प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी सतनाम सिंह ग्रोवर ने रेड क्रॉस सोसाइटी को 50 हजार रुपये का चैक किया भेंट
चंबा, 25 अगस्त-उपायुक्त एवं अध्यक्ष जिला रेड क्रॉस सोसाइटी मुकेश रेपस्वाल से आज चंबा के प्रसिद्ध व्यवसायी एवं समाजसेवी सतनाम सिंह ग्रोवर ने उनके कार्यालय कक्ष में शिष्टाचार भेंट की। इस दौरान उन्होंने जिला रेड क्रॉस सोसाइटी चंबा के लिए 50 हजार रुपये का चैक प्रदान किया।
मुकेश रेपस्वाल ने सतनाम सिंह ग्रोवर
द्वारा दिए गए इस सहयोग की सराहना करते हुए कहा कि जरूरतमंद लोगों की सहायता के लिए व्यक्तिगत स्तर पर किया गया योगदान मानवीय संवेदनाओं और सामाजिक जिम्मेदारी की भावना को दर्शाता है। उन्होंने कहा कि ऐसे प्रयास जरूरतमंद लोगों को सहारा देने के साथ-साथ परस्पर सहयोग और सेवा भावना को भी मजबूत करते हैं।
उपायुक्त ने कहा कि रेड क्रॉस सोसाइटी पीड़ित मानवता की सेवा करने के साथ जरूरतमंद लोगों को विभिन्न अवसरों पर सहायता उपलब्ध करवाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभा रही है। उन्होंने समाज के सक्षम वर्ग से भी आह्वान किया कि वे अपनी सामर्थ्य के अनुसार सामाजिक कार्यों में योगदान अवश्य दें और जरूरतमंद लोगों की मदद के लिए आगे आएं।
उपायुक्त ने इस दौरान सतनाम सिंह ग्रोवर को शॉल एवं टोपी भेंट सम्मानित भी किया।
अतिरिक्त उपायुक्त अमित मैहरा इस अवसर पर उपस्थित रहे।
===========================================
जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय के तहत रोगी कल्याण समिति की बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
चिकित्सालय में विभिन्न सेवाओं के शुल्क निर्धारण एवं वृद्धि को मंजूरी
लोगों की सुविधा के लिए विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर किए जाएं आयोजित — मुकेश रेपस्वाल
चंबा, अगस्त 25 -उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में जिला आयुर्वेदिक चिकित्सालय की रोगी कल्याण समिति के तहत गवर्निंग बॉडी (शासकीय निकाय) की बैठक का आयोजन आज उपायुक्त कार्यालय के सभागार में किया गया।
उपायुक्त ने इस दौरान चिकित्सालय द्वारा संचालित विभिन्न गतिविधियों की विस्तृत समीक्षा करते हुए संस्थान की आय के साधनों को बढ़ाने के लिए आवश्यक कदम उठाने को निर्देशित किया।
उन्होंने लोगों की सुविधा के दृष्टिगत नगर परिषद चंबा के सहयोग से जिला मुख्यालय सहित विभिन्न वार्डों में नियमित रूप से विशेष स्वास्थ्य जांच शिविर आयोजित के भी निर्देश दिए।
बैठक में वित्त वर्ष 2026-27 के अंतर्गत 11 लाख 43 हजार रुपये की राशि के लिए पूर्व में ली गई अनुमति को कार्योतर
स्वीकृति के रूप में अनुमोदन प्रदान किया गया। इसके अतिरिक्त लंबित 1 लाख 46 हजार रुपये की भुगतान राशि से संबंधित प्रस्ताव का भी अनुमोदन किया गया।
बैठक में रोगी पर्ची शुल्क एवं स्वर्णप्राशन शुल्क निर्धारित करने तथा विभिन्न सेवाओं के शुल्क में वृद्धि के प्रस्ताव को भी अनुमोदित किया गया। इसके अंतर्गत रोगी पर्ची शुल्क 10 रुपये, सात दिन के मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र का शुल्क 200 रुपये, ड्राइविंग लाइसेंस के लिए मेडिकल फिटनेस प्रमाण पत्र का शुल्क 100 रुपये, फूड हैंडलर मेडिकल फिटनेस एवं गन लाइसेंस का शुल्क 180 रुपये, स्वर्णप्राशन शुल्क 30 रुपये तथा फर्स्ट एड कोर्स के लिए मेडिकल फीस 1000 रुपये निर्धारित करने के प्रस्ताव को स्वीकृति प्रदान की गई।
इस दौरान संस्थान द्वारा किए जाने वाले विभिन्न प्रकार के 15 रक्त जांच परीक्षणों के लिए निर्धारित शुल्क को भी अनुमोदित किया गया।
बैठक में चिकित्सालय के पंचकर्म पाठशाला के निर्माण को 3 लाख, लैब अभिकर्मक के लिए 1 लाख 50 हजार, आवश्यक सामग्री क्रय करने के लिए 1 लाख 48 हजार, विभिन्न व्यवस्थाओं को सुचारू रखने के लिए 2 लाख 20 हजार, बायोमेडिकल बेस्ट प्रबंधन को 1 लाख 35 हजार, साफ सफाई व्यवस्था के लिए
5 लाख की राशि का अनुमोदन किया गया।
बैठक में जिला आयुष अधिकारी डॉ. अनीता शर्मा ने स्वागत संबोधन रखा। चिकित्सा अधिकारी डॉ. कुलविंदर संधू ने संस्थान से संबंधित महत्वपूर्ण जानकारियां साझा की। कार्यवाही का संचालन डॉ. दीपिका ने किया।
बैठक में गवर्निंग बॉडी के सरकारी तथा गैर सरकारी सदस्यों भाग लिया।
अध्यक्ष जिला परिषद रेखा कुमारी, अध्यक्ष नगर परिषद भुवनेश्वरी गुलाटी, गैर सरकारी सदस्य सुरेश ठाकुर, विजय कुमार, चिकित्सा स्वास्थ्य अधिकारी (एमओएच) डॉ. कविता महाजन,जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, जिला कार्यक्रम अधिकारी महिला एवं बाल विकास कमल किशोर, प्राचार्य राजकीय उत्कृष्ट स्नातकोत्तर महाविद्यालय चंबा राकेश राठौर, सहायक अभियंता तेजू राम ठाकुर, दिनेश कुमार, ओएसडी शिक्षा उमाकांत आनंद सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी बैठक में उपस्थित रहे।
======================================================
उपायुक्त ने पक्काटाला- बालू संपर्क मार्ग के क्षतिग्रस्त हिस्से का किया निरीक्षण
संबंधित अधिकारियों को दिए आवश्यक निर्देश
चम्बा, 25 अगस्त-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने आज पक्काटाला- बालू संपर्क मार्ग के तहत राजकीय माध्यमिक विद्यालय पक्काटाला के समीप क्षतिग्रस्त सड़क का स्थलीय निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने लोक निर्माण विभाग तथा नगर परिषद के वरिष्ठ अधिकारियों को सड़क के पुनर्निर्माण कार्य को लेकर शीघ्र प्राक्कलन तैयार करने के निर्देश दिए, ताकि निर्माण कार्य में अनावश्यक विलंब न हो।
उपायुक्त ने नगर परिषद के अधिकारियों को निर्देश देते हुए कहा कि कूड़ा-कचरा निष्पादन की प्रक्रिया में किसी भी प्रकार की कोताही न बरती जाए। उन्होंने पक्काटाला में निरीक्षण के दौरान पाया कि बड़ी मात्रा में कूड़ा-कचरा अभी भी लोगों द्वारा खुले में फेंका जा रहा है। इस पर उन्होंने नगर परिषद को निर्देश दिए कि खुले में कूड़ा-कचरा फेंकने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कड़ी कार्रवाई अमल में लाई जाए।
उन्होंने शहरवासियों से भी आग्रह किया कि वे कूड़ा-कचरा खुले में न फेंकें तथा इसके उचित निष्पादन में नगर परिषद का सहयोग करें, ताकि शहर को स्वच्छ एवं सुंदर बनाए रखने में सभी की सहभागिता सुनिश्चित हो सके।
उपायुक्त ने लोक निर्माण विभाग को निर्देश दिए कि पकाट्टाला क्षेत्र में वर्षा एवं अन्य जल की निकासी के लिए वैकल्पिक व्यवस्था तलाशने के प्रयास किए जाएं, ताकि पानी की निकासी के लिए उचित प्रावधान सुनिश्चित किया जा सके।
इस दौरान उपायुक्त ने पकाट्टाला स्थित पशुपालन विभाग के कार्यालय परिसर में प्रस्तावित पशु जन्म नियंत्रण भवन के लिए चिन्हित स्थल का भी निरीक्षण किया तथा नगर परिषद के अधिकारियों को इस संबंध में आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
निरीक्षण के दौरान स्थानीय लोगों ने उपायुक्त को क्षेत्र की विभिन्न समस्याओं से भी अवगत करवाया। उपायुक्त ने संबंधित अधिकारियों को लोगों द्वारा उठाई गई समस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
इस अवसर पर उपमंडलाधिकारी चिराग शर्मा, वरिष्ठ कार्यकारी अधिकारी नगर परिषद राशि कौशल, अधिशासी अभियंता कनाव बड़ोत्रा, पार्षद तन्नवी गोस्वामी, सहायक अभियंता दिनेश कुमार, कनिष्ठ अभियंता नीतिका ठाकुर सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
==============================================
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित कार्यों की निविदा प्रक्रिया में लाएं तेजी : उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
15 अक्तूबर तक प्रक्रिया पूर्ण करने के निर्देश
प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम की समीक्षा बैठक आयोजित
चम्बा, 25 अगस्त-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने लोक निर्माण विभाग को प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित सभी विकासात्मक कार्यों की निविदा प्रक्रिया में तेजी लाने के निर्देश दिए हैं। उन्होंने कहा कि सभी कार्यों की निविदा प्रक्रिया 15 अक्तूबर तक पूर्ण करना सुनिश्चित करें, ताकि विकासात्मक कार्यों को समयबद्ध तरीके से शुरू किया जा सके।
उपायुक्त आज प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत प्रस्तावित विकासात्मक कार्यों की समीक्षा बैठक की अध्यक्षता करते हुए बोल रहे थे।
उन्होंने बताया कि प्रधानमंत्री जन विकास कार्यक्रम के तहत अल्पसंख्यक समुदाय बहुल क्षेत्रों में चार विकासात्मक कार्य किए जाना प्रस्तावित हैं। इनमें राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला डियूर, औद्योगिक प्रशिक्षण संस्थान भंजराडू, इनडोर स्टेडियम तीसा तथा इनडोर स्टेडियम भंजराडू शामिल हैं।
उपायुक्त ने संबंधित उपमंडलाधिकारियों, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग, जिला कल्याण अधिकारी तथा जिला खेल अधिकारी को निर्देश दिए कि निर्माण कार्यों की प्रगति पर नियमित निगरानी रखें तथा सभी आवश्यक औपचारिकताएं समयबद्ध पूर्ण करें।
उन्होंने कहा कि निर्माण कार्य पूर्ण होने से पूर्व सभी प्रस्तावित उपकरणों तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं का प्राक्कलन तैयार करना सुनिश्चित किया जाए, ताकि कार्य पूर्ण होने के बाद किसी प्रकार की समस्या का सामना न करना पड़े। उन्होंने अधिकारियों को आपसी समन्वय के साथ कार्य करने तथा विकासात्मक कार्यों में अनावश्यक विलंब न होने देने के निर्देश भी दिए।
जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर ने उपायुक्त को अवगत करवाया कि योजना के तहत किए जाने वाले सभी विकासात्मक कार्यों की निविदा प्रक्रिया पूर्ण की जा रही है।
इस अवसर पर उपनिदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, जिला कल्याण अधिकारी मंजुल ठाकुर, जिला खेल अधिकारी रूपेश कुमार सहित उपमंडलाधिकारी सलूणी तथा अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण विभाग वर्चुअल माध्यम से बैठक में जुड़े रहे।