चण्डीगढ़, 16.11.26- : वॉयस ऑफ यूनिटी एनजीओ की ओर से शहर के टैगोर थिएटर में ‘म्यूजिकल ग्रैंड शो-4’ का भव्य आयोजन किया गया। इस संगीतमय समारोह में 24 सदस्यीय ऑर्केस्ट्रा के कलाकारों ने अपनी शानदार प्रस्तुतियों से सभागार में मौजूद दर्शकों को मंत्रमुग्ध कर दिया।

कार्यक्रम में भाजपा के राष्ट्रीय कार्यकारिणी सदस्य, हिमाचल प्रदेश के पूर्व सह-प्रभारी एवं चंडीगढ़ भाजपा के पूर्व प्रदेश अध्यक्ष संजय टंडन मुख्य अतिथि के रूप में उपस्थित रहे। इस अवसर पर अपने संबोधन में टंडन ने हिंदी के पुराने गीतों को सदाबहार बताया। उन्होंने कहा कि पुराने गीतों में जो सुकून और मिठास है, वह आज भी लोगों के दिलों को छूती है और उन्हें जब भी समय मिलता है, वे हिंदी के पुराने गीत जरूर सुनते हैं। समारोह के दौरान संजय टंडन ने विशेष अतिथि एमसीएम डीएवी कॉलेज, चंडीगढ़ की पूर्व प्रिंसिपल श्रीमती पुनीत बेदी सहित, साधना संगर, पूनम शर्मा, संजीव ठाकुर, चेयरमैन आर्टिस्ट वेलफेयर ग्रुप, सतीश हुड्डा एवं श्रीमती सुषमा मान, जाट सभा, चंडीगढ़,सीनियर सिटीजन्स एसोसिएशन,
एस. सी. अग्रवाल (अध्यक्ष) श्रीमती लवलीन कौर (उपाध्यक्ष), इंस्पेक्टर कविता रानी, श्रीमती अनीता मिड्ढा (चेयरपर्सन) एवं निखार मिड्ढा (अध्यक्ष), एन. ए. कल्चरल सोसाइटी, श्रीमती राजेश (योगा ट्रेनर एवं अध्यक्ष), चंडीगढ़ नारी एकता संगठन, कुंदन लाल उनियाल, अध्यक्ष, रामलीला मंडल, श्रीमती रजनी शर्मा (अध्यक्ष), भारत विकास परिषद, स्वस्तिक को
सम्मानित भी किया।

समारोह में कलाकारों ने हिंदी सिनेमा के स्वर्णिम दौर के कई मशहूर गीत पेश किए। इनमें ‘लग जा गले’, ‘आने वाला पल जाने वाला है’, ‘पल-पल दिल के पास’, ‘ये शाम मस्तानी’ और ‘आज फिर जीने की तमन्ना है’ जैसे सदाबहार नग्मों पर दर्शकों ने खूब तालियां बटोरीं। डॉ. अरुणकांत के कुशल संगीत संयोजन में 24 कलाकारों के ऑर्केस्ट्रा ने हर गीत में जान डाल दी। मंच का संचालन शैली तनेजा ने बड़े ही आकर्षक और सधे हुए अंदाज में किया।

कार्यक्रम की आयोजक श्रीमती जया गोयल ने सभी अतिथियों, कलाकारों और दर्शकों का आभार व्यक्त किया। उन्होंने कहा कि इस आयोजन का मुख्य उद्देश्य संगीत के माध्यम से समाज को जोड़ना और शहरवासियों को एक यादगार सांस्कृतिक अनुभव देना था।