हमीरपुर में इलेक्ट्रिकल और मैकेनिकल इंजीनियरों के साक्षात्कार 15 को
हमीरपुर 13 अक्तूबर। बद्दी की प्रसिद्ध कंपनी माइक्रो सीमलैस में जूनियर इंजीनियर और ट्रेनी जूनियर इंजीनियर के 30 पदों को भरने के लिए 15 अक्तूबर को सुबह साढे दस बजे जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए अभ्यर्थी इलेक्ट्रिकल या मैकेनिकल इंजीनियरिंग में बीटैक या डिप्लोमाधारक होना चाहिए। इन पदों के लिए 25 से 40 वर्ष तक के फ्रैशर्स पुरुष अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 16 से 17 हजार रुपये तक मासिक वेतन एवं अन्य सुविधाएं मिलेंगी तथा उनका कार्यस्थल बद्दी के साथ लगता औद्योगिक क्षेत्र बरोटीवाला होगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
========================================
आपदा जोखिम न्यूनीकरण को ग्राम पंचायत विकास योजनाओं से जोड़ने पर ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित
बिलासपुर, 13 अक्तूबर: राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन संस्थान, गृह मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा आज आपदा जोखिम न्यूनीकरण को ग्राम पंचायत विकास योजनाओं के साथ एकीकृत करने के उद्देश्य से ऑनलाइन जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किया गया। इस जागरूकता कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य पंचायती राज संस्थाओं के प्रतिनिधियों की क्षमता को सुदृढ़ करना तथा ग्राम पंचायत विकास योजनाओं में आपदा जोखिम न्यूनीकरण एवं जलवायु अनुकूलन से संबंधित उपायों को शामिल करने के प्रति जागरूकता बढ़ाना था।
कार्यक्रम के दौरान प्रतिभागियों को आपदाओं की मूल अवधारणा, प्राकृतिक एवं मानव जनित आपदाओं के प्रकार, आपदा प्रबंधन अधिनियम, 2005 तथा 73वें संविधान संशोधन अधिनियम, 1992 के अंतर्गत पंचायतों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों के बारे में जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त, आपदा जोखिम न्यूनीकरण में प्रौद्योगिकी के उपयोग, समय पर पूर्व चेतावनी का प्रसार, स्थानीय स्तर पर आपदा जोखिम आकलन तथा ग्राम आपदा प्रबंधन योजना तैयार करने के विभिन्न पहलुओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
कार्यक्रम में आपदा प्रबंधन समितियों एवं आपदा प्रबंधन दलों की भूमिका और कार्यप्रणाली पर भी प्रकाश डाला गया। ग्राम पंचायत विकास योजनाओं के साथ आपदा जोखिम न्यूनीकरण उपायों को एकीकृत करने तथा ग्रामीण विकास योजनाओं के माध्यम से आपदा-सुरक्षित गांवों के निर्माण पर विशेष बल दिया गया। प्रतिभागियों को स्थानीय स्तर पर आपदा जोखिमों एवं संवेदनशीलताओं की पहचान करने, उपलब्ध संसाधनों का प्रभावी उपयोग करने तथा आपातकालीन परिस्थितियों से निपटने के लिए सामुदायिक तैयारियों को मजबूत बनाने के संबंध में भी जानकारी दी गई।
कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य ग्राम पंचायतों को आपदा जोखिमों की पहचान, उनके न्यूनीकरण एवं आपदा पूर्व तैयारी के लिए सक्षम बनाना तथा विकास योजनाओं में आपदा प्रबंधन को प्राथमिकता प्रदान करना है, ताकि ग्रामीण क्षेत्रों में आपदाओं से होने वाले नुकसान को कम किया जा सके और आपदा-सहनीय समुदायों का निर्माण सुनिश्चित हो।
=======================================
अणु में दी सोलर रूफ टॉप योजना की जानकारी, 14-15 को भी जारी रहेगा शिविर
हमीरपुर 13 अक्तूबर। घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र लगाने की योजना की जानकारी आम लोगों तक पहुंचाने के लिए विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर की ओर से अणु के विद्युत विश्राम गृह में आयोजित किए जा रहे तीन दिवसीय शिविर के पहले दिन मंगलवार को बिजली बोर्ड के अधिकारियों एवं कर्मचारियों ने लोगों को इस महत्वाकांक्षी योजना की विस्तृत जानकारी दी।
सहायक अधिशाषी अभियंता सौरभ राय ने बताया कि इस जागरुकता एवं पंजीकरण शिविर के दौरान लोगों को योजना के लाभ, घरों की छतों पर सौर ऊर्जा संयंत्र स्थापित करने की प्रक्रिया, सरकारी सब्सिडी तथा पंजीकरण एवं आवेदन प्रक्रिया के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इसके अतिरिक्त उपभोक्ताओं को सौर ऊर्जा संयत्र की उपयुक्त क्षमता, अनुमानित लगत, अधिकृत विक्रेताओं तथा योजना के अंतर्गत उपलब्ध बैंक ऋण सुविधाओं के संबंध में भी जागरुक किया गया। इस अवसर पर उपस्थित लोगों को योजना का लाभ उठाने के लिए प्रेरित किया गया तथा पंजीकरण संबंधी आवश्यक मार्गदर्शन भी प्रदान किया गया।
उन्होंने बताया कि यह शिविर 14 और 15 अक्तूबर को भी जारी रहेगा। उन्होंने सभी लोगों से इस शिविर का लाभ उठाने की अपील की है।
=========================================
एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर ने सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के अधिसूचित किए 70 पद
22 अक्तूबर को जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर तथा 23 अक्तूबर को उप रोजगार कार्यालय श्री नैना देवी जी में होंगे साक्षात्कार
बिलासपुर, 13 अक्तूबर: जिला रोजगार अधिकारी राजेश मेहता ने जानकारी देते हुए बताया कि मै. एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर ने सिक्योरिटी गार्ड और सिक्योरिटी सुपरवाईजर के 70 पद अधिसूचित किए है। उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए जिला रोजगार कार्यालय बिलासपुर में 22 अक्तूबर तथा 23 अक्तूबर को उप रोजगार कार्यालय श्री नैना देवी जी में प्रातः 10ः30 बजे से दोपहर 2 बजे तक कैंपस इंटरव्यू का आयोजन किया जाएगा।
उन्होंने बताया कि इन पदों के लिए केवल योग्य पुरुष उम्मीदवार ही आवेदन कर सकते है। इच्छुक उम्मीदवार की आयु 19 से 40 वर्ष, शैक्षणिक योग्यता 10वीं पास, ऊंचाई 168 सेंमी. तथा 55 से 95 किलोग्राम भार होना चाहिए। चयनित अभ्यर्थियों को 17,500 रुपये से 24,000 रुपये तक मासिक वेतन प्रदान किया जाएगा। इसके अतिरिक्त चयनित अभ्यर्थियों को ईपीएफ, ईएसआईसी तथा बीमा पेंशन की सुविधा भी उपलब्ध करवाई जाएगी। उन्होंने बताया कि चयनित उम्मीदवारों को हिमाचल प्रदेश तथा चंडीगढ़ में तैनात किया जा सकता है।
उन्होंने बताया कि योग्य व इच्छुक आवेदक जो इन पदों से सम्बन्धित योग्यता रखते है वह अपने सभी मूल प्रमाण पत्र, रोजगार कार्यालय का पंजीकरण कार्ड एक्स-10, आधार कार्ड, 10वीं का प्रमाण पत्र, संबंधित योग्यता तथा दो पासपोर्ट साइज फोटो, अनुभव प्रमाण पत्र एवं अपने बायोडाटा की प्रति सहित निर्धारित स्थान, तिथि व समय पर उपस्थित होकर कैंपस इंटरव्यू में भाग ले सकते हैं।
इस सम्बन्ध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नम्बर 01978-222450 व नियोक्ता के मोबाइल नम्बर 8219451492 पर सम्पर्क किया जा सकता है।