आवश्यकता पर जोर दिया।
एसडीएम राज कुमार ने कहा कि बदलाव प्रकृति का नियम है तथा पत्रकारिता के क्षेत्र में अनेक बदलाव देखने को मिल रहे हैं। ऐसे में मीडिया कर्मियों को बदलते वक्त के साथ स्वयं को भी अपडेट करते रहना चाहिए।
जिला लोक संपर्क अधिकारी राजेश जसवाल ने कार्यक्रम में उपस्थित सभी अतिथियों और पत्रकारों का स्वागत किया। उन्होंने राष्ट्रीय पत्रकारिता दिवस के इस वर्ष के विषय पर अपने विचार रखते हुए कहा कि पत्रकारिता का मूल उद्देश्य समाज तक सही, प्रमाणिक और जनहित से जुड़ी सूचनाएं पहुंचाना है। उन्होंने पत्रकारिता के नैतिक मूल्यों और सामाजिक दायित्वों को बनाए रखने की आवश्यकता पर भी बल दिया।
इस अवसर पर प्रेस क्लब बिलासपुर की अध्यक्ष सरोज पाठक ने कहा कि गलत सूचनाओं के प्रसारण को रोकने के लिए मीडिया कर्मियों का यह दायित्व है कि वह लोगों तक सही व तथ्यात्मक जानकारी पहुंचाएं। विशाल ठाकुर ने चर्चा में भाग लेते हुए कहा कि मीडिया में बढ़ती व्यावसायिकता के कारण समाचारों के संकलन में गुणात्मक दृष्टि से कमी आई है, जबकि पत्रकार कश्मीर ठाकुर का कहना है कि खबर की होड़ में कई बार मीडिया कर्मी तथ्यात्मक जानकारी हो पीछे छोड़ देते हैं जिससे कई बार गलत जानकारी बिना तथ्यों के लोगों तक पहुंच जाती है। पत्रकार अजय उपाध्याय ने पत्रकारिता के बदलते स्वरूप, डिजिटल मीडिया के बढ़ते प्रभाव और समाचारों की विश्वसनीयता बनाए रखने के लिए पत्रकारों की जिम्मेदारियों पर अपने विचार साझा किए। साथ ही अन्य वक्ताओं ने कहा कि पत्रकारिता में प्रतिस्पर्धा के बीच भी तथ्यों की प्रामाणिकता, निष्पक्षता और जनहित को सर्वोच्च प्राथमिकता दिये जाने पर बल दिया।
इससे पहले कार्यक्रम में हाल ही में दिवंगत हुए वरिष्ठ पत्रकार अरुण डोगरा को भावभीनी श्रद्धांजलि अर्पित की गई तथा उनकी स्मृति में दो मिनट का मौन रखकर उन्हें नमन किया। इस अवसर पर वक्ताओं ने कहा कि अरुण डोगरा का बिलासपुर की पत्रकारिता में महत्वपूर्ण योगदान रहा है तथा उनके निधन से पत्रकारिता जगत को अपूरणीय क्षति पहुंची है जिसे पूरा करना आसान नहीं होगा।