जिला प्रशासन ने आवश्यक वस्तुओं के परचून विक्रय मूल्य किए निर्धारित
धर्मशाला, 29 सितंबरः जिला दंडाधिकारी, हेमराज बैरवा ने जिला कांगड़ा में मांस और पके हुए भोजन की वस्तुओं के अधिकतम खुदरा मूल्य समस्त करों सहित निर्धारित किए हैं। इस संदर्भ में जारी एक अधिसूचना के अनुसार, बाजार में आम जनता या उपभोक्ताओं को उचित दरों पर वस्तुएं उपलब्ध करवाने के उद्देश्य से ये दरें निर्धारित की गई हैं। जिला कांगड़ा का कोई भी विक्रेता इससे अधिक दर वसूल नहीं कर सकेगा।
मीट बकरा/भेड़ा 600 रूपये प्रति किलो, मीट सूअर 300 रूपये प्रति किलो, चिकन/ब्रॉयलर (साफ किया हुआ) 240 रुपये प्रति किलो, मछली बिना तली हुई 240 रुपये प्रति किलो, मछली तली हुई 340 रुपये प्रति किलो और चिकन जिंदा 180 रुपये प्रति किलो निर्धारित किए गए हैं।
इसी प्रकार चपाती तंदूरी 9 रुपये प्रति चपाती, चपाती तवा 7 रुपये प्रति चपाती, स्टफ्ड परांठा अचार के साथ 30 रुपये प्रति परांठा, सादा परांठा 20 रुपये प्रति परांठा, दो पूरी/भटूरा चना दही के साथ 60 रुपये प्रति प्लेट, चावल-चपाती दाल/सब्जी व कढ़ी के साथ 100 रुपये (फुल डाइट), चावल फुल प्लेट 60 रुपये प्रति प्लेट, दाल साधारण 50 रुपये प्रति प्लेट, दाल फ्राइड 70 रूपये प्रति प्लेट, सब्जी स्पेशल 80 रुपये प्रति प्लेट, पालक/मटर पनीर 100/110 रूपये प्रति प्लेट, मीट प्लेट 5 पीस के साथ 145 रूपये प्रति प्लेट, चिकन करी 95 रूपये प्रति प्लेट और चाय 15 रूपये, समोसा 15 रूपये प्रति पीस, चाऊमीन फुल प्लेट वेज 70 रूपये, चाऊमीन हाफ प्लेट वेज 40 रूपये, चाऊमीन फुल प्लेट नॉन-वेज 80 रूपये, चाऊमीन हाफ प्लेट नॉन-वेज 45 रूपये, थुपका फुल प्लेट वेज 70 रूपये, थुपका हाफ प्लेट वेज 50 रूपये, थुपका फुट प्लेट नॉन-वेज 80 रूपये, थुपका हाफ प्लेट नॉन-वेज 55 रूपये, मो-मो फुल प्लेट वेज 80 रूपये, मो-मो हाफ प्लेट वेज 45, मो-मो फुल प्लेट नॉन-वेज 110 और मो-मो हाफ प्लेट नॉन-वेज 60 रूपये निर्धारित किए है।
उन्होंने बताया कि दूध लोकल सप्लाई 60 रुपये प्रति लीटर, उबला हुआ दूध लोकल सप्लाई 70 रूपये प्रति लीटर, पैक्ड दूध सभी ब्रांड का अंकित मूल्य पर तथा दही प्रति किलोग्राम 90 रुपए और स्थानीय पनीर प्रति किलोग्राम 360 रुपए बेचा जाएगा।
उन्होंने सभी दुकानदारों, ढाबा मालिकों और विक्रेताओं को निर्देश दिए हैं कि वे अपने प्रतिष्ठानों पर दर सूची प्रमुखता से प्रदर्शित करें और निर्धारित दरों के अनुसार ही वसूली करें।====================
उपायुक्त हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में कांगड़ा वैली कार्निवल की तैयारियों को लेकर बैठक
24 से 31 दिसम्बर तक धर्मशाला में आयोजित होगा कांगड़ा वैली कार्निवल
धर्मशाला, 29 सितम्बर: उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की अध्यक्षता में मंगलवार को उपायुक्त कार्यालय के बैठक कक्ष में कांगड़ा वैली कार्निवल के आयोजन की तैयारियों को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में कार्निवल के दौरान प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों, सांस्कृतिक कार्यक्रमों तथा आयोजन से संबंधित व्यवस्थाओं पर विस्तार से चर्चा की गई।
उपायुक्त ने बताया कि धर्मशाला में कांगड़ा वैली कार्निवल 24 से 31 दिसम्बर तक आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इससे पहले भी धर्मशाला में कई महत्वपूर्ण कार्यक्रम प्रस्तावित हैं, जिनमें देश व प्रदेश के अतिविशिष्ट व्यक्तियों का प्रवास रहेगा। ऐसे में उन्होंने सभी संबंधित विभागों को कार्निवल की तैयारियां अभी से शुरू करने के निर्देश दिए, ताकि आयोजन के दौरान किसी भी प्रकार की असुविधा न हो।
उन्होंने कार्निवल के तहत प्रस्तावित विभिन्न गतिविधियों के सुचारू एवं व्यवस्थित संचालन के लिए विभागवार समितियां गठित करने तथा प्रत्येक समिति को स्पष्ट दायित्व सौंपने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि सभी समितियां आपसी समन्वय के साथ कार्य करें और तैयारियों की नियमित समीक्षा भी सुनिश्चित की जाए।
बैठक में आयोजन स्थल की साफ-सफाई, यातायात एवं पार्किंग व्यवस्था, सुरक्षा प्रबंध, पेयजल एवं विद्युत आपूर्ति, चिकित्सा सुविधाएं, मंच व्यवस्था तथा सांस्कृतिक कार्यक्रमों सहित अन्य आवश्यक व्यवस्थाओं पर भी चर्चा की गई। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को प्रत्येक व्यवस्था के लिए समयबद्ध कार्ययोजना तैयार कर तैयारियां निर्धारित समय में पूर्ण करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि कार्निवल के दौरान स्मारिका प्रकाशन, मैराथन, साइक्लिंग, एंटी-चिट्टा नुक्कड़ नाटक, खेल गतिविधियों सहित अनेक कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे। इसके अतिरिक्त स्थानीय कलाकारों तथा स्वयं सहायता समूहों की सहभागिता से भी विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जाएंगी। उन्होंने संबंधित समितियों को इन कार्यक्रमों की तैयारियां समय पर पूरी करने के निर्देश दिए।
*क्रिकेट स्टेडियम में कन्सर्ट प्रस्तावित
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविन्द्र सिंह सुक्खू द्वारा दिए गए निर्देशों के अनुरूप धर्मशाला क्रिकेट स्टेडियम में कांगड़ा वैली कार्निवल के शुभारंभ अवसर पर कन्सर्ट आयोजित करने का प्रस्ताव है। उन्होंने कहा कि कन्सर्ट में प्रवेश टिकट के माध्यम से होगा। इससे कार्निवल के आयोजन के लिए आवश्यक संसाधन जुटाने में भी सहायता मिलेगी।
बैठक में नगर निगम आयुक्त जफर इकवाल, पुलिस अधीक्षक कुलभूषण वर्मा, सहायक आयुक्त उपायुक्त विवेक चैहान, एसडीएम धर्मशाला मोहित रत्न सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।