बिलासपुर, 30 अक्तूबर: जनगणना-2027 के तहत जिला जनगणना हस्तपुस्तिका तैयार करने के लिए जिला बिलासपुर के ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं और संसाधनों का विस्तृत डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जाएगा। इस उद्देश्य से आंकड़ों के सटीक एवं व्यवस्थित संग्रहण को लेकर आज जिला ग्रामीण विकास अभिकरण के बैठक कक्ष में उपमंडल श्री नैना देवी जी और सदर के संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों के लिए प्रशिक्षण कार्यक्रम आयोजित किया गया। प्रशिक्षण कार्यक्रम का शुभारंभ जिला राजस्व अधिकारी नीलाक्ष शर्मा ने किया।
प्रशिक्षण के दौरान विभिन्न चार्ज जनगणना अधिकारियों द्वारा नामित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को जिला जनगणना हस्तपुस्तिका के लिए आवश्यक आंकड़ों के संग्रहण, निर्धारित प्रारूप में जानकारी दर्ज करने तथा मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन प्रविष्टि करने की प्रक्रिया की विस्तृत जानकारी दी जा रही है। प्रशिक्षण में पटवारी, कार्यपालक सहायक, पर्यवेक्षक, राजस्व कर्मचारी तथा खंड स्तर के संबंधित अधिकारी एवं कर्मचारी भाग ले रहे हैं।
इस प्रक्रिया के तहत जिले के प्रत्येक राजस्व गांव और नगर निकाय में उपलब्ध आधारभूत सुविधाओं एवं संसाधनों की जानकारी एकत्रित की जाएगी। इसमें विद्युत आपूर्ति, सड़क संपर्क, स्वास्थ्य केंद्र, विद्यालय, बैंकिंग सेवाएं, पेयजल व्यवस्था, आंगनबाड़ी केंद्र, कृषि सुविधाओं सहित अन्य महत्वपूर्ण विकासात्मक सुविधाओं से संबंधित आंकड़े शामिल होंगे। इन सभी जानकारियों को निर्धारित प्रारूप में संकलित कर मोबाइल ऐप के माध्यम से ऑनलाइन दर्ज किया जाएगा, ताकि ग्रामीण एवं शहरी क्षेत्रों में उपलब्ध सुविधाओं की वास्तविक स्थिति का व्यवस्थित और विश्वसनीय डिजिटल रिकॉर्ड तैयार किया जा सके।
अवसर पर जिला राजस्व अधिकारी नीलाक्ष शर्मा ने कहा कि जनगणना से संबंधित आंकड़े देश और प्रदेश की विकास योजनाओं एवं नीतियों के निर्धारण का महत्वपूर्ण आधार होते हैं। इनका उपयोग जनकल्याणकारी योजनाओं के निर्माण, आधारभूत सुविधाओं के विस्तार तथा भविष्य की विकासात्मक आवश्यकताओं के अनुरूप प्रशासनिक निर्णय लेने में किया जाता है। उन्होंने सभी अधिकारियों एवं कर्मचारियों से प्रशिक्षण को गंभीरता से लेने तथा निर्धारित मानकों के अनुरूप सही, सटीक एवं विश्वसनीय आंकड़ों का संग्रहण सुनिश्चित करने का आह्वान किया।
उन्होंने संबंधित अधिकारियों एवं कर्मचारियों को आंकड़ों की ऑनलाइन प्रविष्टि निर्धारित समयसीमा में पूरी करने तथा प्रत्येक जानकारी की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।