कलोल (बिलासपुर), 26 सितंबर: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक एवं औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज के.के. फाउंडेशन के माध्यम से परमवीर चक्र कैप्टन संजय कुमार राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज बिलासपुर स्थित कलोल में स्थापित 10 किलोवाट क्षमता के ऑन ग्रिड सोलर रुफ टॉप सिस्टम तथा इंक्यूबेशन केंद्र का लोकार्पण किया। कार्यक्रम में परमवीर चक्र विजेता कैप्टन संजय कुमार तथा के.के. फाउंडेशन के चेयरमैन के.के. कश्यप भी विशेष रूप से उपस्थित रहे।
तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने पीवीसी कैप्टन संजय कुमार राजकीय बहुतकनीकी कॉलेज बिलासपुर स्थित कलोल में 10 किलोवाट क्षमता का ऑन ग्रिड सोलर रुफ टॉप सिस्टम तथा सोलर इंक्यूबेशन केंद्र स्थापित करने के लिए के.के. फाउंडेशन के अध्यक्ष के.के. कश्यप का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि वे सामाजिक सेवा के क्षेत्र में निरंतर सराहनीय कार्य कर रहे हैं। उन्होंने कहा कि इसी प्रकार एक अन्य ऑन ग्रिड सोलर रुफ टॉप सिस्टम तथा सोलर इंक्यूबेशन केंद्र राजकीय हाइड्रो इंजीनियरिंग कॉलेज बंदला में भी स्थापित किया जा चुका है, जो एक सराहनीय कार्य है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि कॉलेज में सोलर सिस्टम स्थापित होने से कॉलेज के बिजली बिल में लगभग 70 प्रतिशत तक की कमी आई है। उन्होंने कहा कि इस तरह की दीर्घकालिक और पर्यावरण-अनुकूल पहलों से न केवल शिक्षण संस्थानों के बिजली बिलों में भारी कमी आती है, बल्कि विद्यार्थियों को व्यावहारिक ज्ञान प्राप्त करने का एक आधुनिक मंच भी मिलता है। प्रदेश सरकार ने भी राज्य में ग्रीन एनर्जी को बढ़ावा देने के लिए अनेक कदम उठाए हैं।
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि प्रदेश सरकार तकनीकी शिक्षा प्रणाली को केवल किताबी तक सीमित न रखकर विद्यार्थियों के चहुंमुखी विकास पर केंद्रित कर रही है। इसी उद्देश्य से प्रदेश के तकनीकी संस्थानों में खेल और संगीत शिक्षकों की तैनाती करने का निर्णय लिया गया है। उन्होंने कहा कि संगीत विद्यार्थियों में रचनात्मकता और मानसिक संतुलन विकसित करने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाता है तथा इस व्यवस्था को इसी वर्ष लागू करने का प्रयास किया जा रहा है। इसके अतिरिक्त तकनीकी संस्थानों में एनसीसी शुरू करने के भी प्रयास किये जाएंगे।
राजेश धर्माणी ने कहा कि तकनीकी शिक्षण संस्थानों में कार्यरत उत्कृष्ट अध्यापकों को प्रोत्साहित करने के लिए राज्य पुरस्कार की व्यवस्था शुरू की गई है। इस वर्ष भी कड़े व निष्पक्ष मूल्यांकन मापदंडों के आधार पर 5 उत्कृष्ट शिक्षकों को राज्य पुरस्कार से सम्मानित किया गया है, जिसके परिणामस्वरूप राज्य के शिक्षक अब राष्ट्रीय स्तर पर भी अपनी पहचान बना रहे हैं।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने विद्यार्थियों के नवाचार एवं स्टार्टअप विचारों को प्रोत्साहित करने के लिए दो करोड़ रुपये का इनोवेशन फंड शुरू किया है। इसके तहत ऐसी व्यवहारिक परियोजनाओं और स्टार्टअप विचारों को सहायता प्रदान की जाएगी, जो किसी समस्या का समाधान करने के साथ-साथ व्यावसायिक संभावनाएं भी रखते हों। उन्होंने कहा कि एक स्टार्टअप के लिए अधिकतम 10 लाख रुपये तक की वित्तीय सहायता उपलब्ध करवाने का प्रावधान किया गया है। उन्होंने शिक्षकों से विद्यार्थियों के विचारों को विकसित करने, उनका मार्गदर्शन करने और उन्हें स्टार्टअप के लिए तैयार करने का आह्वान किया
तकनीकी शिक्षा मंत्री ने कहा कि विद्यार्थियों को बेहतर रोजगार के अवसर उपलब्ध करवाने के लिए राज्य स्तर पर रोजगार सेतु प्लेटफॉर्म तैयार किया गया है ताकि उद्योगों और तकनीकी संस्थानों को एक मंच पर लाना है, ताकि विभिन्न औद्योगिक इकाइयों में उपलब्ध रोजगार के अवसरों की जानकारी विद्यार्थियों तक पहुंचाई जा सके।
राजेश धर्माणी ने कहा कि विद्यार्थियों को वैश्विक तकनीकी विकास से परिचित करवाने के लिए अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट आयोजित किये जा रहे है। अब तक आईटीआई और इंजीनियरिंग संस्थानों के 74 विद्यार्थियों को कजाकिस्तान और जापान की एक्सपोजर विजिट करवाई गई है। इनमें 30 विद्यार्थी कजाकिस्तान और 44 विद्यार्थी जापान गए। उन्होंने कहा कि इन यात्राओं का उद्देश्य विद्यार्थियों को अंतरराष्ट्रीय स्तर की तकनीकी शिक्षा, उद्योग, नवाचार और कार्य संस्कृति से परिचित करवाना है। आगामी चरण में पॉलिटेक्निक और फार्मेसी के विद्यार्थियों को भी अंतरराष्ट्रीय एक्सपोजर विजिट पर भेजा जाएगा। इसके लिए निर्धारित पात्रता एवं मेरिट के आधार पर विद्यार्थियों का चयन किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि कॉलेज में बेहतर मंच तथा खेल मैदान का भी विकास किया जाएगा। इसके अतिरिक्त कंप्यूटर साइंस का एक नया पाठ्यक्रम सरकारी या निजी स्तर पर शुरू करने का भी प्रयास किया जाएगा।
इस अवसर पर के.के. फाउंडेशन के अध्यक्ष के.के. कश्यप, प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक कुमार तथा परमवीर चक्र कैप्टन संजय कुमार ने भी अपने विचार साझा किये।
इससे पूर्व कॉलेज की प्राचार्य अनिता जोशी ने मुख्य अतिथि का स्वागत किया तथा कॉलेज की विस्तृत जानकारी प्रदान की।
इस अवसर पर प्रदेश कांग्रेस कमेटी के महासचिव विवेक कुमार, सेवानिवृत्त कर्नल जसवंत सिंह चंदेल, जिला कोऑपरेटिव सोसायटी के चेयरमैन रणजीत कश्यप, एसडीएम अर्शिया शर्मा, संयुक्त निदेशक तकनीकी शिक्षा दिनेश शर्मा,कॉलेज प्राचार्य अनिता जोशी, विभिन्न विभागों के अधिकारी, कॉलेज के अध्यापकों सहित अनेक गणमान्य व्यक्ति उपस्थित रहे।