शाहपुर 31 अक्तूबर: कार्यक्रम के सुबह के सत्र की शुरुआत देश की लोकप्रिय ‘आयरन लेडी’ के नाम से जानी जाने वाली पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी की पुण्यतिथि पर दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित करने के साथ हुई। वृंदावन स्थित वृंदा फाउंडेशन ट्रस्ट द्वारा शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के बंदरेला गांव में परमार्थ इको विलेज स्थापित किया जा रहा है। इस अवसर पर आयोजित कार्यक्रम में उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने विशेष रूप से शिरकत की।
कार्यक्रम में उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने योग सत्र एवं सांस्कृतिक कार्यक्रम में भाग लिया। उन्होंने स्कूली बच्चों द्वारा प्रस्तुत रंगारंग सांस्कृतिक कार्यक्रम को देखा और बच्चों की प्रतिभा की सराहना की।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए केवल सिंह पठानिया ने वृंदा फाउंडेशन ट्रस्टी न्यायमूर्ति उमेश कुमार सिरोही, विकास शर्मा, डॉ. मेघना चौधरी सहित समस्त ट्रस्ट सदस्यों को इस पुनीत पहल के लिए हार्दिक शुभकामनाएं दीं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश के यशस्वी मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू ने भी इस परियोजना के लिए ट्रस्ट को शुभकामनाएं दी हैं तथा सरकार की ओर से हरसंभव सहयोग प्रदान करने की बात कही है।
उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के प्राकृतिक सौंदर्य से परिपूर्ण बंदरेला गांव को इको विलेज के रूप में विकसित करने के लिए चुनना क्षेत्र के लिए गर्व की बात है। इस पहल से न केवल गांव को एक नई पहचान मिलेगी, बल्कि स्थानीय लोगों के लिए रोजगार एवं आर्थिक विकास के नए अवसर भी पैदा होंगे।
उपमुख्य सचेतक ने इको विलेज परियोजना के लिए एक हैंडपंप लगाने की घोषणा करते हुए कहा कि इसे एक सप्ताह के भीतर स्थापित कर दिया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस नेक कार्य में समस्त चंगर क्षेत्र के लोग फाउंडेशन को अपना पूर्ण सहयोग प्रदान करेंगे। उन्होंने विश्वास जताया कि यह परियोजना भविष्य में शाहपुर क्षेत्र को पर्यटन, प्राकृतिक संरक्षण और सामाजिक विकास के क्षेत्र में नई पहचान दिलाएगी।
इस अवसर पर ट्रस्ट सदस्यों, ग्रामीणों एवं स्कूली बच्चों ने देश की पूर्व प्रधानमंत्री स्वर्गीय श्रीमती इंदिरा गांधी को उनकी पुण्यतिथि पर याद करते हुए दो मिनट का मौन रखकर उन्हें श्रद्धांजलि अर्पित की।
इससे पूर्व फाउंडेशन की ओर से न्यायमूर्ति उमेश कुमार सिरोही ने कार्यक्रम में पहुंचने पर उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया का आभार व्यक्त किया तथा स्मृति चिह्न भेंट कर उन्हें सम्मानित किया। उन्होंने परमार्थ इको विलेज परियोजना की विस्तृत जानकारी देते हुए बताया कि यहां आयुर्वेदिक एवं एलोपैथिक चिकित्सा सुविधाओं के साथ-साथ खेलकूद, मेडिटेशन सेंटर और अन्य जनकल्याणकारी सुविधाएं विकसित की जाएंगी। इसका उद्देश्य लोगों को स्वास्थ्य, योग, आध्यात्मिकता और प्रकृति से जोड़ना है।
इस मौके पर मुख्य ट्रस्टी यू.के. सिरोही, न्यायमूर्ति उमेश कुमार सिरोही, डॉ. मेघना चौधरी, विकास शर्मा, डॉ. सुरिंदर, डॉ. भुवन, राहुल शर्मा, के.के. शर्मा, गौरांश सिरोही, योग गुरु डॉ. पठानिया, मीडिया प्रभारी विराट सिंह, विभिन्न विद्यालयों के बच्चे एवं क्षेत्र के गणमान्य ग्रामीण उपस्थित रहे.
--