हिसार, 14.10.26- - श्री प्रयाग गिरी शिवालय मंदिर ट्रस्ट के प्रधान बजरंग गर्ग ने चौथे नवरात्रे के पावन अवसर पर मंदिर में विधि-विधान के साथ पूजा-पाठ किया। इस दौरान उन्होंने माता रानी को पुष्प अर्पित किए और माला पहनाकर आशीर्वाद प्राप्त किया। उन्होंने मां दुर्गा के चरणों में शीश नवाकर समस्त देशवासियों की सुख-समृद्धि, खुशहाली, अच्छे स्वास्थ्य और उज्ज्वल भविष्य की कामना की।

बजरंग गर्ग ने कहा कि नवरात्रि का पावन पर्व भारतीय संस्कृति, आस्था और धार्मिक परंपराओं का प्रतीक है। इन दिनों मां दुर्गा के नौ स्वरूपों की पूजा-अर्चना करने से भक्तों को आध्यात्मिक शक्ति, सकारात्मक ऊर्जा और जीवन में आगे बढ़ने की प्रेरणा मिलती है। मां दुर्गा की आराधना हमें बुराइयों का सामना करने, सत्य के मार्ग पर चलने और समाज में प्रेम, सद्भाव एवं भाईचारा बनाए रखने का संदेश देती है।

उन्होंने कहा कि मां दुर्गा की कृपा से मनुष्य को कठिन परिस्थितियों का सामना करने का साहस और आत्मविश्वास मिलता है। नवरात्रि केवल पूजा-पाठ का पर्व नहीं है, बल्कि यह आत्मशुद्धि, संयम, सेवा और मानवता के प्रति समर्पण का भी संदेश देता है।

बजरंग गर्ग ने सभी श्रद्धालुओं से आह्वान किया कि वे नवरात्रि के पावन दिनों में मां दुर्गा की आराधना के साथ-साथ जरूरतमंदों की सहायता करें और समाज में धार्मिक सद्भाव एवं आपसी भाईचारे को मजबूत बनाएं। उन्होंने माता रानी से प्रार्थना की कि सभी के जीवन में सुख, शांति, समृद्धि और खुशहाली बनी रहे तथा देश और प्रदेश निरंतर उन्नति के मार्ग पर आगे बढ़ें। इस अवसर पर सुरेंद्र सिंगला जगत नारायण वीरेंद्र तनेजा, वेद प्रकाश जूथारा, प्रेम कुकडेजा, आशीष कुमार छाबड़ा, संजय कुमार बलेचा, प्रदीप रूपल, रूपेंद्र गोयल, अंगूरी देवी, अनीता गर्ग आदि भक्त भारी संख्या में मौजूद रहे।