चण्डीगढ़, 15.10.26- : आगामी त्योहारी सीजन के दौरान चंडीगढ़ के विभिन्न बाजारों में उमड़ने वाली भारी भीड़ को ध्यान में रखते हुए, शहर के व्यापारियों के शीर्ष संगठन चण्डीगढ़ व्यापार मंडल (सीबीएम) के अध्यक्ष संजीव चड्ढा के नेतृत्व में एक प्रतिनिधिमंडल ने आज सुमेर प्रताप सिंह, एसएसपी ट्रैफिक तथा कंवरदीप कौर, एसएसपी, चंडीगढ़ से मुलाकात की। प्रतिनिधिमंडल ने शहर के विभिन्न बाजारों में यातायात व्यवस्था को सुचारु बनाने तथा सुरक्षा सुनिश्चित करने के संबंध में ज्ञापन सौंपे।

प्रतिनिधिमंडल ने पुलिस अधिकारियों को अवगत कराया कि त्योहारों के दौरान बाजारों में खरीदारों की भारी भीड़ और वाहनों की बढ़ती आवाजाही के कारण ट्रैफिक जाम एवं सुरक्षा संबंधी समस्याएं उत्पन्न होती हैं। इनसे निपटने के लिए समय रहते प्रभावी कदम उठाना आवश्यक है।

यातायात व्यवस्था से संबंधित प्रमुख मांगों में सभी बाजारों में सड़कों पर तत्काल रोड मार्किंग करवाया जाना, प्रमुख बाजारों में शाम के व्यस्त समय के दौरान ट्रैफिक पुलिस की तैनाती सुनिश्चित किया जाना, त्योहारों के दौरान अतिरिक्त अस्थायी पार्किंग के लिए आसपास के खाली स्थानों एवं मैदानों का उपयोग किया जाना, निर्धारित पार्किंग स्थलों पर अतिक्रमण करने वाले अनधिकृत रेहड़ी-फड़ी वालों के विरुद्ध सख्त कार्रवाई करना तथा भीड़भाड़ वाले बाजारों में वाहनों के प्रवेश एवं निकास की व्यवस्था को सुचारु बनाया जाना शामिल है।

सुरक्षा एवं कानून-व्यवस्था से संबंधित प्रमुख मांगों के तहत बाजारों में पुलिस बीट और पैदल गश्त बढ़ाए जाने, बीट अधिकारियों का संबंधित मार्केट वेलफेयर एसोसिएशनों के प्रधानों के साथ बेहतर समन्वय सुनिश्चित किए जाने, दुकानों के बंद होने तक देर शाम बाजारों में पुलिस की मौजूदगी बनाए रखे जाने, व्यापारियों एवं ग्राहकों में सुरक्षा की भावना मजबूत करने के लिए पीसीआर और पुलिस की नियमित एवं प्रभावी गश्त सुनिश्चित किए जाने तथा बाजारों तथा उनके आसपास सीसीटीवी कैमरों की उपलब्धता और कार्यशीलता की जांच की जाए तथा आवश्यकतानुसार व्यवस्था बेहतर बनाए जाने की माँगे की गईं।

दोनों वरिष्ठ पुलिस अधिकारियों ने प्रतिनिधिमंडल की बातों को गंभीरतापूर्वक सुना और त्योहारी सीजन के दौरान बाजारों में यातायात सुचारु रखने तथा सुरक्षा व्यवस्था मजबूत करने के लिए हर संभव सहयोग एवं आवश्यक कदम उठाने का आश्वासन दिया।

इस अवसर पर चंडीगढ़ पुलिस द्वारा व्यापारियों एवं मार्केट एसोसिएशनों के लिए जारी सुरक्षा संबंधी एडवाइजरी भी संजीव चड्ढा, अध्यक्ष, सीबीएम को सौंपी गई, ताकि इसे प्रत्येक मार्केट एसोसिएशन तक पहुंचाकर आवश्यक सावधानियों का पालन सुनिश्चित किया जा सके।

प्रतिनिधिमंडल में सीबीएम के वरिष्ठ पदाधिकारी बलविंदर सिंह, महासचिव, राधे लाल बजाज, वित्त सचिव नवदीप शर्मा, उपाध्यक्ष तथा रविंदर सिंह बिल्ला, कार्यकारिणी सदस्य शामिल थे।