महिलाओं का सम्मान और उनके अधिकार सुनिश्चित करना संपूर्ण समाज का दायित्व : अभिषेक कुमार गर्ग
अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर एनजीओ भवन में आयोजित किया गया जिला स्तरीय कार्यक्रम
हमीरपुर 10 मार्च। एडीसी हमीरपुर अभिषेक कुमार गर्ग ने कहा है कि महिलाओं के सशक्तिकरण और उनकी भागीदारी के बगैर हम किसी भी समाज और देश के विकास की कल्पना नहीं कर सकते हैं। अगर किसी समाज में महिलाएं किन्हीं कारणों से पीछे रह जाती हैं तो वह समाज पिछड़ जाता है। मंगलवार को अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के उपलक्ष्य पर यहां एनजीओ भवन में आयोजित जिला स्तरीय कार्यक्रम में कहा कि महिलाएं किसी भी क्षेत्र में पुरुषों से कम नहीं हैं। वो चाहे मनरेगा में कार्य करने एवं आसमान में जहाज उड़ाने या मॉडलिंग तथा अभिनय की।
अभिषेक गर्ग ने कहा कि आधुनिक दौर में भी महिलाएं कहीं न कहीं असमानता, भेदभाव और अत्याचार का शिकार हो रही हैं। यही कारण है कि हमें आज भी महिला दिवस मनाकर महिलाओं को उनके अधिकारों के प्रति जागरुक करना पड़ रहा है। उन्होंने कहा कि महिलाएं हमारी आबादी का आधा हिस्सा हैं और अगर हम अपने आम जनजीवन में महिलाओं के योगदान को देखें तो हर दिन महिला दिवस ही लगता है। इसलिए हमें खुद में यह सोच विकसित करनी होगी कि महिलाओं के बगैर हमारा समाज अधूरा है और वे उच्च सम्मान की अधिकारी हैं। उन्होंने कहा अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस केवल एक उत्सव नहीं बल्कि महिलाओं के सम्मान, अधिकार और सशक्तिकरण का प्रतीक है। उन्होंने कहा कि आज महिलाएं हर क्षेत्र में अपनी प्रतिभा और क्षमता का उत्कृष्ट प्रदर्शन कर समाज और देश के विकास में महत्वपूर्ण योगदान दे रही हैं। महिलाओं का सम्मान करना हम सभी का नैतिक कर्तव्य है और समाज में उनके अधिकारों, सुरक्षा एवं समान अवसरों को सुनिश्चित करना आवश्यक है।
उन्होंने कहा कि माननीय मुख्यमंत्री ने तृतीय श्रेणी की सरकारी नौकरियों में भी महिलाओं को 25 प्रतिशत आरक्षण देने की घोषणा की है।
इस अवसर पर विशिष्ट अतिथि वंशिका परमार मिस इंडिया अर्थ 2022 की विनर तथा हिमाचल प्रदेश इको टूरिज्म की ब्रांड एंबेसडर ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के सम्मान में पूरे विश्व में 8 मार्च को मनाया जाता है। उन्होंने कहा कि महिला सशक्तिकरण के लिए सरकार विभिन्न योजनाओं को चला रही है तथा उन योजनाओं का सभी महिलाओं को लाभ लेना चाहिए।
इस अवसर पर जिला कार्यक्रम अधिकारी अनिल कुमार ने अतिथियों का स्वागत किया तथा महिलाओं के उत्थान एवं सशक्तिकरण के लिए चलाई जा रही विभिन्न योजनाओं की जानकारी दी। उन्होंने अंतर्राष्ट्रीय महिला दिवस के महत्व पर भी प्रकाश डाला। कार्यक्रम के दौरान आंगनबाड़ी कर्मचारियों, और अन्य महिलाओं ने जागरुकता कार्यक्रम प्रस्तुत किए। इसके अलावा महिलाओं के लिए लेमन स्पून रेस, बैलून गेम ,म्यूजिकल चेयर, और मटका फोड़ प्रतियोगिता भी करवाई गई। एडीसी अभिषेक कुमार गर्ग ने सभी प्रतिभागियों को पुरस्कृत किया। इस अवसर पर बाल विकास परियोजना अधिकारी हमीरपुर सुनीता कुमारी , जिला पंचायत अधिकारी बबीता गुलेरिया, बाल विकास परियोजना अधिकारी टोणीदेवी कुलदीप सिंह चौहान, रिटायर्ड जिला कार्यक्रम अधिकारी कल्याण सिंह, रिटायर्ड बाल विकास परियोजना अधिकारी बलवीर सिंह बिड़ला सहित जिला की विभिन्न आंगनवाड़ी कार्यकर्ता उपस्थित थीं।
===============================
बड़सर में सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के साक्षात्कार 12 को
हमीरपुर 10 मार्च। एसआईएस इंडिया लिमिटेड आरटीए हमीरपुर द्वारा सिक्योरिटी गार्ड और सुपरवाइजर के 70 पदों पर भर्ती के लिए 12 मार्च को सुबह साढे दस बजे उप रोजगार कार्यालय बड़सर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 19 वर्ष से 40 वर्ष तक के पुरुष उम्मीदवार भर्ती किए जाएंगे। दसवीं फेल या दसवीं पास अथवा इससे अधिक शैक्षणिक योग्यता वाले उम्मीदवार, जिनकी लंबाई कम से कम 168 सेंटीमीटर और वजन 52 से 95 किलोग्राम के बीच हो, इन पदों के लिए पात्र हैं। चयनित उम्मीदवारों को मौके पर ही ऑफर लैटर प्रदान किए जाएंगे तथा उन्हें 17,500 रुपये से लेकर 23,500 रुपये तक मासिक वेतन एवं अन्य सुविधाएं दी जाएंगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा उपरोक्त योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
===================================
नादौन में मिनी रोजगार मेला 17 को
हमीरपुर 10 मार्च। उप रोजगार कार्यालय नादौन में 17 मार्च को मिनी रोजगार मेला आयोजित किया जाएगा, जिसमें तीन कंपनियां विभिन्न श्रेणियों के पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लेंगी।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि नई दिल्ली की प्रसिद्ध सिक्योरिटी कंपनी जी4एस सिक्योर सॉल्यूशन्स (इंडिया) प्राइवेट लिमिटेड सिक्योरिटी गार्ड के 50 पदों और सुपरवाइजर के 6 पदों
को भरने के लिए साक्षात्कार लेगी।
इन पदों के लिए 18 से 35 वर्ष तक के दसवीं पास उम्मीदवार पात्र होंगे। उनकी लंबाई कम से कम 170 सेंटीमीटर होनी चाहिए।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि श्रीराम फाइनेंस लिमिटेड हमीरपुर में बीडीएम और सीनियर बीडीएम के दो पदों को भरने के लिए साक्षात्कार लिए जाएंगे। अभ्यर्थी स्नातक एवं एमबीए (मार्केटिंग) होना चाहिए और उसकी आयु 18 से 40 वर्ष के बीच होनी चाहिए। चयनित उम्मीदवारों को 20,000 रुपए से 30,000 तक मासिक वेतन दिया जायेगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि हिमगिरि मल्टी लेवल मैजिक प्राइवेट लिमिटेड भोरंज में फील्ड आफिसर के 24 पदों को भरा जाएगा जिनके लिए निर्धारित शैक्षणिक योग्यता बारहवीं पास, स्नातक, बीबीए या बीवॉक रखी गई है। आवेदक की आयु 18 से 35 वर्ष रखी गई है। चयनित आवेदकों को 13,500 रुपए मासिक वेतन दिया जाएगा।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि इच्छुक आवेदक जिसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत हो वह भी हिमाचली स्थायी निवासी प्रमाण पत्र और मूल प्रमाण पत्रों सहित साक्षात्कार में भाग ले सकता है। अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय दूरभाष नंबर 01972-222318 पर सम्पर्क कर सकते है।
==========================================