हिसार, 09.11.26- - अग्रोहा धाम में भगवान विश्वकर्मा दिवस पर हवन-पूजन, भजन समारोह व भंडारे का भव्य आयोजन अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुआ। इस कार्यक्रम में भारी संख्या में लोगों ने भाग लिया। इस अवसर पर बजरंग गर्ग ने उपस्थित लोगों को संबोधित करते हुए कहा कि भगवान विश्वकर्मा जी को सृष्टि का प्रथम शिल्पकार, निर्माण एवं तकनीक का जनक माना जाता है। भगवान विश्वकर्मा जी ने हमें मेहनत, हुनर, रचनात्मकता और कर्म के प्रति समर्पण का संदेश दिया है। भगवान विश्वकर्मा के आधुनिक युग में भी उनके आदर्श हर कारीगर, श्रमिक, व्यापारी, उद्योगपति और तकनीकी क्षेत्र से जुड़े व्यक्ति के लिए प्रेरणास्रोत हैं।
उन्होंने कहा कि विश्वकर्मा दिवस केवल पूजा-अर्चना का पर्व नहीं, बल्कि मेहनतकश लोगों के सम्मान और उनके योगदान को याद करने का भी दिन है। देश के विकास में छोटे कारीगरों, मजदूरों, दुकानदारों, तकनीकी कर्मचारियों और उद्योग जगत से जुड़े लोगों की महत्वपूर्ण भूमिका है। इनके परिश्रम से ही देश की अर्थव्यवस्था मजबूत होती है।
उन्होंने कहा कि हमें अपने धार्मिक एवं सांस्कृतिक पर्वों को मिल-जुलकर मनाना चाहिए तथा समाज में भाईचारा, एकता और सहयोग की भावना को मजबूत करना चाहिए। अग्रोहा धाम समाज की धार्मिक, सामाजिक एवं सांस्कृतिक गतिविधियों का प्रमुख केंद्र बन रहा है। यहां समय-समय पर ऐसे आयोजन करके नई पीढ़ी को अपनी संस्कृति और संस्कारों से जोड़ने का प्रयास किया जा रहा है। कार्यक्रम के अंत में सभी श्रद्धालुओं ने भंडारे में प्रसाद ग्रहण किया तथा समाज की सुख-समृद्धि, खुशहाली और देश की उन्नति की कामना की।
इस मौके पर महेश अग्रवाल मथुरा, पवन गर्ग, ऋषि राज गर्ग, विनोद गुप्ता, राजेंद्र बंसल, निरंजन गोयल, विनोद गोयल, अजय सिंगल, सीताराम सिंगला हिसार, ईश्वर गोयल अग्रोहा, चूडियां राम गोयल टोहाना, अनंत अग्रवाल बरवाला, सुरेन्द्र मित्तल फतेहबाद, ब्रहानंद गोयल भट्टू आदि प्रतिनिधियों ने भारी संख्या में भाग लिया।