आरबीआई के डीजीएम ने किया आरसेटी का निरीक्षण
हमीरपुर 25 मई। भारतीय रिजर्व बैंक (आरबीआई) के शिमला कार्यालय के उप महाप्रबंधक जसविंदर सिंह औजला ने सोमवार को यहां मट्टनसिद्ध स्थित पंजाब नेशनल बैंक ग्रामीण स्वरोजगार प्रशिक्षण संस्थान (आरसेटी) का निरीक्षण किया।
इस दौरान उन्होंने संस्थान में चल रहे प्रशिक्षण शिविर की प्रतिभागी महिलाओं के साथ संवाद भी किया और इस प्रशिक्षण के बारे में फीडबैक लिया। उप महाप्रबंधक और अन्य अधिकारियों ने शिविर की प्रतिभागी महिलाओं को उद्यमिता एवं स्वरोजगार के बारे में कई महत्वपूर्ण जानकारियां भी प्रदान कीं।
इससे पहले, संस्थान के निदेशक अजय कुमार कतना ने आरबीआई के उप महाप्रबंधक को संस्थान की विभिन्न गतिविधियों एवं उपलब्धियों से अवगत करवाया। जबकि, जिला अग्रणी प्रबंधक धर्मेंद्र स्याल ने उप महाप्रबंधक और आरबीआई के अन्य वरिष्ठ अधिकारियों का धन्यवाद किया।
इस अवसर पर भारतीय रिजर्व बैंक के शिमला कार्यालय के सहायक महाप्रबंधक आशीष शर्मा, लीड जिला अधिकारी आशीष सांगरा और अन्य वरिष्ठ अधिकारी भी उपस्थित थे।
=================================
गणित शिक्षक भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, 308 उम्मीदवारों का चयन

हमीरपुर 25 मई। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने शिक्षा विभाग में गणित के शिक्षकों के 312 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26003 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 3339 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 2792 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी और इस परीक्षा में 493 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था। 14 से 19 मई तक दस्तावेजों की जांच के बाद 308 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण ओबीसी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) और एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) के 2-2 पद खाली रह गए हैं। सचिव ने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
===================================================
विकास खंड ऊना की 18 पंचायतों में प्रथम चरण का मतदान कल, 116 पोलिंग पार्टियां अपने गंतव्य के लिए हुई रवाना
ऊना 25 मई। विकास खंड ऊना में चुनावों के मद्देनज़र सभी तैयारियां पूरी कर ली गई हैं तथा आज (मंगलवार) को 116 पोलिंग पार्टियां चुनाव सामग्री के साथ अपने गंतव्य के लिए रवाना हुईं। यह जानकारी एसडीएम ऊना अभिषेक मित्तल ने दी। उन्होंने बताया कि पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन के लिए विकास खंड ऊना की 18 पंचायतों में पहले चरण का मतदान मंगलवार को सुबह 7 बजे से सायं 3 बजे तक होगा। मतदान के उपरांत संबंधित पंचायत में निर्धारित मतगणना केंद्रों पर मतों की गिनती की जाएगी।
उन्होंने बताया कि उपमंडल ऊना के तहत 116 पोलिंग पार्टियों में 464 अधिकारी व कर्मचारी शामिल रहेंगे। साथ ही 8 सेक्टर अधिकारी तथा 130 पुलिस व हॉमगार्ड के जवान संबंधित मतदान और मतगणना केंद्रों की सुरक्षा व्यवस्था का जिम्मा संभालेंगे। इसके साथ ही 23 हिमाचल पथ परिवहन निगम की बसों के माध्यम से उपमंडल ऊना की चुनावाी प्रक्रिया में शामिल रहेंगी।
बता दें, उपमंडल ऊना में पहले चरण में 18 पंचायतों में चुनाव होगा, इनमें देहलां अप्पर, बनगढ़, टक्का, सनोली, जखेड़ा, नंगड़ा, डंगोली, बसाल अप्पर, बसाल लोअर, ठाकुरद्वारा, बरनोह, डंगेहडा, फतेहपुर, अवादा वराना, सुनेहरा, बडसाला, जनकौर और लम्लेहड़ा पंचायतें शामिल हैं।
इस मौके पर बीडीओ ऊना रमनबीर चौहान, जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमारी सहित अन्य मौजूद रहे।
==================================================
पंचायती राज चुनावों के शांतिपूर्ण संचालन के लिए जिला ऊना में संवेदनशील बूथों व मतगणना केंद्रों की सूची जारी, सुरक्षा व्यवस्था के रहेंगे विशेष प्रबंध *

ऊना, 25 मई। पंचायती राज संस्थाओं के सामान्य निर्वाचन-2026 के तहत जिला ऊना में 249 ग्राम पंचायतों में से 244 ग्राम पंचायतों, 5 पंचायत समितियों के 109 वार्डों में से 107 वार्डों तथा 17 जिला परिषद वार्डों के लिए तीन चरणों में मतदान प्रक्रिया संपन्न करवाई जाएगी। यह जानकारी सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी (पंचायत) एवं जिला पंचायत अधिकारी ऊना श्रवण कुमार ने दी।

उन्होंने बताया कि निर्वाचन प्रक्रिया को शांतिपूर्ण, निष्पक्ष एवं सुव्यवस्थित ढंग से संपन्न करवाने के उद्देश्य से जिला के कुल 669 मतदान बूथों को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है। इनमें 391 मतदान बूथ संवेदनशील तथा 278 मतदान बूथ अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।

उन्होंने जानकारी देते हुए बताया कि विकास खंड अंब में कुल 151 मतदान बूथों में से 93 संवेदनशील तथा 58 अति संवेदनशील हैं। विकास खंड बंगाणा में 53 मतदान बूथों में से 46 संवेदनशील एवं 7 अति संवेदनशील, गगरेट में 181 मतदान बूथों में से 114 संवेदनशील तथा 67 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। इसी प्रकार हरोली विकास खंड में 118 मतदान बूथों में से 56 संवेदनशील एवं 62 अति संवेदनशील तथा ऊना विकास खंड में 166 मतदान बूथों में से 82 संवेदनशील एवं 84 अति संवेदनशील मतदान बूथ चिन्हित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि चुनाव के प्रथम चरण में 138 मतदान बूथ संवेदनशील तथा 89 अति संवेदनशील रहेंगे। द्वितीय चरण में 146 मतदान बूथ संवेदनशील एवं 101 अति संवेदनशील तथा तृतीय एवं अंतिम चरण में 107 मतदान बूथ संवेदनशील एवं 88 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं।

संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान केंद्रों की सूची

सहायक जिला निर्वाचन अधिकारी ने बताया कि विकास खंड अंब के अंतर्गत 30 मतदान केंद्रों में से 22 संवेदनशील तथा 8 अति संवेदनशील घोषित किए गए हैं। बंगाणा में 13 मतदान केंद्रों में से 12 संवेदनशील एवं 1 अति संवेदनशील, गगरेट में 22 मतदान केंद्रों में से 13 संवेदनशील एवं 9 अति संवेदनशील चिन्हित किए गए हैं। इसी प्रकार हरोली के 46 मतदान केंद्रों में 28 संवेदनशील तथा 18 अति संवेदनशील और ऊना के 38 मतदान केंद्रों में 18 संवेदनशील एवं 20 अति संवेदनशील मतदान केंद्र घोषित किए गए हैं।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 29 मतदान केंद्र संवेदनशील तथा 21 अति संवेदनशील रहेंगे। दूसरे चरण में 34 मतदान केंद्र संवेदनशील एवं 20 अति संवेदनशील तथा तृतीय चरण में 30 मतदान केंद्र संवेदनशील एवं 15 अति संवेदनशील मतदान केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

मतगणना केंद्रों की सूची

श्रवण कुमार ने बताया कि जिला में कुल 101 मतगणना केंद्रों को संवेदनशील एवं अति संवेदनशील श्रेणी में रखा गया है। इनमें 64 मतगणना केंद्र संवेदनशील तथा 37 अति संवेदनशील शामिल हैं। इसके अतिरिक्त जिला परिषद एवं पंचायत समितियों के 5 मतगणना केंद्रों को भी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील श्रेणी में चिन्हित किया गया है।

उन्होंने बताया कि प्रथम चरण में 22 मतगणना केंद्र संवेदनशील तथा 11 अति संवेदनशील रहेंगे। इसी प्रकार द्वितीय चरण में 23 संवेदनशील एवं 14 अति संवेदनशील तथा तृतीय चरण में 19 संवेदनशील एवं 12 अति संवेदनशील मतगणना केंद्र निर्धारित किए गए हैं।

उन्होंने कहा कि निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुरूप सभी संवेदनशील एवं अति संवेदनशील मतदान एवं मतगणना केंद्रों पर सुरक्षा एवं निगरानी के व्यापक प्रबंध सुनिश्चित किए गए हैं, ताकि चुनाव प्रक्रिया को पूरी पारदर्शिता, निष्पक्षता एवं शांतिपूर्ण वातावरण में संपन्न करवाया जा सके।