हमीरपुर 03 मार्च। कांगड़ा केंद्रीय सहकारी बैंक की शाखा काले अंब ने नाबार्ड के सहयोग से ग्राम पंचायत नाड़सी के गांव ककड़ियार में वित्तीय साक्षरता शिविर का आयोजन किया। इस शिविर का उद्देश्य ग्रामीणों को बैंकिंग सेवाओं, बचत की आदत तथा विभिन्न सरकारी योजनाओं की जानकारी प्रदान करना था। कार्यक्रम में शाखा प्रबंधक ललित कुमार और मेहर चंद विशेष रूप से उपस्थित रहे।
शाखा प्रबंधक ने उपस्थित लोगों को वित्तीय साक्षरता के महत्व पर प्रकाश डालते हुए बताया कि आज के समय में हर व्यक्ति का बैंकिंग प्रणाली से जुड़ना अत्यंत आवश्यक है। उन्होंने किसानों को किसान क्रेडिट कार्ड के माध्यम से मिलने वाली ऋण सुविधा की जानकारी दी और समय पर ऋण चुकाने के लाभ समझाए। साथ ही उन्होंने प्रधानमंत्री जीवन सुरक्षा योजना, प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, अटल पेंशन योजना तथा महिला समृद्धि योजना सहित अन्य जमा और ऋण योजनाओं के बारे में विस्तार से बताया।
उन्होंने ग्रामीणों से अपील की कि वे इन योजनाओं का अधिक से अधिक लाभ उठाकर अपनी आर्थिक स्थिति को सुदृढ़ बनाएं। शिविर के दौरान बैंक अधिकारियों ने लोगों की शंकाओं का निवारण भी किया।