हिसार, 03.09.26- श्री प्रयागगिरि शिवालय मंदिर ट्रस्ट में 4 सितंबर को आयोजित होने वाले जन्माष्टमी उत्सव की तैयारियों को लेकर एक महत्वपूर्ण बैठक ट्रस्ट के प्रधान बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुई। जिसमें जन्माष्टमी उत्सव की तैयारियों की समीक्षा करते हुए अंतिम रूप दिया गया। ट्रस्ट के प्रधान बजरंग गर्ग ने संबोधित करते हुए कहा कि श्री प्रयागगिरि शिवालय मंदिर ट्रस्ट में 4 सितंबर को जन्माष्टमी उत्सव भव्य एवं धार्मिक श्रद्धा के साथ मनाया जाएगा। इस अवसर पर कलकत्ता के कलाकारों द्वारा भगवान श्रीकृष्ण, भगवान गणेश, नरसिंह अवतार, भगवान विष्णु एवं माता लक्ष्मी, भगवान विष्णु का कूर्म अवतार, भगवान श्रीकृष्ण द्वारा कारागार से मुक्ति, गोवर्धन लीला, वासुदेव जी, बांसुरी बजाते हुए श्रीकृष्ण, पर्वत पर विराजमान भगवान शिव, राधा-कृष्ण की मनमोहक जोड़ी, भगवान राम दरबार एवं हनुमान जी, गुरुद्वारा, भगवान शिव-पार्वती सहित विभिन्न धार्मिक एवं आकर्षक विशाल झांकियां तैयार की गई हैं। बजरंग गर्ग ने बताया कि जन्माष्टमी उत्सव शाम 6 बजे से रात्रि 12 बजे तक आयोजित होगा। रात्रि 12 बजे भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव को भव्य रूप से मनाया जाएगा। इसके पश्चात श्रद्धालुओं के लिए प्रसाद एवं भंडारे की व्यवस्था रहेगी।जन्माष्टमी के अवसर पर कलाकारों एवं विद्यार्थियों द्वारा भव्य सांस्कृतिक एवं धार्मिक कार्यक्रम भी प्रस्तुत किए जाएंगे।बजरंग गर्ग ने कहा कि भगवान श्रीकृष्ण का जीवन हमें साहस, प्रेम, सत्य, धर्म और कर्म के मार्ग पर चलने की प्रेरणा देता है। जन्माष्टमी भगवान श्रीकृष्ण के जन्मोत्सव के रूप में मनाई जाती है और यह आस्था, दया, साहस तथा बुराई पर अच्छाई की विजय का पर्व है।उन्होंने कहा कि हम सभी को भगवान श्रीकृष्ण के संदेशों को अपने जीवन में अपनाते हुए सत्य, धर्म और सकारात्मक कर्म का पालन करना चाहिए।
इस अवसर पर नारायण दास बंसल, कैलाश चौधरी, रमेश लोहिया, सुरेंद्र सिंगला, प्रवीण जैन, ओमप्रकाश असीजा, जगत नारायण, रमेश पटवारी, सतेंद्र गोयल, गंगा प्रसाद मौर्य, श्रीमती अंगूरी देवी, अनीता गर्ग, सुनीता पूनिया, जसराम वर्मा, सुनील शर्मा, दीपक कुमार, मनीष चावला आदि प्रतिनिधियों अपने सुझाव दिए।