शाहपुर हॉस्पिटल में अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का शुभारंभ, हजारों लोगों को मिलेगा लाभ : केवल सिंह पठानिया
शाहपुर, 2 जून-शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सोमवार को नागरिक अस्पताल शाहपुर में लगभग 28 लाख रुपये की लागत से स्थापित अत्याधुनिक अल्ट्रासाउंड मशीन का विधिवत शुभारंभ किया।
इस अवसर पर उन्होंने कहा कि इस नई सुविधा के शुरू होने से शाहपुर विधानसभा क्षेत्र के साथ-साथ ज्वाली विधानसभा क्षेत्र तथा चंबा जिले के भटियात क्षेत्र के हजारों लोगों को सीधा लाभ मिलेगा।
उन्होंने बताया कि पिछले कई वर्षों से अस्पताल में अल्ट्रासाउंड सुविधा उपलब्ध न होने के कारण विशेष रूप से गरीब एवं जरूरतमंद लोगों को जांच के लिए टांडा मेडिकल कॉलेज का रुख करना पड़ता था, जिससे समय और धन दोनों की अतिरिक्त परेशानी उठानी पड़ती थी। अब यह सुविधा स्थानीय स्तर पर उपलब्ध होने से लोगों को बड़ी राहत मिलेगी।
केवल सिंह पठानिया ने इस महत्वपूर्ण सुविधा के लिए प्रदेश के मुख्यमंत्री का आभार व्यक्त करते हुए कहा कि उन्होंने क्षेत्र की आवश्यकता को समझते हुए जनता को यह बहुप्रतीक्षित स्वास्थ्य सुविधा उपलब्ध करवाई है।
उन्होंने बताया कि लगभग 12 करोड़ रुपये की लागत से निर्मित हो रहा नागरिक अस्पताल शाहपुर का नया भवन लगभग तैयार हो चुका है और इसे शीघ्र ही जनता को समर्पित कर दिया जाएगा।
उन्होंने यह भी जानकारी दी कि हाल ही में मुख्यमंत्री द्वारा अस्पताल भवन के लिए 4 करोड़ रुपये की अतिरिक्त धनराशि भी स्वीकृत की गई है, जिससे स्वास्थ्य सेवाओं को और अधिक सुदृढ़ बनाया जा सकेगा।
कार्यक्रम के दौरान मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. विवेक करोल ने मुख्य अतिथि का स्वागत करते हुए जिला में स्वास्थ्य विभाग द्वारा संचालित विभिन्न योजनाओं एवं कार्यक्रमों की विस्तृत जानकारी दी तथा अस्पताल आगमन के लिए उनका आभार व्यक्त किया।
इस अवसर पर सतलुज विद्युत निगम लिमिटेड के एचआर विभाग के प्रमुख शैलेश दत्त विशेष अतिथि के रूप में उपस्थित रहे।
कार्यक्रम के उपरांत विधायक ने निर्माणाधीन शाहपुर अस्पताल भवन, पॉली क्लीनिक शाहपुर तथा शहीद स्मारक का निरीक्षण कर अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश भी दिए।
समारोह के दौरान विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने उत्कृष्ट कार्य करने वाले चिकित्सकों एवं पैरामेडिकल स्टाफ को सम्मानित कर उनका उत्साहवर्धन भी किया।
इस मौके पर एसडीएम शाहपुर गणेश ठाकुर, ओएसडी आयुष डॉ सुनीत पठानिया,बीएमओ शाहपुर डॉ. कविता, एटीसी शाहपुर की प्रभारी डॉ सुनंदा पठानिया, पूर्व विस सचिव गोवर्धन, अधीक्षण अभियंता लोक निर्माण बीएम ठाकुर, एसीएफ पंकज, अधिशासी अभियंता जलशक्ति अमित डोगरा, अधिशासी अभियंता विद्युत् अमित शर्मा, अधिशासी अभियंता लोक निर्माण नीरज जसवाल, सहायक अभियंता लोक निर्माण विपुल पुंज,डॉ. निखिल, डॉ. साहिल, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरेश पटाकू, पूर्व ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुरजीत राणा, नवनिर्वाचित जिला परिषद सदस्य सुरिंद्र कुमार, संदीप, मीना देवी, पेंशन सैल के प्रधान प्रदीप बलौरिया, पूर्व जिला परिषद सदस्य नीना ठाकुर, ओंकार राणा, वरयाम सिंह,विभिन्न पंचायतों के नवनिर्वाचित प्रधान-उपप्रधान, नगर पंचायत शाहपुर के पार्षदगण,अस्पताल का समस्त स्टाफ तथा अन्य गणमान्य नागरिक उपस्थित रहे।
======================================
वार्ड पंच से लेकर जिला परिषद सदस्य तक की जीत का श्रेय मुख्यमंत्री सुक्खू के नेतृत्व और केवल सिंह पठानिया की मेहनत को
शाहपुर की 61 पंचायतों में से 47 में कांग्रेस विचारधारा के प्रधान, 4 में से 3 जिला परिषद सीटों पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवार विजयी
शाहपुर 2 जून -शाहपुर में सोमवार को नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों के सम्मान में आयोजित भव्य स्वागत समारोह में शाहपुर के विधायक एवं उपमुख्य सचेतक केवल सिंह पठानिया ने सभी विजयी प्रतिनिधियों को शुभकामनाएं दीं।
कार्यक्रम को संबोधित करते हुए उन्होंने कहा कि शाहपुर विधानसभा क्षेत्र की 61 पंचायतों में से 47 पंचायतों में कांग्रेस विचारधारा के प्रधान निर्वाचित होकर आए हैं। इसके अतिरिक्त क्षेत्र की चार जिला परिषद सीटों में से तीन पर कांग्रेस समर्थित उम्मीदवारों ने जीत दर्ज की है।
पठानिया ने इस सफलता का श्रेय मुख्यमंत्री महोदय के कुशल नेतृत्व, जनकल्याणकारी नीतियों तथा कार्यकर्ताओं की मेहनत को दिया। उन्होंने कहा कि पंचायत स्तर पर वार्ड पंच से लेकर जिला परिषद सदस्य तक कांग्रेस विचारधारा को जनता का व्यापक समर्थन मिला है।
उन्होंने कहा कि यह परिणाम प्रदेश सरकार द्वारा किए जा रहे विकास कार्यों और जनहित की योजनाओं पर जनता की मुहर है। साथ ही उन्होंने सभी नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों से अपेक्षा जताई कि वे जनसेवा को सर्वोच्च प्राथमिकता देते हुए अपने-अपने क्षेत्रों के विकास में सक्रिय भूमिका निभाएंगे।
समारोह में बड़ी संख्या में नवनिर्वाचित पंचायत प्रतिनिधियों, कांग्रेस कार्यकर्ताओं और स्थानीय लोगों ने भाग लिया।
==========================================
कांगड़ा जिला में 15 जून को होगी आपदा प्रबंधन मेगा माॅक एक्सरसाइज
एडीएम ने अधिकारियों को तैयारियां समयबद्ध पूर्ण करने के दिए निर्देश
धर्मशाला, 02 जून। हिमाचल प्रदेश राज्य आपदा प्रबंधन प्राधिकरण द्वारा राष्ट्रीय आपदा प्रबंधन प्राधिकरण भारत सरकार के सहयोग से राज्यभर में भूकंप, बादल फटने तथा वनाग्नि जैसी आपदाओं पर आधारित 10वीं राज्य स्तरीय मेगा मॉक एक्सरसाइज का आयोजन किया जा रहा है। यह मेगा मॉक एक्सरसाइज 15 जून 2026 को राज्य के विभिन्न जिलों में एक साथ आयोजित की जाएगी।
इस बाबत एनडीएमए द्वारा वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग माध्यम से आयोजित ओरिएंटेशन एवं समन्वय बैठक में जिला कांगड़ा की ओर से अतिरिक्त जिला दण्डाधिकारी (एडीएम) शिल्पी बेक्टा की अध्यक्षता में भाग लिया गया। बैठक में जिला प्रशासन, पुलिस, स्वास्थ्य, अग्निशमन, लोक निर्माण, जल शक्ति, विद्युत, परिवहन, वन विभाग, होमगार्ड, एनसीसी, आपदा मित्रों तथा अन्य संबंधित विभागों एवं हितधारकों के प्रतिनिधियों ने भाग लिया।
बैठक के दौरान एनडीएमए के अधिकारियों द्वारा मेगा मॉक एक्सरसाइज की रूपरेखा, उद्देश्य, आपदा परिदृश्यों तथा विभिन्न विभागों की भूमिका एवं जिम्मेदारियों के बारे में विस्तृत जानकारी प्रदान की गई। इस अभ्यास का मुख्य उद्देश्य राज्य एवं जिला स्तर की आपदा प्रबंधन योजनाओं का परीक्षण, विभिन्न विभागों के मध्य समन्वय को सुदृढ़ करना, त्वरित प्रतिक्रिया क्षमता का आकलन करना तथा आपदा प्रबंधन तंत्र में संभावित कमियों की पहचान करना है।
एडीएम कांगड़ा शिल्पी बेक्टा ने सभी विभागों को आगामी मॉक एक्सरसाइज के सफल आयोजन हेतु आवश्यक तैयारियां समयबद्ध रूप से पूर्ण करने तथा आपदा प्रबंधन से संबंधित मानक संचालन प्रक्रियाओं एवं संसाधनों की समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस प्रकार के अभ्यास वास्तविक आपदा की स्थिति में त्वरित एवं प्रभावी प्रतिक्रिया सुनिश्चित करने के लिए अत्यंत महत्वपूर्ण हैं।
उल्लेखनीय है कि राज्य स्तरीय मेगा मॉक एक्सरसाइज के अंतर्गत 12 जून 2026 को टेबल टॉप एक्सरसाइज तथा 15 जून 2026 को राज्यभर में भौतिक मॉक एक्सरसाइज आयोजित की जाएगी, जिसमें विभिन्न विभागों, आपदा प्रतिक्रिया बलों तथा सामुदायिक स्वयंसेवकों की सक्रिय भागीदारी रहेगी