हिसार, 27.01.26-- अग्रोहा धाम में गणतंत्र दिवस पर सांस्कृतिक कार्यक्रम अग्रोहा धाम अग्रोहा विकास ट्रस्ट के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग की अध्यक्षता में हुआ। बजरंग गर्ग ने गणतंत्र दिवस पर ध्वजारोहण किया। जिसमें भारी संख्या में महिला व पुरुषों ने भाग लिया। अग्रोहा धाम के राष्ट्रीय कार्यकारी अध्यक्ष बजरंग गर्ग ने कहा कि भारत देश का संविधान 26 जनवरी 1950 में पूरी तरह से लागू हुआ था। लोकतन्त्र की जननी, भारतभूमि, उपनिवेश के विधि-विधान से मुक्त हुई और हमारा लोक-तंत्रात्मक गणराज्य अस्तित्व में आया।

बजरंग गर्ग ने कहा कि देश के लाखों वीर जवानों ने अपनी जान की कुर्बानी देकर भारत देश को आजाद करवाया। उन शहीदों के कारण आज हम आजाद भारत में सुख की सांस ले रहे हैं। भारत देश में हिंदू, मुस्लिम, सिख, इसाई, मिलजुल कर एक छत के नीचे रह रहे हैं जबकि हरियाणा जय जवान जय किसान जय पहलवानों के नाम से पूरे विश्व में प्रसिद्ध है। हरियाणा कृषि उपज प्रदेश है। हरियाणा पूरी तरह कृषि पर निर्भर करता है। किसान हमारे देश का अन्नदाता है, इसी प्रकार हरियाणा के हजारों नौजवान देश के लिए सीमाओं पर शहीद हो गए हैं और भारी संख्या में नौजवान देश के लिए फौज में अपनी सेवाएं दे रहे हैं। बजरंग गर्ग ने कहा कि हमारे पहलवानों ने कुश्ती में अनेकों बार गोल्ड मेडल जीत कर भारत देश का नाम विश्व स्तर पर चमकने का काम किया। हमें देश व हरियाणा के जवानों पर नाज है, जो रात-दिन अपनी जान की परवाह ना करते हुए देश की सीमाओं की रक्षा कर रहे हैं।

इस अवसर पर अग्रोहा धाम महिला समिति के अध्यक्ष रम्मी गुप्ता, कोषाध्यक्ष पवन गर्ग, सचिव ब्रह्मानंद गोयल भट्टू, युवा संयोजक अनंत अग्रवाल बरवाला, महेश अग्रवाल मथुरा, संदीप कुमार, राजकुमार माहेश्वरी राजस्थान, प्रेम गुप्ता पंजाब, कीर्ति गर्ग सिरसा, राम लाल अग्रवाल दिल्ली, ईश्वर गोयल अग्रोहा आदि प्रतिनिधियों ने अपने विचार रखें।