सुजानपुर में किचन हैल्पर और स्टीवर्ड के साक्षात्कार 18 को

हमीरपुर 17 नवंबर। पर्यटन एवं होटल क्षेत्र की प्रसिद्ध कंपनी बारबेक नेशन हॉस्पिटैलिटी लिमिटेड में किचन हैल्पर और स्टीवर्ड के 400 पद भरे जा रहे हैं। इन पदों के लिए 18 नवंबर को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय सुजानपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि किचन हैल्पर के लिए 10वीं या 12वीं पास 18 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को पीएफ और ईएसआई को मिलाकर कुल 16000 रुपये वेतन मिलेगा। स्टीवर्ड के पदों के लिए अभ्यर्थी के पास फूड एंड सर्विस का एक वर्षीय डिप्लोमा होना चाहिए। इन पदों के लिए भी 18 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को खाने एवं रहने तथा अन्य सुविधाओं सहित कुल 20,000 रुपये वेतन मिलेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
=========================================
छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए ऑनलाइन आवेदन अब 30 तक
सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक ने सभी स्कूल प्रमुखों को दिए निर्देश

हमीरपुर 17 नवंबर। शैक्षणिक सत्र 2026-27 में सभी छात्रवृत्ति योजनाओं के लिए नेशनल स्कॉलरशिप पोर्टल पर ऑनलाइन आवेदन की अंतिम तिथि अब बढ़ाकर 30 नवंबर कर दी गई है।
सेकेंडरी शिक्षा उपनिदेशक देशराज डोगरा ने जिला के सभी सरकारी एवं गैर सरकारी वरिष्ठ माध्यमिक पाठशालाओं और उच्च पाठशालाओं के प्रधानाचार्यों तथा मुख्यध्यापकों को सभी पात्र विद्यार्थियों के ऑनलाइन आवेदन सुनिश्चित करने के निर्देश दिए हैं।
उन्होंने कहा कि स्कूल स्तर पर सभी आवेदनों की वेरिफिकेशन और त्रुटिपूर्ण आवेदनों की पुनः ऑनलाइन वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 8 दिसंबर तक पूरी की जानी है। सभी स्कूल प्रमुख इस प्रक्रिया को 8 दिसंबर तक पूर्ण कर लें।
उपनिदेशक ने कहा कि अगर स्कूल स्तर पर छात्रवृत्ति का कोई भी मामला लंबित रहता है। सत्यापित या पुनः सत्यापित नहीं होता है अथवा उसमें कोई त्रुटि पाई जाती है तो स्कूल प्रमुख और छात्रवृत्ति प्रभारी के विरुद्ध विभागीय कार्रवाई की जाएगी।