घुमारवीं (बिलासपुर), 14 नवम्बर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि देश के प्रथम प्रधानमंत्री पंडित जवाहरलाल नेहरू के दूरदर्शी नेतृत्व, आधुनिक सोच और विकासोन्मुखी नीतियों ने स्वतंत्रता के बाद भारत के नवनिर्माण की मजबूत आधारशिला रखी। उन्होंने शिक्षा, विज्ञान, उद्योग, कृषि, ऊर्जा और आधारभूत ढांचे के विकास को प्राथमिकता देकर देश को आत्मनिर्भर और प्रगतिशील बनाने की दिशा में महत्वपूर्ण योगदान दिया।
राजेश धर्माणी आज घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कठलग में बाल दिवस के अवसर पर आयोजित वार्षिक पारितोषिक वितरण समारोह में बतौर मुख्य अतिथि संबोधित कर रहे थे। कार्यक्रम में क्षेत्र के सात विद्यालयों के लगभग 200 विद्यार्थियों ने भाग लिया।
पंडित जवाहरलाल नेहरू की जयंती पर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करते हुए उन्होंने कहा कि नेहरू बच्चों को देश का भविष्य मानते थे। उनका मानना था कि बच्चों को गुणवत्तापूर्ण शिक्षा, समान अवसर और बेहतर वातावरण उपलब्ध करवाकर ही सशक्त राष्ट्र का निर्माण किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि नेहरू के कार्यकाल में आईआईटी, एम्स जैसे प्रतिष्ठित संस्थानों की स्थापना तथा भिलाई, दुर्गापुर और राउरकेला जैसे सार्वजनिक क्षेत्र के इस्पात संयंत्रों के विकास को गति मिली। भाखड़ा-नांगल जैसी बहुउद्देशीय परियोजनाओं ने देश में सिंचाई और विद्युत उत्पादन के क्षेत्र में नए अवसर पैदा किए। इन संस्थानों और परियोजनाओं ने आधुनिक भारत के विकास में महत्वपूर्ण भूमिका निभाई।
उन्होंने कहा कि बाल दिवस केवल उत्सव मनाने का अवसर नहीं, बल्कि बच्चों के अधिकारों, शिक्षा और उनके सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी जिम्मेदारी समझने का दिन भी है। उन्होंने विद्यार्थियों से मेहनत, अनुशासन और सकारात्मक सोच के साथ जीवन में आगे बढ़ने का आह्वान किया।
*घुमारवीं में शिक्षा और कौशल विकास को मिलेगी नई दिशा
राजेश धर्माणी ने कहा कि घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र में शिक्षा, कौशल विकास, खेल और आधारभूत सुविधाओं के विस्तार के लिए योजनाबद्ध तरीके से कार्य किया जा रहा है। क्षेत्र में स्किल एकेडमी और स्किल यूनिवर्सिटी स्थापित करने की दिशा में प्रयास किए जा रहे हैं। इसके अतिरिक्त आधुनिक आईटीआई और स्पोर्ट्स स्किल सेंटर के माध्यम से युवाओं को रोजगारोन्मुखी प्रशिक्षण और खेल प्रतिभाओं को निखारने के अवसर उपलब्ध करवाए जाएंगे।
उन्होंने बताया कि क्षेत्र में लगभग 500 कंप्यूटरों की क्षमता वाला आधुनिक ऑनलाइन परीक्षा केंद्र विकसित किया जा रहा है। इससे एक समय में 500 अभ्यर्थी ऑनलाइन परीक्षा दे सकेंगे। आवश्यकता के अनुसार प्रतिदिन दो से तीन शिफ्टों में परीक्षाएं आयोजित की जा सकेंगी। इससे स्थानीय युवाओं को प्रतियोगी परीक्षाओं के लिए दूरदराज के क्षेत्रों में जाने की आवश्यकता नहीं पड़ेगी।
उन्होंने कहा कि बद्दाघाट क्षेत्र सहित विधानसभा क्षेत्र के गांवों में सड़क संपर्क मजबूत करना सरकार की प्राथमिकता है। प्रत्येक गांव को पक्की सड़क से जोड़ने के लिए प्रयास किए जा रहे हैं। लगभग 72 करोड़ रूपए की लागत से विद्युत उपकेंद्र का निर्माण कार्य भी शुरू किया गया है। इसके पूरा होने से क्षेत्र में विद्युत आपूर्ति व्यवस्था को और मजबूती मिलेगी। उन्होंने बताया कि इस परियोजना को पूरा होने में लगभग डेढ़ से दो वर्ष का समय लग सकता है, क्योंकि इसमें विशेष रूप से तैयार किए जाने वाले ट्रांसफार्मरों की आपूर्ति भी शामिल है। साथ ही कहा कि क्षेत्र के प्राथमिक स्वास्थ्य केंद्र की नई इमारत का निर्माण लगभग पूरा हो चुका है और इसे शीघ्र ही जनता को समर्पित किया जाएगा। इसके अतिरिक्त वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कठलग में खेल मैदान को पक्का करने तथा निर्माणाधीन परीक्षा भवन (एग्जामिनेशन हॉल) का कार्य शीघ्र पूरा कर इसे समर्पित करने का आश्वासन दिया।
उन्होंने कहा कि घुमारवीं सिविल अस्पताल में वर्तमान में 13 विशेषज्ञ चिकित्सक सेवाएं दे रहे हैं तथा प्रतिदिन लगभग एक हजार मरीज ओपीडी में उपचार के लिए पहुंच रहे हैं। स्वास्थ्य सुविधाओं में हुआ यह विस्तार क्षेत्र के लोगों को बेहतर चिकित्सा सेवाएं उपलब्ध करवाने की दिशा में महत्वपूर्ण कदम है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश की आर्थिक चुनौतियों और अपेक्षित केंद्रीय सहयोग के अभाव के बावजूद राज्य सरकार अपने संसाधनों के बेहतर प्रबंधन से विकास कार्यों को निरंतर आगे बढ़ा रही है। शिक्षा, स्वास्थ्य, सड़क, बिजली और कौशल विकास के क्षेत्र में किए जा रहे प्रयासों का उद्देश्य ग्रामीण क्षेत्रों के लोगों को बेहतर सुविधाएं उनके नजदीक उपलब्ध करवाना है।
कार्यक्रम के अंत में मंत्री ने शैक्षणिक, खेलकूद और अन्य सह-पाठ्यक्रम गतिविधियों में उत्कृष्ट प्रदर्शन करने वाले विद्यार्थियों को पुरस्कार प्रदान कर सम्मानित किया तथा उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की।
इस अवसर पर सभी स्थानीय पाठशालाओं के अध्यापकों सहित बड़ी मात्रा में स्थानीय लोगों उपस्थित रहे।
*19वीं सब-जूनियर एवं 23वीं जूनियर राज्य स्तरीय कॉर्फबॉल चैंपियनशिप का किया शुभारंभ
इससे पहले उन्होंने राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला गालियां में 19वीं सब-जूनियर एवं 23वीं जूनियर राज्य स्तरीय कॉर्फबॉल चैंपियनशिप का शुभारंभ किया। यह प्रतियोगिता 14 और 15 नवंबर तक आयोजित की जा रही है।
प्रतियोगिता में प्रदेश के 8 जिलों एवं 86 क्लबों की टीमें भाग ले रही हैं। इसमें लगभग 260 खिलाड़ी (लड़के एवं लड़कियां) अपनी खेल प्रतिभा का प्रदर्शन करेंगे।
इस अवसर पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने खिलाड़ियों को शुभकामनाएं देते हुए खेलों को युवाओं के सर्वांगीण विकास का महत्वपूर्ण माध्यम बताया। उन्होंने कहा कि खेल न केवल शारीरिक एवं मानसिक विकास में सहायक हैं, बल्कि अनुशासन, टीम भावना, नेतृत्व क्षमता और प्रतिस्पर्धा की भावना को भी मजबूत करते हैं।