हरियाणा में लगातार बढ़ रहा अपराध, बदमाशों पर शिकंजा कसने में भाजपा सरकार विफल - डॉ अजय सिंह चौटाला
October 25, 2026 07:11 PM
चंडीगढ़, 25 अक्टूबर। जननायक जनता पार्टी के राष्ट्रीय अध्यक्ष डॉ. अजय सिंह चौटाला ने बढ़ती आपराधिक घटनाओं पर चिंता जताते हुए भाजपा सरकार और पुलिस प्रशासन की कार्यप्रणाली पर गंभीर सवाल उठाए है। उन्होंने कहा कि हरियाणा में अपराधियों के हौसले बुलंद है और आम नागरिकों व व्यापारियों में असुरक्षा का माहौल है। हिसार दौरे के दौरान पार्टी कार्यकर्ताओं से मुलाकात के बाद डॉ चौटाला ने कहा कि हिसार क्राइम कैपिटल बनता जा रहा है। शहर में लगातार हो रही फायरिंग, हत्याओं और फिरौती की घटनाएं कानून-व्यवस्था पर गंभीर सवाल खड़े करती हैं। उन्होंने संत नगर डबल फाटक के पास गत्ता फैक्ट्री मालिक के गोदाम पर बदमाशों द्वारा कई राउंड फायरिंग किए जाने की घटना का जिक्र करते हुए कहा कि इससे व्यापारियों में दहशत है। वहीं, सालासर धाम से पैदल यात्रा कर लौट रहे एक युवक की चाकू से हमला कर हत्या किए जाने की घटना भी चिंताजनक है।
जेजेपी प्रमुख डॉ अजय सिंह चौटाला ने कहा कि पेट्रोल पंप संचालकों और अन्य कारोबारियों से पांच करोड़ रुपये तक की फिरौती मांगी जा रही है। चार महीने पहले जिन व्यापारियों से रंगदारी मांगी गई थी, उनके मामले में मुख्य आरोपियों का अब तक गिरफ्तार नहीं होना पुलिस की कार्यप्रणाली पर सवाल खड़े करते है।डॉ. चौटाला ने कहा कि शहर में कानून-व्यवस्था बनाए रखने की जिम्मेदारी संभालने वाला पुलिस प्रशासन, खुफिया तंत्र और एसटीएफ अपराधों पर अंकुश लगाने में विफल साबित हो रहे हैं। अपराधियों को वारदातों को अंजाम देने का मौका मिल रहा है, जबकि पुलिस की कार्रवाई प्रभावी नजर नहीं आ रही। उन्होंने सरकार से आपराधिक तत्वों पर तत्काल शिकंजा कसने और व्यापारियों व आम नागरिकों की सुरक्षा सुनिश्चित करने की मांग की। अजय चौटाला ने चेतावनी दी कि यदि जल्द स्थिति में सुधार नहीं हुआ तो जेजेपी कार्यकर्ता आम जनता के साथ मिलकर सड़कों पर उतरने को मजबूर होंगे।
For further display of news in English with photographs in JPG file on "indianewscalling.com"
CONTACT: M.M.Khanna, Web-Master cum Director
Location: 585, Shantivan Housing Coop Society,
Sector-48 A, Chandigarh-160047
Ph: 0172-4620585 , Mobiles: 09217737625 & 9877215655
Email: mmk.vvi@gmail.com & mmkhanna585@yahoo.com
Share this News/Article on Facebook Share this News/Article on Facebook