चंबा, 3 अक्टूबर -प्रदेश सरकार के विशेष प्रचार अभियान के तहत चम्बा रंग दर्शन चम्बा पक्काटाला के कलाकारों ने चम्बा विधानसभा क्षेत्र की भनोता पंचायत में जन-जागरूकता कार्यक्रम आयोजित किए। इन कार्यक्रमों में कलाकारों ने गीत-संगीत और नुक्कड़ नाटकों के माध्यम से लोगों को सरकार द्वारा चलाई जा रही विभिन्न जनकल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी। साथ ही नशे के बढ़ते दुष्प्रभावों और उसकी रोकथाम के बारे में भी विस्तार से बताया गया।

कलाकारों ने कार्यक्रम के दौरान बताया कि प्रदेश सरकार अनुसूचित जाति वर्ग के सामाजिक और आर्थिक उत्थान के लिए अनेक योजनाएं चला रही है। हिमाचल प्रदेश अनुसूचित जाति, जनजाति विकास निगम के माध्यम से पात्र लाभार्थियों को व्यवसाय शुरू करने और शिक्षा प्राप्त करने के लिए रियायती ब्याज दरों पर ऋण सुविधाएं उपलब्ध करवाई जा रही हैं। इसके अतिरिक्त, कलाकारों ने महर्षि वाल्मीकि छात्रवृत्ति योजना, स्वरोजगार योजना, स्वर्ण जयंती आश्रय योजना, महिला समृद्धि योजना, सफाई कर्मचारियों के लिए ऋण सुविधाएं और शिक्षा ऋण योजना के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इस कार्यक्रम के माध्यम से लोगों को न केवल सरकारी योजनाओं के प्रति जागरूक किया गया, बल्कि नशा मुक्ति का सशक्त संदेश भी समाज तक पहुँचाया गया। चम्बा रंग दर्शन चम्बा पक्काटाला के कलाकारों ने 2 अक्टूबर को चम्बा विधानसभा क्षेत्र की उटीप और बाट पंचायत में भी विभिन्न जन कल्याणकारी योजनाओं की जानकारी दी।