चंबा 14 अक्टूबर 2026,विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया ने बुधवार को भटियात विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत अवांह में नवनिर्मित उठाऊ पेयजल योजना का विधिवत शुभारंभ किया। 77 लाख रुपए की लागत से नवनिर्मित इस पेयजल योजना से क्षेत्र के अवांह, दरमन, छवालू, वैसका, फलेत तथा पुरखेडी सहित लगभग एक दर्जन गांवों की लगभग 2000 की आबादी को स्वच्छ पेयजल की सुविधा मिलेगी।
इस अवसर पर अवांह मे आयोजित जनसभा को संबोधित करते हुए कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र में जल शक्ति विभाग की विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के प्रभावी एवं समयबद्ध क्रियान्वयन को लेकर जून 2027 तक लगभग 900 करोड़ रुपये की धनराशि व्यय होगी। उन्होंने कहा कि भटियात विधानसभा क्षेत्र को मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू का विशेष आशीर्वाद प्राप्त है जिसकी बदौलत समूचे भटियात विधानसभा क्षेत्र में सड़क, पेयजल, शिक्षा, विद्युत, स्वास्थ्य एवं सामाजिक सेवाओं सहित विभिन्न विकास कार्यो व परियोजनाओं को विशेष प्राथमिकता दी जा रही है।
उन्होंने कहा कि जल शक्ति विभाग ने गत चार वर्षों के दौरान 172 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं के निर्माण कार्य पूर्ण किए हैं। वर्तमान में 365 करोड़ रुपये की विभिन्न योजनाओं पर निर्माण कार्य प्रगति पर है। इसके अतिरिक्त, विधानसभा क्षेत्र में विभाग द्वारा कार्यान्वित की जाने वाली 564 करोड़ रुपये की विभिन्न परियोजनाओं के प्रस्ताव अनुमोदित किए जा चुके हैं।
कुलदीप सिंह पठानिया ने विधानसभा क्षेत्र के सर्वांगीण विकास के प्रति अपनी प्रतिबद्धता दोहराते हुए विभिन्न विभागीय परियोजनाओं के कार्यान्वयन तथा दूरदराज क्षेत्रों व अंतिम पंक्ति में खड़े लोगों तक पहुंच रहे लाभों का भी अपने संबोधन में उल्लेख किया। कुलदीप सिंह पठानिया ने कहा कि प्रदेश में जब-जब कांग्रेस की सरकार रही है भटियात विधानसभा क्षेत्र में विकास के नए आयाम स्थापित हुए हैं तथा उनके वर्तमान कार्यकाल में इस क्षेत्र में सड़क, स्वास्थ्य, शिक्षा, पेयजल सहित विकास के प्रत्येक क्षेत्र में अभूतपूर्व विकास हुआ है।
उन्होंने पंचायत प्रतिनिधियों द्वारा ग्राम पंचायत अवांह में सामुदायिक भवन, पटवार खाना भवन, खेल मैदान, जिम बनाने, रामलीला मंच निर्माण तथा छबालु, बरोहियां तथा भरेरा गांवों को सड़क सुविधा प्रदान करने संबंधी मांगों को पूरा करने की घोषणा की घोषणा की। विधानसभा अध्यक्ष ने बताया कि वर्तमान सरकार के प्रयासों से जिला चंबा में 500 करोड़ केंद्रीय योजनाएं स्वीकृत हुई है जिसमें से 109 करोड़ की योजनाएं विधानसभा क्षेत्र से संबंधित है।
विधानसभा अध्यक्ष ने यह भी कहा कि भटियात क्षेत्र में आवश्यक सुविधाओं के विस्तार के लिए प्रयास निरंतर जारी हैं। पंचायत प्रतिनिधियों और प्रशासनिक अधिकारियों के बीच बेहतर समन्वय से विकास कार्यों को और गति मिलेगी। उन्होंने सभी जनप्रतिनिधियों से आपसी मतभेद भुलाकर क्षेत्र के विकास के लिए मिलकर कार्य करने की अपील की।
उन्होंने इस दौरान उपस्थित लोगों की समस्याएं भी सुनीं तथा अधिकतर का मौके पर समाधान करते हुए शेष समस्याओं को संबंधित विभागीय अधिकारियों को तुरंत हल करने के निर्देश दिए।
विधानसभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानिया का इससे पूर्व अवांह पहुंचने पर स्थानीय लोगों ने बड़ी गर्मजोशी के साथ स्वागत किया। कार्यक्रम में स्थानीय पंचायत प्रधान उप प्रधान व अन्य जनप्रतिनिधियों ने उन्हें पंचायत की ओर से सम्मानित किया जबकि जल शक्ति विभाग के अधिशाषी अभियंता राकेश ठाकुर ने भी विधानसभा अध्यक्ष को विभाग की ओर से सम्मानित किया।
इस अवसर पर सदस्य निदेशक मंडल राज्य वन निगम चेला कृष्ण चंद्र, राज्य सहकारी बैंक राजकुमार चंबियाल, अध्यक्ष ब्लॉक कांग्रेस कमेटी विजय कंवर, उपाध्यक्ष नगर पंचायत सुरेंद्र चाढक, महिला कांग्रेस अध्यक्ष शालू देवी, ग्राम पंचायत अवांह के प्रधान संजीत शर्मा व उप प्रधान विपिन शर्मा, पूर्व प्रधान योगेन्द्र सिंह, पूर्व बीडीसी सदस्य नरेंद्र सिंह भुट्टो, अध्यक्ष यूथ कांग्रेस मंजीत ठाकुर, एसडीएम मनीष सोनी, डीएसपी शेर सिंह, अधिशासी अभियंता राकेश ठाकुर, पंकज राठौर व नरेंद्र चौधरी, डीएफओ डॉ. कुलदीप जमवाल, खंड विकास अधिकारी अनिल गुराडा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी व पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधि तथा अनेक गणमान्य वयक्ति भी उपस्थित थे।