कंदरौर (बिलासपुर), 14 नवम्बर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज कंदरौर में आयोजित डेयरी कॉन्क्लेव-2026 के तहत डेयरिका फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड द्वारा स्थापित हिमाचल प्रदेश के पहले संगठित डॉन्की फार्म ¼Donkey Farm½का शुभारंभ किया। इस अवसर पर उन्होंने कहा कि गधा पालन और गधे के दूध के उत्पादन पर आधारित यह अपने किस्म का अनूठा स्टार्टअप है, जिसमें भविष्य में स्वरोजगार और व्यावसायिक विकास की व्यापक संभावनाएं हैं। हालांकि, इस क्षेत्र में अभी काफी शोध और वैज्ञानिक अध्ययन किए जाने की आवश्यकता है।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय स्तर पर गधे के दूध की मांग विशेष रूप से फार्मास्युटिकल और स्किन केयर उद्योग में है। गधे के दूध में लैक्टोज, व्हे प्रोटीन तथा लाइसोजाइम और लैक्टोफेरिन जैसे जैविक घटक पाए जाते हैं, जिसके कारण इसे विशेष उत्पाद के रूप में देखा जाता है। कई देशों में इसका उपयोग सौंदर्य प्रसाधन और अन्य विशेष उत्पादों के निर्माण में किया जा रहा है। उन्होंने कहा कि इस क्षेत्र में वैज्ञानिक शोध, गुणवत्ता परीक्षण, प्रसंस्करण और बाजार की संभावनाओं का अध्ययन करना आवश्यक है, ताकि हिमाचल प्रदेश में इस नई पहल को व्यावसायिक रूप से आगे बढ़ाया जा सके।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने तथा ग्रामीण अर्थव्यवस्था को गति देने के लिए निरंतर प्रयासरत है। सरकार पशुपालन और डेयरी क्षेत्र में आधुनिक तकनीक, बेहतर विपणन व्यवस्था तथा नवाचार को प्रोत्साहित कर रही है, ताकि युवाओं को स्वरोजगार के नए अवसर प्राप्त हो सकें।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार ने दूध उत्पादकों को प्रोत्साहन देने के लिए दूध के खरीद मूल्य में भी वृद्धि की है। गाय के दूध का खरीद मूल्य 51 रूपए से बढ़ाकर 61 रूपए प्रति लीटर तथा भैंस के दूध का खरीद मूल्य 61 रूपए से बढ़ाकर 71 रूपए प्रति लीटर किया गया है। इसके अतिरिक्त प्रमाणित डेयरी से ए-2 दूध के लिए 100 रूपए प्रति लीटर खरीद मूल्य निर्धारित किया गया है। इन निर्णयों से पशुपालकों को उनके दूध का बेहतर मूल्य उपलब्ध करवाने में मदद मिल रही है। सरकार ने प्राकृतिक खेती से उत्पादित गेहूं का न्यूनतम समर्थन मूल्य 60 रूपए से बढ़ाकर 80 रूपए प्रति किलोग्राम, मक्का का 40 रूपए से बढ़ाकर 50 रूपए, पांगी घाटी के जौ का 60 रूपए से बढ़ाकर 80 रूपए तथा हल्दी का 90 रूपए से बढ़ाकर 150 रूपए प्रति किलोग्राम किया है। इसके अतिरिक्त प्रदेश में पहली बार अदरक के लिए 30 रूपए प्रति किलोग्राम न्यूनतम समर्थन मूल्य घोषित किया गया है।
इस अवसर पर उन्होंने डेयरिका फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड के संस्थापक एवं सह-संस्थापक संजीव सिंह ठाकुर और सीरत तूर को इस अभिनव पहल के लिए बधाई दी तथा उनके भविष्य के प्रयासों की सफलता के लिए शुभकामनाएं दीं।
इस अवसर पर संस्थापक डेयरिका फार्म्स प्राइवेट लिमिटेड संजीव ठाकुर ने मुख्यातिथि का स्वागत करते हुए कहा कि कंपनी दुग्ध उत्पादन और संग्रहण के क्षेत्र में कार्य कर रही है। वर्तमान में प्रतिदिन 2,700 लीटर से अधिक दूध एकत्रित कर रही है तथा आसपास के क्षेत्रों के पशुपालकों को भी अपने साथ जोड़कर उनके दूध के विपणन में सहयोग कर रही है। इससे स्थानीय पशुपालकों को अपने उत्पाद का बाजार उपलब्ध करवाने और उनकी आय बढ़ाने में सहायता मिल रही है।
कार्यक्रम में पूर्व विधायक तिलक राज शर्मा, एपीएमसी अध्यक्ष सतपाल वर्धन, अतिरिक्त पुलिस अधीक्षक प्रताप ठाकुर, तहसीलदार बाल कृष्ण शर्मा, कंदरौर पंचायत के प्रधान सुरेंद्र पाल, चांदपुर के उपप्रधान सुभाष शर्मा, पशुपालन विभाग के सहायक निदेशक के.एल. शर्मा तथा पूर्व जिला परिषद सदस्य गौरव शर्मा सहित अन्य गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।