रेडक्राॅस और ओएसए के लक्की ड्राॅ से जुटाई राशि जरूरतमंदों की मदद पर होगी खर्च: उपायुक्त
राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के शताब्दी वर्ष पर 100 पुरस्कारों वाला ‘रेडक्राॅस-ओएसए लक्की ड्राॅ लाॅन्च
धर्मशाला, 3 सितंबर: राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 100 वर्ष पूरे होने के उपलक्ष्य में आयोजित किए जा रहे सेंटेनरी सेलिब्रेशन के तहत ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन (ओएसए), गवर्नमेंट काॅलेज धर्मशाला ने जिला रेडक्राॅस सोसाइटी कांगड़ा के सहयोग से ‘रेडक्राॅस-ओएसए लकी ड्राॅॉ की शुरुआत की। इस पहल का शुभारंभ उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा की गरिमामयी उपस्थिति में किया गया।
इस अवसर पर उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने कहा कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के शताब्दी समारोह के तहत ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन द्वारा की जा रही विभिन्न गतिविधियां सराहनीय हैं। जिला रेडक्राॅस सोसाइटी इस पहल में सहयोग करते हुए लक्की ड्राॅ की गतिविधि को व्यवस्थित रूप से संचालित करेगी। उन्होंने कहा कि इस पहल से रेडक्राॅस को प्राप्त होने वाली राशि का उपयोग गरीब, जरूरतमंद और बीमार लोगों की सहायता के लिए किया जा सकेगा।
उन्होंने ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन को इस महत्वपूर्ण पहल के लिए शुभकामनाएं देते हुए कहा कि 100 पुरस्कारों का यह कन्सेप्ट महाविद्यालय के 100 वर्ष पूरे होने के उत्सव को सामाजिक सरोकारों से जोड़ने का बेहतर प्रयास है।
ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के अध्यक्ष संजीव गांधी ने बताया कि राजकीय महाविद्यालय धर्मशाला के 100 वर्ष पूरे होने के अवसर पर एसोसिएशन द्वारा इस वर्ष ‘100 साल 100 पहल’ की थीम के तहत विभिन्न गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इसी श्रृंखला में जिला रेडक्राॅस सोसाइटी के साथ मिलकर लक्की ड्राॅॉ का आयोजन एक महत्वपूर्ण पहल है। लक्की ड्राॅॉ के माध्यम से 100 आकर्षक पुरस्कार दिए जाएंगे तथा पुरस्कारों की कीमत लाखों में रहेगी।
उन्होंने कहा कि ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन द्वारा हर वर्ष लेगेसी अवाॅर्ड के माध्यम से उत्कृष्ट विद्यार्थियों को लाखों रुपये की छात्रवृत्तियां प्रदान की जाती हैं। इस वर्ष एसोसिएशन ने अपनी सामाजिक जिम्मेदारी को और विस्तार देते हुए रेडक्राॅस के साथ संयुक्त रूप से जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए यह पहल की है।
उन्होंने बताया कि ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन की ओर से सेंटेनरी वर्ष के दौरान 100 समाइल्स, 100 ड्राॅज, 100 चांस, 100 स्टार्स, 100 ड्रीम्स, 100 चीयर, 100 मोमेंट्स, 100 मेमोरीज, 100 रीजन्स और 100 रिवार्ड्स सहित अनेक गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं।
इस अवसर पर जिला रेडक्राॅस सोसाईटी के सचिव ओपी शर्मा, ओल्ड स्टूडेंट्स एसोसिएशन के महासचिव अश्वनी कौल, संयुक्त सचिव परविदर सिंह, मीडिया प्रभारी दिनेश शर्मा, प्रेस सचिव पवन शर्मा, सदस्य आरके महाजन, एनडी शर्मा, द्वारका प्रसाद सहित अन्य पदाधिकारी एवं सदस्य उपस्थित रहे।
========================================
नड्डी क्षेत्र में पेयजल पाईपें टूटने से धर्मशाला शहर की पेयजल आपूर्ति प्रभावित
जल शक्ति विभाग ने बहाली कार्य प्राथमिकता के आधार पर शुरू किया, जल्द सामान्य होगी आपूर्ति
धर्मशाला, 3 सितंबर: नड्डी क्षेत्र में भारी भूस्खलन के कारण धर्मशाला टाउन वाटर सप्लाई स्कीम को पेयजल उपलब्ध करवाने वाली मुख्य ग्रेविटी पाइपलाइनों को नुकसान पहुंचा है। इसके चलते धर्मशाला शहर के विभिन्न क्षेत्रों में पेयजल आपूर्ति प्रभावित हुई है।
इस संबंध में जल शक्ति विभाग, धर्मशाला के अधिशासी अभियंता सुमित कटोच ने जानकारी देते हुए बताया कि नड्डी स्थित वाटर ट्रीटमेंट प्लांट से धर्मशाला शहर को प्रतिदिन करीब 4.40 एमएलडी पेयजल की आपूर्ति की जाती है। लगातार हो रही बारिश के कारण नड्डी क्षेत्र में भूस्खलन होने से पेयजल आपूर्ति व्यवस्था में व्यवधान उत्पन्न हुआ है।
उन्होंने बताया कि जल शक्ति विभाग की टीम को मौके पर तैनात कर दिया गया है तथा क्षतिग्रस्त पेयजल लाइनों की मरम्मत एवं आपूर्ति बहाली का कार्य प्राथमिकता के आधार पर किया जा रहा है। हालांकि, क्षेत्र में लगातार बारिश और जमीन के अस्थिर होने के कारण बहाली कार्य में कुछ समय लग सकता है। विभाग की टीम परिस्थितियों पर लगातार नजर बनाए हुए है और सुरक्षित तरीके से कार्य को शीघ्र पूरा करने के प्रयास किए जा रहे हैं।
अधिशासी अभियंता ने बताया कि धर्मशाला शहर में पेयजल आपूर्ति को सुचारू बनाए रखने के लिए धार प्लांट के साथ-साथ दाड़ी बाईपास से भी पेयजल की आपूर्ति की जा रही है। विभाग द्वारा उपलब्ध वैकल्पिक स्रोतों के माध्यम से प्रभावित क्षेत्रों में पेयजल उपलब्ध करवाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
उन्होंने शहरवासियों से अपील की है कि पेयजल आपूर्ति सामान्य होने तक उपलब्ध पानी का सावधानीपूर्वक एवं आवश्यकता के अनुसार उपयोग करें तथा अनावश्यक पानी की खपत से बचें। उन्होंने कहा कि विभाग की ओर से पेयजल आपूर्ति को जल्द से जल्द सामान्य करने के लिए हरसंभव प्रयास किए जा रहे हैं और स्थिति सामान्य होते ही नियमित आपूर्ति बहाल कर दी जाएगी।
उन्होंने पेयजल उपभोक्ताओं से सहयोग बनाए रखने की अपील करते हुए कहा कि लगातार बारिश एवं भूस्खलन की परिस्थितियों को देखते हुए सभी लोग पानी का विवेकपूर्ण उपयोग करें। विभाग ने आश्वस्त किया है कि बहाली कार्य में किसी प्रकार की अनावश्यक देरी न हो, इसके लिए संबंधित अधिकारियों और कर्मचारियों द्वारा लगातार कार्य किया जा रहा है।
==================================================
देहरा में मेन चौक से सिविल सप्लाई गोदाम तक नो-पार्किंग जोन घोषित
धर्मशाला, 3 सितम्बर। देहरा शहर में यातायात व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा ट्रैफिक जाम की समस्या से निजात दिलाने के उद्देश्य से उपायुक्त कांगड़ा हेमराज बैरवा ने अधिसूचना जारी कर मेन चौक से सिविल सप्लाई गोदाम, देहरा तक की सड़क को नो-पार्किंग जोन घोषित किया है।
उपायुक्त ने बताया कि सड़क पर बेतरतीब ढंग से वाहन खड़े किए जाने के कारण क्षेत्र में बार-बार ट्रैफिक जाम की स्थिति उत्पन्न होती है। इसके अलवा पैदल चलने वाले लोगों की सुरक्षा, स्कूली बच्चों की आवाजाही, सब-डिविजनल आयुर्वेदिक अस्पताल तक सुगम पहुंच तथा आपातकालीन वाहनों की निर्बाध आवाजाही को ध्यान में रखते हुए यह निर्णय लिया गया है।
उन्होंने लोक निर्माण विभाग को इस सड़कमार्ग पर नो-पार्किंग जोन के साइन बोर्ड स्थापित करने के निर्देश दिए हैं। साथ ही, पुलिस प्रशासन को नो-पार्किंग संबंधी प्रावधानों की प्रभावी अनुपालना सुनिश्चित करने को कहा गया है।
उपायुक्त ने कहा कि नो-पार्किंग जोन में नियमों की अवहेलना करने वाले वाहन चालकों के विरुद्ध नियमानुसार चालान की कार्रवाई की जाएगी तथा आवश्यकता पड़ने पर संबंधित वाहनों को टो भी किया जा सकता है।