नादौन में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 17 को
हमीरपुर 13 अप्रैल। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 17 अप्रैल को सुबह 11 बजे उप रोजगार कार्यालय नादौन में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 54 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें 17,500 रुपये से लेकर 23 हजार रुपये तक मासिक वेतन एवं अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।।
====================================================
हमीरपुर में ऑपरेटर्स और अप्रेंटिस के साक्षात्कार 18 को
हमीरपुर 13 अप्रैल। नाहन के निकटवर्ती औद्योगिक क्षेत्र काला अंब की प्रसिद्ध कंपनी ब्ल्यू स्टार लिमिटेड में ऑपरेटर्स और अप्रेंटिस के 100 पद भरे जाएंगे। इन पदों के लिए 18 अप्रैल को जिला रोजगार अधिकारी कार्यालय हमीरपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए बारहवीं पास, इलेक्ट्रिकल, फिटर, वैल्डर, रेफ्रिजरेशन एंड एयर कंडिशनर, मशीनिस्ट, प्लंबर, टर्नर, पंप ऑपरेटर और इलेक्ट्रॉनिक्स एंड कम्युनिकेशन में आईटीआई डिप्लोमाधारक 18 से 25 वर्ष तक के युवा पात्र हैं। चयनित युवाओं को 16,000 रुपये से 20,800 रुपये तक मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
=========================================
अग्निशमन सेवा सप्ताह के उपलक्ष्य पर आयोजित होंगे कई जागरुकता कार्यक्रम
14 से 20 अप्रैल तक मनाया जाएगा अग्निशमन सेवा सप्ताह : कमांडेंट विनय कुमार
हमीरपुर 13 अप्रैल। इस वर्ष भी 14 से 20 अप्रैल तक मनाए जा रहे अग्निशमन सेवा सप्ताह के तहत जिला हमीरपुर में कई जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे।
गृह रक्षा विभाग की दसवीं वाहिनी हमीरपुर के कमांडेंट विनय कुमार ने बताया कि इस वर्ष के अग्निशमन सेवा सप्ताह का मुख्य विषय ‘सुरक्षित विद्यालय, सुरक्षित अस्पताल एवं अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरुक समाज-आग की रोकथाम के लिए एक साथ’ रखा गया है। इस सप्ताह के दौरान अग्निशमन विभाग के अधिकारी और कर्मचारी विभिन्न सार्वजनिक स्थलों, विशेषकर, स्कूलों, सरकारी एवं गैर सरकारी अस्पतालों, औद्योगिक इकाइयों, व्यापारिक प्रतिष्ठानों, सरकारी एवं गैर सरकारी कार्यालयों और अन्य संस्थानों में लोगों को अग्निसुरक्षा के प्रति जागरुक करेंगे। इस दौरान प्रशिक्षण कार्यक्रम एवं प्रदर्शनियां भी आयोजित की जाएंगी। इसके अलावा ऊंचे भवनों का फायर सेफटी ऑडिट भी किया जाएगा। कमांडेंट ने बताया कि इन सभी गतिविधियों का लक्ष्य अग्नि सुरक्षा के प्रति जागरुकता बढ़ना तथा फायर सेफटी कल्चर को अपनाने के लिए प्रेरित करना है।
कमांडेंट ने बताया कि 14 अप्रैल 1944 को मुंबई की विक्टोरिया डॉक पर खड़े एक बड़े मालवाहक समुद्री जहाज में सायं करीब 4ः40 बजे विस्फोट हो गया था। इस जहाज में लगभग 1200 टन विस्फोटक सामग्री, तेल और अन्य ज्वलनशील सामान था।
जहाज में विस्फोटों की तीव्रता इतनी भयंकर थी कि इसकी आग मुंबई शहर के कई क्षेत्रों में फैल चुकी थी। ऐसी भीषण परिस्थिति में भी फायर ऑफिसर नोरमन कुमज ने अपने जवानों पर पूरा भरोसा दिखाते हुए अति विशाल क्षेत्र में फैल चुकी आग को बुझाने की जिम्मेवारी ली। इस दुर्घटना में जान-माल की रक्षा के लिए 66 अग्निशमन कर्मचारियों ने अपने प्राणों की आहुति दे दी थी। इन्हीं की याद में हर वर्ष 14 से 20 अप्रैल तक अग्निशमन सेवा सप्ताह मनाया जाता है।
कमांडेंट ने बताया कि हिमाचल प्रदेश में भी कई अग्निशमन कर्मचारियों ने अपनी जान की कुर्बानी दी है। वर्ष 2009 में नालागढ़ की एक औद्योगिक इकाई में हुए भीषण अग्निकांड में 9 लोगों की जलकर मौत हो गई थी, जिनमें अग्निशमन सेवा विभाग के दो कर्मियों की शहादत भी शामिल है।
==============================
नगर निगम ऊना में खड्डों एवं नालों की डी-सिल्टिंग कार्य को लेकर बैठक 20 अप्रैल को
ऊना, 13 अप्रैल। मानसून-2026 के मद्देनज़र नगर निगम ऊना क्षेत्र में जलभराव तथा बाढ़ जैसी संभावित परिस्थितियों की रोकथाम के लिए जिला प्रशासन ने तैयारियां तेज कर दी हैं। इसी क्रम में खड्डों एवं नालों की सफाई (डी-सिल्टिंग) कार्यों की समीक्षा के लिए जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण (डीडीएमए), ऊना द्वारा 20 अप्रैल को बैठक आयोजित की जाएगी।
ज़िला आपदा प्रबंधन एवं प्राधिकरण कार्यालय ऊना से प्राप्त जानकारी के अनुसार यह बैठक जिला आपदा प्रबंधन प्राधिकरण, ऊना के अध्यक्ष एवं उपायुक्त ऊना की अध्यक्षता में 11:00 बजे आयोजित होगी। बैठक में नगर निगम ऊना क्षेत्र के अंतर्गत आने वाले सभी खड्डों एवं नालों में चल रहे डी-सिल्टिंग कार्यों की वर्तमान स्थिति की विस्तृत समीक्षा की जाएगी। साथ ही वर्षा ऋतु के दौरान जल निकासी व्यवस्था को सुचारू बनाए रखने तथा संवेदनशील क्षेत्रों में जोखिम कम करने के उपायों पर चर्चा की जाएगी।
जिला प्रशासन ने सभी संबंधित विभागों को निर्देश दिए हैं कि मानसून आगमन से पूर्व सफाई एवं डी-सिल्टिंग कार्यों को प्राथमिकता के आधार पर पूर्ण किया जाए, ताकि नगर निगम ऊना क्षेत्र में जलभराव की समस्या का प्रभावी समाधान सुनिश्चित किया जा सके।
बता दें, गत वर्ष मानसून के दौरान विशेषकर नगर निगम ऊना क्षेत्र में जलभराव तथा फ्लैश फ्लड की घटनाएं सामने आई थीं, जिससे जनजीवन प्रभावित हुआ था। पूर्व अनुभवों को ध्यान में रखते हुए जिला प्रशासन ने इस वर्ष समय रहते प्रभावी कदम उठाने शुरू कर दिए हैं, ताकि नागरिकों को किसी प्रकार की असुविधा का सामना न करना पड़े।
===========================================
टाण्डा फिल्ड फायरिंग रेज मेें 17 अप्रैल को फायरिंग
धर्मशाला, 13 अप्रैल: सहायक आयुक्त (उपायुक्त) ने आज यहां जानकारी देते हुए बताया कि भारतीय सेना द्वारा टाण्डा फायरिंग रेंज में 17 अप्रैल, 2026 को सुबह 9 बजे से रात्रि 8 बजे तक फायरिंग का अभ्यास किया जायेगा। उन्होने कोहाला, कच्छयारी, खोली तथा घुरकडी के लोगों से आग्रह किया कि 17 अप्रैल को फायरिंग रेंज के आसपास के क्षेत्रों में जाने से बचें ताकि किसी भी संभावित खतरे से बचा जा सके।
========================================
पशु पालन विभाग में मल्टी टास्क वर्कर्स चयन हेतु शारीरिक परीक्षा 17 से 23 अप्रैल तक
धर्मशाला, 13 अप्रैल: वरिष्ठ पशु चिकित्सा अधिकारी एवं प्रभारी उपमंडलीय पशु चिकित्सालय धर्मशाला डाॅ. राजीव शर्मा ने जानकारी दी है कि उपमंडल धर्मशाला एवं शाहपुर में पशु पालन विभाग द्वारा पशु मित्र नीति-2025 के अंतर्गत मल्टी टास्क वर्कर्स (पशु-मित्र) के चयन हेतु पशु चिकित्सालय चड़ी एवं पशु औषधालय सिहवां के रिक्त स्थानों की भर्ती के लिए शारीरिक परीक्षा का आयोजन 17 अप्रैल को रैत के चंबी मैदान में एवं उपमंडल धर्मशाला के दाड़ी, चैतडू, योल, शीला पासू, कस्बा नरवाणा एवं जदरांगल के रिक्त स्थानों की भर्ती के लिए 21 से 23 अप्रैल को साई खेल मैदान, स्पोर्टज काॅम्प्लेक्स, धर्मशाला में शारीरिक परीक्षा का आयोजन किया जाएगा।
डाॅ. राजीव शर्मा ने दी कि चड़ी व सिहवां के रिक्त स्थानों हेतु शारीरिक परीक्षा 17 अप्रैल को चंबी मैदान में प्रातः 9 बजे से शुरू की जायेगी। इसी प्रकार चैतडू व शीला पासू के रिक्त स्थानों के लिए 21 अप्रैल को, दाड़ी व योल के रिक्त स्थानों के लिए 22 अप्रैल को तथा कस्बा नरवाणा एवं जदरांगल के रिक्त स्थानों के लिए 23 अप्रैल साई खेल मैदान, स्पोर्टज काॅम्प्लेक्स, धर्मशाला में े शारीरिक परीक्षा का आयोजन प्रातः 9 बजे से किया जाएगा। उन्होंने सभी पात्र अभ्यर्थियों से आग्रह किया है कि वे निर्धारित तिथि व समय पर आवश्यक दस्तावेजों सहित उपस्थित होना सुनिश्चित करें।
========================================
सिक्योरिटी गार्ड तथा सिक्योरिटी सुपरवाइजर के पदों के लिए साक्षात्कार 16 से 18 अप्रैल तक
धर्मशाला, 13 अप्रैल: क्षेत्रीय रोजागार अधिकारी अक्षय कुमार ने सूचित किया है कि सिस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड तथा सिक्योरिटी सुपरवाइजर केवल पुरुष के कुल 120 पद भरे जाने प्रस्तावित हैं। इन पदों के लिए न्यूनतम शैक्षणिक योग्यता दसवीं पास निर्धारित की गई है तथा आयु सीमा 19 से 40 वर्ष रखी गई है। चयनित अभ्यर्थियों को कंपनी द्वारा 17 हजार 500 से 23 हजार रुपये प्रतिमाह वेतन एवं अन्य सुविधाएं नियमानुसार प्रदान की जाएंगी।
अक्षय कुमार ने बताया कि इच्छुक अभ्यर्थी साक्षात्कार के लिए अपने साथ दो पासपोर्ट साइज फोटो, हिमाचली प्रमाण पत्र, मूल प्रमाण पत्र, बायोडाटा की प्रति तथा अनुभव प्रमाण पत्र यदि हो लेकर निर्धारित तिथियों एवं स्थानों पर प्रातः 11 बजे उपस्थित होकर साक्षात्कार में भाग ले सकते हैं। साक्षात्कार का आयोजन 16 अप्रैल 2026 को उप रोजगार कार्यालय देहरा, 17 अप्रैल 2026 को उप रोजगार कार्यालय पालमपुर तथा 18 अप्रैल 2026 को उप रोजगार कार्यालय नगरोटा बगवां में किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि साक्षात्कार में भाग लेने हेतु किसी प्रकार का यात्रा भत्ता अथवा अन्य देय नहीं दिया जाएगा।