एफसीए मामलों की प्रगति को लेकर बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने की अध्यक्षता
आपत्तियों का समयबद्ध समाधान किया जाए सुनिश्चित-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल
चंबा, फरवरी 9-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल की अध्यक्षता में आज उनके कार्यालय कक्ष में वन संरक्षण अधिनियम (एफसीए) के अंतर्गत वन मंडल चुराह से संबंधित विभिन्न स्वीकृति मामलों की प्रगति को लेकर समीक्षा बैठक का आयोजन किया गया।
उपायुक्त ने बैठक के दौरान 23 विभिन्न विभागीय परियोजनाओं के अंतर्गत स्वीकृति मामलों के तहत प्रगति की विस्तृत समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उन्होंने शिक्षा विभाग के अधिकारियों को कन्या छात्रावास हिमगिरी से संबंधित भूमि मामले को अगली बैठक से पूर्व वन अधिकार अधिनियम (एफआरए) के तहत सभी विभागीय औपचारिकताओं को पूर्ण कर अनुमति के लिए मामला प्रेषित करने के निर्देश दिए।
मुकेश रेपसवाल स्वीकृति प्रक्रिया में तेजी लाने की आवश्यकता पर जोर देते हुए सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्देश दिए कि स्वीकृति के द्वितीय चरण के अंतर्गत मामलों की अनुपालना शीघ्र सुनिश्चित बनाई जाए।
साथ में उन्होंने यह भी कहा कि अंतर विभागीय समन्वय के आधार पर स्वीकृति के दौरान विभिन्न चरणों पर लगने वाली आपत्तियों का समयबद्ध समाधान भी सुनिश्चित बनाया जाए।
बैठक में अग्निशमन केंद्र भवन तीसा से मामले में प्रगति की जानकारी देते हुए विभागीय प्रतिनिधि ने अगवत किया कि विभिन्न आपत्तियों का समाधान कर एक सप्ताह के भीतर विवरण को पोर्टल पर अपलोड कर दिया जाएगा।
बैठक में लोक निर्माण विभाग, शिक्षा विभाग, जल शक्ति विभाग से संबंधित विभिन्न विभागीय परियोजनाओं की विस्तृत समीक्षा की गई।
बैठक में वन मंडल अधिकारी चुराह सुशील कुमार सहायक अभियंता लोक निर्माण राजेश सहगल सहित विभिन्न विभागीय अधिकारी उपस्थित रहे।
=======================================
20 से 22 फरवरी तक चमेरा झील के तलेरू पर्यटन स्थल में आयोजित होगा लेक फेस्टिवल: मुकेश रेपसवाल
उपायुक्त ने लेक फेस्टिवल की तैयारियों का लिया जायजा
चम्बा (सलूणी), 9 फरवरी-उपायुक्त मुकेश रेपसवाल ने आज उपमंडल सलूणी के तलेरू पर्यटन स्थल में 20 से 22 फरवरी तक आयोजित होने वाले लेक फेस्टिवल की तैयारियों एवं व्यवस्थाओं का जायजा लिया। इस दौरान उन्होंने संबंधित अधिकारियों के साथ बैठक कर फेस्टिवल के सफल आयोजन हेतु तैयार कार्य योजना कि विस्तृत समीक्षा कर आवश्यक दिशा निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि उपमंडलीय प्रशासन सलूणी द्वारा आयोजित किए जा रहे इस फेस्टिवल का मुख्य उद्देश्य पर्यटन तथा स्थानीय संस्कृति को बढ़ावा देना है। उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से सलूणी व तीसा क्षेत्र के अनछुए पर्यटन स्थलों को प्रोत्साहित करने का प्रयास किया जा रहा है।
उन्होंने बताया कि फेस्टिवल के दौरान दो दिनों तक सांस्कृतिक संध्या (कल्चरल नाइट) कार्यक्रम आयोजित किए जाएंगे, जिनमें स्थानीय लोक संगीत एवं लोक नृत्य प्रस्तुत किए जाएंगे। साथ ही पर्यटकों के लिए बोटिंग सहित विभिन्न गतिविधियों का भी आयोजन किया जाएगा। उपायुक्त ने बताया कि इस अवसर पर महिला मंडलों एवं स्वयं सहायता समूहों द्वारा तैयार स्थानीय उत्पादों को भी प्रदर्शित व प्रोत्साहित किया जाएगा।
उन्होंने कहा कि इस आयोजन के माध्यम से जिले के अन्य अनछुए क्षेत्रों में पर्यटन को बढ़ावा देने के लिए विशेष प्रयास किए जाएंगे।
उपायुक्त ने संबंधित विभागीय अधिकारियों को आयोजन के दौरान स्वच्छता का विशेष ध्यान रखने के निर्देश भी दिए।
उपायुक्त ने इस दौरान विभिन्न प्रेस प्रतिनिधियों तथा सोशल मीडिया कर्मियों से संवाद कर लेक फेस्टिवल के व्यापक प्रचार-प्रसार को कहा।
इस अवसर पर एसडीएम सलूणी चंद्रवीर सिंह, एसडीएम चम्बा प्रियांशु खाती, जिला पर्यटन विकास अधिकारी राजीव मिश्रा,जिला विकास अधिकारी तिवेंद्र चिनोरिया, महाप्रबंधक बैरा स्यूल परियोजना एनएचपीसी छत्र रंजन शर्मा, तहसीलदार सलूणी अभिराय सिंह सहित अन्य अधिकारी एवं कर्मचारी उपस्थित रहे।