भराड़ी (बिलासपुर), 29 अगस्त: नगर व ग्राम नियोजन, आवास, तकनीकी शिक्षा, व्यावसायिक और औद्योगिक प्रशिक्षण मंत्री राजेश धर्माणी ने आज घुमारवीं विधानसभा क्षेत्र के अंतर्गत लोक निर्माण विभाग विश्राम गृह भराड़ी में मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के अंतर्गत आयोजित जनसंवाद कार्यक्रम में बतौर मुख्यातिथि शिरकत की। उन्होंने इस दौरान 6 ग्राम पंचायतों कुठेड़ा मरहाणा, घंडालवीं, लैहड़ी सरेल, भराड़ी और लंझता के परिवारों से संवाद किया। इस दौरान उन्होंने लोगों को योजना के उद्देश्य, पात्रता एवं मिलने वाले लाभों की जानकारी दी तथा उनकी समस्याएं एवं सुझाव भी सुने।
इस मौके पर तकनीकी शिक्षा मंत्री राजेश धर्माणी ने कहा कि मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू के नेतृत्व में प्रदेश सरकार ने अति निर्धन और जरूरतमंद परिवारों की सामाजिक एवं आर्थिक सुरक्षा सुनिश्चित करने के उद्देश्य से ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना शुरू की है। इस योजना का उद्देश्य समाज की अंतिम पंक्ति में खड़े उन परिवारों तक सरकार की सहायता पहुंचाना है, जिन्हें इसकी सबसे अधिक आवश्यकता है। उन्होंने कहा कि इस योजना के अंतर्गत शामिल पात्र परिवारों को हर माह 1,500 रुपये की आर्थिक सहायता, 300 यूनिट तक मुफ्त बिजली, 10 लाख रुपये तक का स्वास्थ्य बीमा कार्ड तथा मकान बनाने के लिए आर्थिक सहायता प्रदान करने का प्रावधान किया गया है।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार ने व्यवस्था परिवर्तन के माध्यम से शासन-प्रशासन को आम आदमी के और करीब लाने का प्रयास किया है। सरकार की प्राथमिकता है कि सरकारी योजनाओं का लाभ वास्तविक पात्र व्यक्ति तक पहुंचे। सरकारी संसाधनों का उचित उपयोग करते हुए ऐसी योजनाएं बनाई जा रही हैं, जिनसे समाज के सबसे जरूरतमंद वर्ग को सीधा लाभ मिल सके। उन्होंने कहा कि आगामी 2 अक्टूबर को प्रदेश सरकार इस योजना की शुरुआत की जाएगी।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश में जरूरतमंद वर्गों की परिस्थितियों को ध्यान में रखते हुए सरकार ने विभिन्न कल्याणकारी योजनाएं शुरू की हैं। सत्ता में आने के बाद सबसे पहले अनाथ बच्चों की चिंता करते हुए ‘सुख-आश्रय योजना’ शुरू की गई। प्रदेश में लगभग 6,000 अनाथ बच्चों को इस योजना के माध्यम से सहायता प्रदान की जा रही है।

उन्होंने कहा कि विधवा एवं अन्य जरूरतमंद महिलाओं के बच्चों की शिक्षा को लेकर भी प्रदेश सरकार ने महत्वपूर्ण पहल की है। ‘इंदिरा गांधी सुख-शिक्षा योजना’ के तहत पात्र बच्चों की पढ़ाई के लिए आर्थिक सहायता उपलब्ध करवाई जा रही है। उन्होंने पात्र परिवारों से इस योजना का लाभ उठाने का आग्रह किया। योजना के आवेदन आंगनवाड़ी कार्यकर्ताओं अथवा संबंधित सीडीपीओ कार्यालय के माध्यम से किए जा सकते हैं। उन्होंने कहा कि जिन परिवारों की वार्षिक आय 12 लाख रुपये तक है, उनके बच्चों को उच्च शिक्षा के लिए आर्थिक कठिनाइयों का सामना न करना पड़े, इसके लिए डॉ. वाई.एस. परमार विद्यार्थी ऋण योजना शुरू की गई है। इसके तहत 20 लाख रुपये तक का शिक्षा ऋण केवल एक प्रतिशत ब्याज दर पर उपलब्ध करवाने का प्रावधान है।
राजेश धर्माणी ने कहा कि प्रदेश सरकार किसानों और पशुपालकों की आर्थिक स्थिति मजबूत करने के लिए भी लगातार कदम उठा रही है। भैंस के दूध का सरकारी खरीद मूल्य 80 रुपये तथा गाय के दूध का खरीद मूल्य 61 रुपये प्रति लीटर निर्धारित किया गया है। प्राकृतिक रूप से उगाए गए गेहूं का खरीद मूल्य 40 रुपये तथा मक्की का 30 रुपये प्रति किलोग्राम निर्धारित किया गया है। इसी प्रकार कच्ची हल्दी की सरकारी खरीद 150 रुपये तथा अदरक की खरीद 30 रुपये प्रति किलोग्राम के हिसाब से करने का प्रावधान है। उन्होंने कहा कि इन पहलों का उद्देश्य मेहनत और परिश्रम से कृषि एवं पशुपालन करने वाले परिवारों को उनकी उपज का उचित मूल्य उपलब्ध करवाकर उनकी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ करना है।
उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के तहत अति निर्धन परिवारों के चयन का अंतिम चरण चल रहा है। ऐसे परिवार जिनकी वार्षिक आय 75,000 रुपये से कम है और जो निर्धारित मानदंडों में आते हैं, वह आगामी 20 सितम्बर तक आवेदन कर सकते हैं। उन्होंने पात्र परिवारों से निर्धारित समय सीमा के भीतर आवेदन करने का आग्रह किया।
जनसंवाद कार्यक्रम के दौरान 6 ग्राम पंचायतों से पहुंचे परिवारों ने मंत्री के समक्ष योजना से संबंधित विभिन्न प्रश्न रखे तथा अपनी समस्याएं एवं सुझाव साझा किए। मंत्री ने लोगों की समस्याओं को ध्यानपूर्वक सुना और पात्र परिवारों को योजना का लाभ लेने के लिए निर्धारित प्रक्रिया के अनुसार समय पर आवेदन करने का आग्रह किया।
इससे पहले खंड विकास अधिकारी अभिषेक शर्मा ने ‘अपना परिवार सुखी परिवार’ योजना के बारे में विस्तार से जानकारी प्रदान की तथा योजना के पात्रता मानदंड, लाभ और आवेदन प्रक्रिया से लोगों को अवगत करवाया।
कार्यक्रम में स्थानीय प्रधान अंजना शर्मा, पंचायत समिति अध्यक्ष उषा देवी, ब्लॉक कांग्रेस कमेटी अध्यक्ष चंबेल सिंह, प्रधान नीलम शर्मा, उप प्रधान हेमराज शर्मा सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।