महिलाओं को आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध - संजय अवस्थी
सोलन-दिनांक 08.03.2026-अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि विकास में महिलाओं की समान भागीदारी सुनिश्चित करने व उन्हें आर्थिक रूप से आत्मनिर्भर बनाने के लिए प्रदेश सरकार प्रतिबद्ध है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट में अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन द्वारा अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर आयोजित समारोह को सम्बोधित कर रहे थे।
संजय अवस्थी ने कहा कि अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस महिलाओं के संघर्ष और उनके द्वारा हासिल उपलब्धियों को सम्मान देने के लिए आयोजित किया जाता है। उन्होंने कहा कि महिलाएं सदैव अपने कर्तव्य निर्वहन में अग्रसर रही हैं और प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि महिलाओं को यथोचित सम्मान एवं समान अवसर प्राप्त हों।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के कुशल नेतृत्व में महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्य किए जा रहे है। उन्होंने कहा कि एक मज़बूत नारी पूरे समाज को मज़बूत बनाने में महत्वपूर्ण भूमिका निभाती है। इसी सिद्धांत को अमलीजामा पहनाने के लिए प्रदेश सरकार द्वारा महिला सशक्तिकरण के लिए विभिन्न योजनाएं आरम्भ की गई है।
उन्होंने कहा कि शीघ्र ही अर्की विधानसभा क्षेत्र के दाड़लाघाट में स्वयं सहायता समूहों के उत्पादों की बिक्री के लिए दुकानें निर्मित की जाएंगी। इससे जहां स्वयं सहायता समूहों की महिलाओं को उनके उत्पादों का सही मूल्य मिलेगा वहीं उनके उत्पादों का प्रचार-प्रसार भी होगा।
संजय अवस्थी ने कहा कि दाड़लाघाट, धुंधन, बाड़ीधार व आस-पास के क्षेत्रों के लिए अर्की विधानसभा क्षेत्र में निकट भविष्य में लगभग 30 करोड़ रुपए व्यय कर दुग्ध प्रसंस्करण संयंत्र स्थापित किया जाएगा। उन्होंने कहा कि इस कार्य के लिए स्वीकृति मिल चुकी है। इस संयंत्र के निर्माण से जहां दुग्ध उत्पादन को बढ़ावा मिलेगा वहीं महिलाओं और युवाओं के लिए रोज़गार व स्वरोज़गार के अवसर भी सृजित होंगे।
विधायक ने महिलाओं से आग्रह किया कि प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं को सशक्त बनाने के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं का लाभ उठाना सुनिश्चित बनाएं।
उन्होंने स्वयं सहायता समूह द्वारा लगाई गई प्रदर्शनियों का अवलोकन भी किया।
विधायक ने कहा कि अर्की विधानसभा क्षेत्र का विकास उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि रौडी गांव में एम्बुलेंस मार्ग के निर्माण के लिए 15 लाख रुपए तथा कोटला-दात्ती-शिवनगर मार्ग के लिए 10 लाख रुपए स्वीकृत किए गए है। इनका कार्य शीघ्र आरंभ हो जाएगा।
इस अवसर पर विभिन्न स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों द्वारा सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए गए।
अम्बुजा सीमेंट फाउंडेशन के क्षेत्रीय प्रबंधक संजय शर्मा ने मुख्यातिथि सहित सभी का स्वागत किया और कार्यक्रम की गतिविधियों से सभी को अवगत करवाया।
विधायक ने अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस के अवसर पर विभिन्न क्षेत्रों में उत्कृष्ट कार्य करने वाली महिलाओं को सम्मानित भी किया।
संजय अवस्थी ने इस अवसर पर जन समस्याएं सुनीं तथा इनके शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
इस अवसर पर सूचना एवं जन सम्पर्क विभाग से सम्बद्ध कलाकारों ने नुक्कड़ नाटक व गीत संगीत के माध्यम से प्रदेश सरकार द्वारा महिलाओं के उत्थान के लिए कार्यान्वित की जा रही योजनाओं की जानकारी दी।
अम्बुजा-दाड़ला-कसलोग-मांगू परिवहन सहकारी सभा सीमित दाड़लाघाट के प्रधान वेद प्रकाश शुक्ला, बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी से नरेश अवस्थी, मनोज गौतम, उपमण्डलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता बेलीराम कश्यप, नायब तहसीलदार दाड़लाघाट प्रेमलाल, सरस्वती विद्या मंदिर पाठशाला के प्रधानचार्य गीता राम, विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति सहित स्वयं सहायता समूहों से जुड़ी महिलाएं इस अवसर पर उपस्थित थीं।
=========================================
सड़कें सामाजिक और आर्थिक विकास का मुख्य आधार - संजय अवस्थी
22 लाख रुपए से निर्मित होने वाली देलग से शिवघाटी सम्पर्क मार्ग की रखी आधारशिला
अर्की के विधायक संजय अवस्थी ने कहा कि सड़कें प्रदेश के सामाजिक एवं आर्थिक विकास का मुख्य आधार हैं और प्रदेश सरकार सभी गांव को बेहतर सम्पर्क सुविधा प्रदान करने के लिए प्रदेश सरकार कृत संकल्प है। संजय अवस्थी आज अर्की विधानसभा क्षेत्र की ग्राम पंचायत सानण में 22 लाख रुपए की लागत से देलग से शिवघाटी तक निर्मित होने वाले सम्पर्क मार्ग की आधारशिला रखने के उपरांत उपस्थित जनसमूह को सम्बोधित कर रहे थे।
विधायक ने इस अवसर पर उपस्थित महिलाओं व अन्य को अंतरराष्ट्रीय महिला दिवस की शुभकामनाएं दी।
संजय अवस्थी ने कहा कि सड़कें विकास की भाग्य रेखाएं होती हैं और अर्की विधानसभा क्षेत्र के गांव-गांव तक बेहतर सड़क सुविधा पहुंचाना उनकी प्राथमिकता है। उन्होंने कहा कि देलग से शिवघाटी सम्पर्क मार्ग के निर्माण से न केवल स्थानीय पंचायत के लोगों को बल्कि आस-पास के क्षेत्रों के लोगों को भी लाभ पहुंचेगा।
उन्होंने कहा कि प्रदेश सरकार यह सुनिश्चित बना रही है कि सड़क, शिक्षा व स्वास्थ्य जैसी मूलभूत सुविधाओं को और सुदृढ़ बनाकर गांव-गांव का बेहतर विकास किया जा सके।
विधायक ने कहा कि मुख्यमंत्री सुखविंदर सिंह सुक्खू के नेतृत्व में हिमाचल को आत्मनिर्भर बनाने के लिए सकारात्मक कदम उठाए जा रहे हैं। उन्होंने कहा कि ग्रामीण क्षेत्र को विकसित कर ही प्रदेश विकसित हो सकता है। इसी दृष्टिकोण से प्रदेश सरकार से किसानों व पशुपालकों की आर्थिकी को मज़बूत करने के लिए भैंस व गाय के दूध के न्यूनतम समर्थन मूल्य व प्राकृतिक खेती से उगाए जाने वाले गेहूं, मक्की व हल्दी की फसल के न्यूनतम समर्थन मूल्य में आशातीत वृद्धि की है। यह निर्णय किसानों व पशुपालकों के साथ-साथ प्रदेश की आर्थिकी को सशक्त बनाने में सहायक सिद्ध हो रहा है।
उन्होंने देलग से शिवघाटी सम्पर्क मार्ग के निर्माण को पूर्ण करने के लिए 20 लाख रुपए की अतिरिक्त धनराशि स्वीकृत की। उन्होंने आश्वासन दिया कि इस मार्ग का निर्माण कार्य निकट भविष्य में पूरा कर लिया जाएगा और लोगों को शीघ्र इसका लाभ मिलेगा।
विधायक ने सेरी सेरला में पार्किंग निर्माण के लिए भूमि की उपलब्धता व अन्य औपचारिकताएं पूर्ण होने के उपरांत धनराशि उपलब्ध करवाने का आश्वासन दिया। उन्होंने सरौण गांव में खेल मैदान के निर्माण के लिए 01 लाख रुपए, सेरी गांव में सामुदायिक भवन के निर्माण के लिए 02 लाख रुपए तथा युवक मण्डल देलग को 11 हजार रुपए की राशि देने की घोषणा की।
संजय अवस्थी ने तदोपरांत ‘सरकार आपके द्वार’ कार्यक्रम के तहत जन समस्याएं सुनीं तथा इनके शीघ्र निपटारे के लिए संबंधित विभागों को आवश्यक निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस कार्यक्रम का मुख्य उद्देश्य प्रदेश सरकार और जनता के बीच सीधा संपर्क स्थापित करना व प्रदेश सरकार की नीतियों व योजनाओं के बारे में जागरूक करना है।
कृषि उपज विपणन समिति सोलन के निदेशक प्यारे लाल, बाघल लैंड लूजर परिवहन समिति दाड़लाघाट के प्रधान जगदीश ठाकुर, कांग्रेस पार्टी से कपिल ठाकूर, सुरेंद्र पाठक, धनीराम ठाकुर, अमर चन्द, हेम शंकर, मदन लाल शर्मा, उपमण्डलीय पुलिस अधिकारी दाड़लाघाट नवीन झाल्टा, हिमाचल प्रदेश राज्य विद्युत बोर्ड अर्की के अधिशाषी अभियंता संदीप कुमार, लोक निर्माण विभाग अर्की के सहायक अभियंता राजेश कुमार, आदर्श युवा मण्डल देलग के सदस्यों सहित विभिन्न विभागों के वरिष्ठ अधिकारी, अन्य गणमान्य व्यक्ति व ग्रामीण इस अवसर पर उपस्थित थे।