स्वतंत्रता दिवस समारोह की तैयारियों को लेकर उपायुक्त राहुल कुमार ने की समीक्षा बैठक

बिलासपुर, 28 जुलाई-जिला मुख्यालय स्थित बचत भवन में 80 वें स्वतंत्रता दिवस के जिला स्तरीय समारोह की तैयारियों को लेकर मंगलवार को एक महत्वपूर्ण बैठक आयोजित की गई। बैठक की अध्यक्षता उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने की। बैठक में समारोह के सफल, सुव्यवस्थित एवं गरिमापूर्ण आयोजन को लेकर सभी संबंधित विभागों के साथ विस्तार से चर्चा की गई तथा विभिन्न व्यवस्थाओं की समीक्षा करते हुए अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश जारी किए गए।
उपायुक्त राहुल कुमार ने बताया कि जिला स्तरीय स्वतंत्रता दिवस समारोह 15 अगस्त को आदर्श राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (छात्र), बिलासपुर के प्रांगण में आयोजित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार के निर्देशानुसार इस वर्ष भी स्वतंत्रता दिवस पूरे उत्साह, देशभक्ति एवं गरिमा के साथ मनाया जाएगा। समारोह के प्रत्येक आयोजन को सुव्यवस्थित एवं समयबद्ध ढंग से संपन्न कराने के लिए सभी विभाग आपसी समन्वय के साथ कार्य करें।

उन्होंने निर्देश दिए कि जिले के सभी गणमान्य व्यक्तियों, स्वतंत्रता सेनानियों एवं उनके परिजनों को समय पर निमंत्रण पत्र भेजना सुनिश्चित किया जाए, ताकि वे समारोह में सम्मानपूर्वक भाग ले सकें। उन्होंने कहा कि समारोह में जिले के सभी विभागाध्यक्ष, जिला स्तरीय अधिकारी तथा संबंधित विभागों के अधिकारी एवं कर्मचारी अनिवार्य रूप से उपस्थित रहेंगे। बैठक में स्वतंत्रता दिवस समारोह की विभिन्न व्यवस्थाओं के लिए विभागवार जिम्मेदारियां निर्धारित की गईं। उपायुक्त ने पुलिस विभाग को परेड में भाग लेने वाली टुकड़ियों का चयन, नियमित रिहर्सल तथा सभी आवश्यक तैयारियां समय पर पूर्ण करने के निर्देश दिए। साथ ही समारोह स्थल पर सुरक्षा व्यवस्था, यातायात प्रबंधन, पार्किंग एवं ट्रैफिक व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने के लिए भी आवश्यक प्रबंध सुनिश्चित करने को कहा।

उन्होंने कार्यकारी अधिकारी, नगर परिषद को शहीद स्मारक की साफ-सफाई एवं सौंदर्यीकरण सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। इसके अतिरिक्त समारोह स्थल पर पंडाल, मंच, बैठक व्यवस्था, पेयजल, विद्युत, स्वच्छता तथा अन्य मूलभूत सुविधाओं की समय पर व्यवस्था सुनिश्चित करने के निर्देश संबंधित विभागों को दिए।
उपायुक्त ने कहा कि स्कूली विद्यार्थियों द्वारा प्रस्तुत किए जाने वाले सांस्कृतिक कार्यक्रमों का निर्धारण शिक्षा विभाग तथा भाषा एवं संस्कृति विभाग के समन्वय से किया जाएगा। उन्होंने संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए कि सांस्कृतिक कार्यक्रमों की नियमित रिहर्सल करवाई जाए तथा विद्यार्थियों के लिए आवश्यक सभी व्यवस्थाएं समय रहते सुनिश्चित की जाएं।

उन्होंने कहा कि स्वतंत्रता दिवस के अवसर पर जिले में सरकारी एवं गैर-सरकारी क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाले व्यक्तियों को सम्मानित किया जाएगा। इसके लिए सभी विभाग अपने-अपने स्तर पर पात्र व्यक्तियों की अनुशंसित सूची 10 अगस्त से पूर्व उपायुक्त कार्यालय को अनिवार्य रूप से भेजना सुनिश्चित करें।
उपायुक्त ने कहा कि स्वतंत्रता दिवस राष्ट्रीय गौरव एवं देशभक्ति का पर्व है। सभी विभाग अपनी-अपनी जिम्मेदारियों का समयबद्ध एवं गंभीरता से निर्वहन करें तथा आपसी समन्वय के साथ कार्य करते हुए समारोह को भव्य, अनुशासित एवं यादगार बनाने में योगदान दें।
बैठक में अतिरिक्त उपायुक्त रुपिंदर कौर, एसडीएम सदर राजकुमार सहित सभी विभागाध्यक्ष, जिला स्तरीय अधिकारी उपस्थित रहे।