जयपुर:06-05-2026- हिमाचल प्रदेश विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां गत सायं लोक सभा द्वारा गठित पीठासीन अधिकारी समिति की द्वितीय बैठक में भाग लेने के उपरान्त राजस्थान के जिला सिक्कर स्थित खाटू श्याम जी मन्दिर में दर्शन करने हेतु पहुँचे। विधान सभा अध्यक्ष ने मन्दिर में पूजा अर्चना कर शीश नवाया तथा भगवान श्री खाटू श्याम जी से प्रदेश के लोगों की सुख-समृद्वि की कामना की। इस अवसर पर उत्तर प्रदेश, मध्य प्रदेश, सिक्किम, उड़ीसा के स्पीकर तथा विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी उनके साथ मौजूद थे।
बैठक उपरान्त पठानियां ने पत्रकारों को भी सम्बोधित किया तथा राजस्थान विधान सभा परिसर में किए गए विकासात्मक कार्यों की प्रशंसा की तथा परिसर में संग्रहालय निर्माण तथा औषधीय पौधशाला को विकसित करने के लिए राजस्थान विधान सभा अध्यक्ष वासुदेव देवनानी की सराहना की। पठानियां ने मिडिया से वार्ता के दौरान कहा कि लोक सभा द्वारा विधान मण्डलों की समितियों के सशक्तिकरण के लिए गठित यह समिति अगले महीने तक अपनी रिर्पोट लोक सभा को प्रेषित कर देगी जिसकी अगली बैठक उड़ीसा में प्रस्तावित है। उसी बैठक में सभी की सहमति से इसे लोक सभा को प्रेषित किया जाएगा।
इससे पूर्व विधान सभा अध्यक्ष ने समिति बैठक उपरान्त राजस्थान के मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा से भी मुलाकात की तथा प्रदेश विधान सभा की कार्यप्रणाली, क्रिया-क्लापों तथा विधान सभा परिसर में चल रही विकासात्मक गतिविधियों बारे अपने विचार सांझा किए। विधान सभा अध्यक्ष ने मुख्यमंत्री भजन लाल शर्मा को हि0प्र0 में पर्यटन की अपार सम्भावनाओं बारे अवगत करवाया तथा सामरिक दृष्टि से महत्वपूर्ण स्थलों का भी उनके साथ जिक्र किया। पठानियां ने मुख्यमंत्री तथा राजस्थान सरकार का आतिथ्य सत्कार के लिए धन्यवाद भी किया।
विधान सभा अध्यक्ष आज दोपहर बाद जयपुर से वायु मार्ग द्वारा चण्डीगढ़ के लिए रवाना हुए तथा वहाँ से सड़क मार्ग द्वारा सायं शिमला पहुँचेगें।