सेना भर्ती कार्यालय के लिए किराये पर चाहिए भवन
हमीरपुर 07 मई। थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के कार्यालय एवं आवास के लिए लगभग 900 से 950 वर्गमीटर या लगभग 10 हजार वर्ग फुट मकान की आवश्यकता है।
थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर के निदेशक कर्नल श्रीधर राजन ने बताया कि भवन का एरिया स्वतंत्र होना चाहिए। शुरुआती तौर पर यह भवन जून 2026 से 3 साल के लिए पट्टे पर लिया जाएगा और उसके बाद 3-3 साल की अवधि में इसका किराये बढ़ाया जाएगा। इच्छुक भवन मालिक थल सेना भर्ती कार्यालय हमीरपुर में या दूरभाष नंबर 01972-222214 पर संपर्क कर सकते हैं।
======================================
जिला सैनिक कल्याण कार्यालय में पंजीकरण करवाएं एमएनएस के सेवानिवृत्त कर्मी
हमीरपुर 07 मई। सैनिक कल्याण विभाग के उपनिदेशक स्क्वॉड्रन लीडर (सेवानिवृत्त) मनोज राणा ने बताया कि मिलिट्री नर्सिंग सेवा (एमएनएस) से सेवानिवृत्त कर्मचारियों को भी अब भूतपूर्व सैनिकों की श्रेणी में शामिल किया गया है।
उन्होंने बताया कि पूर्व सैनिक का दर्जा मुख्य रूप से थल सेना, नौसेना और वायु सेना से सेवानिवृत्त अधिकारियों एवं जवानों तक सीमित था, लेकिन अब मिलिट्री नर्सिंग सेवा से सेवानिवृत्त कर्मचारी भी इस श्रेणी में शामिल कर दिए गए हैं। उपनिदेशक ने कहा कि जिला सैनिक कल्याण कार्यालय के पास अभी जिले में निवास कर रहे एमएनएस के सेवानिवृत्त कर्मियों का ब्यौरा उपलब्ध नहीं है।
इसलिए, जिला हमीरपुर में निवास कर रहे एमएनएस के सेवानिवृत्त कर्मचारी अतिशीघ्र जिला सैनिक कल्याण कार्यालय हमीरपुर में संपर्क करके अपना नाम दर्ज करवाएं और पूर्व सैनिक पहचान पत्र प्राप्त करें। इससे वे भूतपूर्व सैनिकों से संबंधित विभिन्न कल्याणकारी योजनाओं एवं सुविधाओं का लाभ उठा सकेंगे।
================================================
अंग्रेजी शिक्षकों की भर्ती परीक्षा का परिणाम घोषित
हमीरपुर 07 मई। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने अंग्रेजी के शिक्षकों के 312 पदों (पोस्ट कोड 26002) को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए 3 अप्रैल को आयोजित कंप्यूटर बेस्ड स्क्रीनिंग टेस्ट का परिणाम घोषित कर दिया है। परीक्षा का परिणाम आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन hprca.hp.gov.in पर उपलब्ध करवा दिया गया है। आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इस परीक्षा में उत्तीर्ण 489 उम्मीदवारों की डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन की प्रक्रिया 8 जून सुबह 10 बजे से आयोग के परिसर में आरंभ होगी, जिसका शेड्यूल अलग से अपलोड किया जाएगा और उम्मीदवारों को उनकी ईमेल आईडी पर सूचित किया जाएगा। उन्हें अलग से बुलावा पत्र नहीं भेजे जाएंगे। डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के समय इन उम्मीदवारों को अपने साथ सभी आवश्यक दस्तावेजों की मूल प्रतियां, इनकी सेल्फ अटेस्टड फोटो प्रतियों के दो-दो सैट, आवेदन पत्र की डॉउनलोडड कॉपी और आईडी प्रूफ इत्यादि साथ लाने होंगे। सचिव ने बताया कि अगर कोई उम्मीदवार निर्धारित तिथि को डॉक्यूमेंट वेरिफिकेशन के लिए उपस्थित नहीं होता है तो उसे कोई और अवसर नहीं दिया जाएगा।
============================================
विद्युत उपमंडल लंबलू के सभी उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर अपडेट
हमीरपुर 07 मई। विद्युत उपमंडल लंबलू के सहायक अभियंता ज्ञान चंद भाटिया ने बताया कि उपमंडल के अंतर्गत सभी अनुभागों लंबलू, बोहनी, ताल, टिक्कर और भीड़ा के सभी उपभोक्ताओं के मोबाइल नंबर बिजली बिलों के साथ अपडेट कर दिए गए हैं। सभी उपभोक्ता स्वयं ऑनलाइन माध्यम से या लोक मित्र केंद्रों में अथवा उपमंडल कार्यालय लंबलू में आकर बिजली जमा करवा सकते हैं।
सहायक अभियंता ने बताया कि लंबलू उपमंडल में स्मार्ट मीटर लगाने का कार्य भी प्रगति पर है। उन्होंने सभी उपभोक्ताओं से इस कार्य में सहयोग प्रदान करने की अपील भी की है।
===============================================
धर्मशाला डाक मंडल ने गत वर्ष बेची 8,557 नई पाॅलिसियां: अधीक्षक डाकघर
धर्मशाला, 07 मई: अधीक्षक डाकघर धर्मशाला रविन्द्र कुमार शर्मा ने जानकारी देते हुए बताया कि धर्मशाला डाक मंडल में गत वित्तीय वर्ष के दौरान डाक जीवन बीमा (पी.एल.आई.) एवं ग्रामीण डाक जीवन बीमा (आर.पी.एल.आई.) की कुल 8,557 नई पाॅलिसियां खरीदी गईं। इन पाॅलिसियों की कुल बीमित राशि 318 करोड़ रुपये तथा प्रीमियम राशि 4.74 करोड़ रुपये रही।
उन्होंने बताया कि पिछले वित्तीय वर्ष की तुलना में इस वर्ष 1,033 प्रस्ताव अधिक प्राप्त हुए हैं। साथ ही प्रीमियम राशि में 1.33 करोड़ रुपये तथा बीमित राशि में 88 करोड़ रुपये की वृद्धि दर्ज की गई है।
दावों के निपटान के संबंध में उन्होंने बताया कि वर्ष 2024-25 के दौरान कुल 3,208 मैच्योरिटी क्लेम का भुगतान किया गया, जिनकी कुल राशि 61.74 करोड़ रुपये रही। इसके अतिरिक्त, गत वर्ष 71 मृत्यु दावों का निपटारा किया गया था, जिनकी कुल दावा राशि 1.44 करोड़ रुपये थी, जबकि इस वर्ष 87 मृत्यु दावों का निपटान किया गया, जिनमें 1.79 करोड़ रुपये की राशि का भुगतान किया गया।
अधीक्षक डाकघर धर्मशाला ने आमजन से अपील करते हुए कहा कि वे डाक विभाग की बीमा योजनाओं को अपनाकर अपने एवं अपने परिवार के भविष्य को सुरक्षित बनाएं।