महान पुरुष महाराजा अग्रसेन जी के नाम पर हिसार में पीजीआई (स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान) की स्थापना करनी चाहिए - बजरंग गर्ग

केंद्र सरकार को महाराजा अग्रसेन की जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित करना चाहिए - बजरंग गर्ग

महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, आदर्शों और सामाजिक योगदान को स्कूली पाठ्यक्रम में सरकार को विशेष स्थान दिया जाए - बजरंग गर्ग

हिसार, 15.10.26- - अग्रोहा धाम वैश्य समाज के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष व व्यापार मंडल के प्रांतीय अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने वैश्य समाज के प्रतिनिधियों की मीटिंग लेने के उपरांत पत्रकार वार्ता में कहा कि 25 अक्टूबर को अग्रोहा धाम में लगने वाला 43वां विशाल वार्षिक मेला ऐतिहासिक होगा। मेले में हिमाचल प्रदेश के महामहिम राज्यपाल कविंदर गुप्ता, हरियाणा के मंत्री विपुल गोयल, पंजाब के मंत्री विरेंद्र गोयल, हिसार की विधायक सावित्री जिंदल, पूर्व सांसद डॉ. सुभाष चंद्रा, जगतगुरु महामंडलेश्वर कुमार स्वामी सहित अनेकों प्रमुख राजनीतिक, सामाजिक एवं धार्मिक हस्तियां भाग लेंगी। मेले को लेकर वैश्य समाज के प्रतिनिधियों में भारी उत्साह है और देशभर से श्रद्धालुओं के पहुंचेगे। बजरंग गर्ग ने कहा कि सरकार को महान पुरुष महाराजा अग्रसेन जी के नाम पर हिसार में पीजीआई (स्नातकोत्तर चिकित्सा शिक्षा एवं अनुसंधान संस्थान) की स्थापना करनी चाहिए, ताकि हिसार, फतेहाबाद, सिरसा, भिवानी, जींद और कैथल सहित हरियाणा के विभिन्न जिलों के लाखों मरीजों के साथ-साथ पंजाब और राजस्थान के लोगों को भी बेहतर स्वास्थ्य सुविधाओं का लाभ मिल सके।

बजरंग गर्ग ने कहा कि हिसार आज मेडिकल हब के रूप में विकसित हो रहा है। ऐसे में हिसार में महाराजा अग्रसेन जी के नाम पर अत्याधुनिक पीजीआई की स्थापना समय की आवश्यकता है। इससे क्षेत्र में चिकित्सा सुविधाओं का विस्तार होगा और गंभीर बीमारियों के इलाज के लिए मरीजों को दिल्ली, चंडीगढ़ तथा अन्य शहरों में इलाज कराने से राहत मिलेगी।

उन्होंने कहा कि पीजीआई में आधुनिक चिकित्सा उपकरणों, विशेषज्ञ डॉक्टरों, सुपर स्पेशियलिटी विभागों, आधुनिक जांच सुविधाओं और बेहतर आपातकालीन चिकित्सा सेवाओं की व्यवस्था होनी चाहिए। इससे हृदय रोग, कैंसर, किडनी, न्यूरोलॉजी तथा अन्य गंभीर बीमारियों से पीडि़त मरीजों को अपने क्षेत्र में ही बेहतर इलाज मिल सकेगा। साथ ही गरीब और मध्यम वर्ग के परिवारों को इलाज के लिए होने वाले भारी खर्च और लंबी दूरी की यात्रा से भी राहत मिलेगी। बजरंग गर्ग ने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी की विचारधारा आज भी समाज को एकजुट होकर जरूरतमंदों की सहायता करने की प्रेरणा देती है। उनके नाम पर हिसार में पीजीआई की स्थापना करना उनके सामाजिक सेवा और जनकल्याण के आदर्शों को आगे बढ़ाने की दिशा में एक महत्वपूर्ण कदम होगा।

बजरंग गर्ग केंद्र सरकार से यह भी मांग की कि महाराजा अग्रसेन जी की जयंती को राष्ट्रीय अवकाश घोषित किया जाए, ताकि देशभर में उनके योगदान और विचारधारा को व्यापक स्तर पर सम्मान मिल सके। उन्होंने कहा कि महाराजा अग्रसेन जी के जीवन, आदर्शों और सामाजिक योगदान को स्कूली पाठ्यक्रम में सरकार को विशेष स्थान दिया जाए, जिससे युवा पीढ़ी उनके सिद्धांतों से प्रेरणा लेकर समाज और राष्ट्र के निर्माण में अपनी भूमिका निभा सके। बजरंग गर्ग ने कहा कि हिसार में पीजीआई की स्थापना से न केवल स्वास्थ्य सेवाओं को मजबूती मिलेगी, बल्कि क्षेत्र में रोजगार के नए अवसर भी पैदा होंगे। चिकित्सा शिक्षा, नर्सिंग, तकनीकी सेवाओं और स्वास्थ्य से जुड़े अन्य क्षेत्रों में युवाओं को रोजगार के अवसर मिल सकते हैं। इससे हिसार और आसपास के जिलों के आर्थिक एवं सामाजिक विकास को भी गति मिलेगी।

इस अवसर पर अनाज मंडी जिला प्रधान पवन गर्ग, अग्रोहा धाम जिला प्रधान एनके गोयल, राष्ट्रीय संयोजक ऋषि राज गर्ग, संरक्षक दीपक गर्ग, मंडी उपप्रधान बजरंग असरावां, मंडी पूर्व प्रधान संजय गोयल, महाराजा अग्रसैन स्कूल प्रधान मोहन बालकिया, मंडी मंदिर प्रधान सोनू गोयल, श्याम मंडल प्रधान सुरेन्द्र बागड़ी, भंडारा इंचार्ज अभिमन्यु बंसल, सोशल मीडिया इंचार्ज भानु सिंगला, सहसचिव निरंजन गोयल आदि प्रतिनिधियों ने भाग लिया।