डीसी गंधर्वा राठौड़ ने सुजानपुर में लिया होली उत्सव की तैयारियों का जायजा

सुजानपुर 28 फरवरी। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने शनिवार दोपहर बाद सुजानपुर का दौरा करके राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव की तैयारियों का जायजा लिया और संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
उन्होंने मेला स्थल पर लगने वाले झूलों, दुकानों, डोम एवं जर्मन हैंगर और प्रदर्शनी स्टॉल्स इत्यादि का निरीक्षण करने के साथ-साथ उत्सव के शुभारंभ अवसर पर निकलने वाली शोभा यात्रा के रूट, मुरली मनोहर मंदिर परिसर, कला केंद्र और अस्थायी बस स्टैंड एवं पार्किंग का जायजा भी लिया।
उन्होंने कहा कि उत्सव में उमड़ने वाली लोगों की भारी भीड़ के मद्देनजर सभी आवश्यक प्रबंध किए गए हैं। उत्सव के सफल एवं सुचारू आयोजन के लिए पूरे क्षेत्र को पांच सैक्टरों में बांटा गया है और प्रत्येक सैक्टर के लिए प्रभारी अधिकारी नियुक्त किए गए हैं। उत्सव के दौरान किसी भी तरह की अप्रिय घटना को रोकने के लिए पर्याप्त संख्या में पुलिस, होमगार्ड्स और अग्निशमन कर्मियों की तैनाती की गई है। सभी दुकानों एवं स्टॉल्स के बीच पर्याप्त खाली जगह रखी गई है, ताकि किसी भी आपात परिस्थिति में बचाव कार्यों को तुरंत अंजाम दिया जा सके। सफाई व्यवस्था के लिए भी अतिरिक्त कर्मचारी तैनात किए गए हैं तथा अतिरिक्त शौचालयों की व्यवस्था भी की गई है।
उपायुक्त ने अधिकारियों से कहा कि उत्सव की सांस्कृतिक संध्याओं में कई बड़े स्टार कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। इससे इन संध्याओं में बड़ी संख्या में लोगों के पहुंचने की उम्मीद है। इसको देखते हुए सभी संबंधित अधिकारी सतर्क रहें।
इस अवसर पर एडीसी अभिषेक गर्ग, एसडीएम एवं मेला अधिकारी विकास शुक्ला, एसी टू डीसी चिराग शर्मा और अन्य अधिकारियों ने उपायुक्त को विभिन्न प्रबंधों से अवगत करवाया।

============================================

होली उत्सव में पंजाबी और हिमाचली कलाकार मचाएंगे धमाल

बब्बू मान, मनकीरत औलख और सुनंदा शर्मा जैसे पंजाबी स्टार्स से मचेगी धूम
रविवार की शाम को आकाशीय लालटेनों से जगमगा उठेगा सुजानपुर का आसमान

हमीरपुर 28 फरवरी। राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव सुजानपुर-2026 को आकर्षक बनाने के लिए आयोजन समिति ने इस बार जहां कई नई गतिविधियां शामिल की हैं, वहीं उत्सव की चारों सांस्कृतिक संध्याओं में कई नामी पंजाबी और हिमाचली स्टार कलाकारों को आमंत्रित किया गया है। बब्बू मान, मनकीरत औलख और सुनंदा शर्मा जैसे बड़े पंजाबी कलाकारों के अलावा हिमाचल के कई नामी सितारा कलाकार भी दर्शकों का खूब मनोरंजन करेंगे।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि रविवार को उत्सव की पहली सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी स्टार बब्बू मान और हिमाचल प्रदेश पुलिस के मशहूर आर्केस्ट्रा ‘हॉरमनी ऑफ पाइन्स’ के अलावा कई हिमाचली कलाकार भी दर्शकों का भरपूर मनोरंजन करेंगे।
दूसरी सांस्कृतिक संध्या के मुख्य आकर्षण पंजाबी गायक मनकीरत औलख होंगे और ममता भारद्वाज, धीरज शर्मा और अन्य हिमाचली स्टार कलाकार भी अपनी प्रस्तुतियां देंगे। तीसरी सांस्कृतिक संध्या में पंजाबी गायक सुनंदा शर्मा, हिमाचली स्टार अनुज शर्मा और अन्य कलाकार आमंत्रित किए गए हैं। आखिरी सांस्कृतिक संध्या पूरी तरह हिमाचली स्टार कलाकारों के नाम रहेगी, जिसमें कुमार साहिल सहित कई बड़े कलाकारों के नाम फाइनल किए गए हैं।
उपायुक्त ने बताया कि उत्सव के उदघाटन अवसर पर पहली मार्च की शाम को टीहरा के ऐतिहासिक किले से उत्सव के आयोजन स्थल चौगान की ओर आकाशीय लालटेनें उड़ाई जाएंगी, जिससे सुजानपुर का आसमान इन आकाशीय लालटेनों की रोशनी से जगमगा उठेगा। उत्सव के उदघाटन अवसर पर यह एक बहुत ही शानदार दृश्य होगा। इस दौरान ऐतिहासिक किले के परिसर में दीप भी प्रज्जवलित किए जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि उत्सव में ग्रामीण महिलाओं की अधिक से अधिक भागीदारी सुनिश्चित करने के लिए कई गतिविधियां आयोजित की जा रही हैं। इनमें रंगोली और मेहंदी प्रतियोगिताएं, लैमन रेस, जूट बैग रेस, झमाकड़ा, म्यूजिकल चेयर, मटका फोड़ और रस्साकशी प्रतियोगिताएं शामिल हैं।
उपायुक्त ने सभी जिलावासियों को होली की शुभकामनाएं देते हुए सुजानपुर के राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव में अधिक से अधिक संख्या में भाग लेने की अपील की है।
==============================
31 मार्च तक बनवाएं अपने परिवार के हिम केयर कार्ड

प्रदेश सरकार द्वारा प्रायोजित स्वास्थ्य योजना हिमकेयर के अंतर्गत
पंजीकृत सरकारी अस्पताल में दाखिल होने पर परिवार को पांच लाख रूपए तक के
मुफ्त इलाज की सुविधा मिलती है l हिमकेयर के अंतर्गत स्मार्ट कार्ड बनाने
की सुविधा लोकमित्र केंद्रों, साइबर कैफे या आवेदक स्वयं www.hpsbys.in
वेबसाइट पर, आधार कार्ड, राशन कार्ड, मोबाइल नंबर और श्रेणी प्रमाण पत्र
अपलोड करवा कर और निर्धारित प्रीमियम का भुगतान कर बनवा सकते है l
हिमकेयर योजना के अंतर्गत श्रेणियों को ध्यान में रखते हुए प्रीमियम की
दरें तय की गई हैं।

मुख्य चिकित्सा अधिकारी डा. प्रवीण चौधरी ने बताया की अब नया कार्ड
पंजीकरण साल में सिर्फ मार्च, जून, सितम्बर और दिसंबर महीने में ही होगा
और अब 1 मार्च से लेकर 31 मार्च 2026 तक ही नया कार्ड पंजीकरण
प्रक्रिया जारी रहेगी l इसके अलावा कार्ड का नवीनीकरण भी 31 मार्च
2026 तक करवा सकते हैं l इन कार्डों की वैद्यता 1 साल के लिए होगी l
योजना के अंतर्गत लोकमित्र केंद्र या कॉमन सर्विस सेंटर में नामांकन करने
और दस्तावेजों को अपलोड करने के लिए लाभार्थी से प्रीमियम ( पहली श्रेणी
: बी.पी.एल, मनेरेगा, रजिस्टर्ड रेहड़ी – फेरी वाले 0 प्रीमियम दे कर
अपना हिम केयर कार्ड बनवा सकते हैं l दूसरी श्रेणी : एकल नारी , 40
प्रतिशत से अधिक विकलांग, दैनिक भोगी, संविदा कर्मचारी, अंशकालिक
कर्मचारी, आउट्ससोर्स कर्मचारी , 365 रुपये दे कर अपना हिम केयर कार्ड
बनवा सकते हैं l तीसरी श्रेणी : जो लाभार्थी पहली और दूसरी श्रेणी में
नहीं आते हैं और न ही वह सरकारी कर्मचारी और पेन्सनर या उनके आश्रित
परिवार के सदस्य नहीं हैं 1000 रूपये देकर अपना हिम केयर कार्ड बनवा सकते
हैं l ) के अतिरिक्त 50 रूपए का शुल्क लिया जाएगा। योजना में विभिन्न
प्रकार की आम व गंभीर बीमारियों को शामिल किया गया है। लाभार्थी प्रदेश
में हिमकेयर कार्ड के अंतर्गत पंजीकृत सरकारी अस्पतालों के अलावा पंजीकृत
निजी अस्पतालों( केवल डायलिसिस मरीज के लिए ) में जाकर मुफ्त इलाज करवा
सकते हैं। इसके अतिरिक्त पी. जी. आई. चंडीगढ़ और एम्स बिलासपुर में भी इस
कार्ड पर मुफ्त इलाज की सुविधा उपलब्ध है|

अत: सभी लाभार्थियों से अनुरोध है की अपना हिम केयर कार्ड समय पर बनवा
लें अन्यथा मुसीबत के समय गंभीर समस्या का सामना करना पड़ सकता है l