खुदरा उत्पाद शुल्क इकाइयों/अधिगमों की ऑनलाइन ई-नीलामी 28 फरवरी को हमीर भवन में ।

HAMIRPUR, 27.02.26-उपायुक्त हमीरपुर गन्धर्वा राठौड़ के निर्देशानुसार हमीरपुर जिले के लिए वर्ष 2026-27 के दौरान खुदरा उत्पाद इकाइयों (एल-2/एल-14/एल-14 ए ) का वार्षिक आवंटन ई-नीलामी के माध्यम से किया जाएगा । उत्पाद शुल्क इकाइयों/अधिगमों के ऑनलाइन ई-नीलामी के माध्यम से आवंटन की तिथि 28 फरवरी निर्धारित की गयी है । आबंटन की प्रक्रिया सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे तक चलेगी। ऑनलाइन ई-एक्शन के माध्यम से आवंटन का स्थान अब एनआईसी हॉल के स्थान पर हमीर भवन कर दिया गया है। उपायुक्त ने सम्बंधित विभागों को आबकारी इकाइयों के आवंटन की प्रक्रिया के दौरान हमीर भवन में ऑनलाइन प्रणाली के सुचारू रूप से कार्य करने की व्यवस्था को सुनिश्चित करने के निर्देश दिए ।

=====================================

अणु में 28 को कुछ घंटे बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 27 फरवरी। विद्युत उपमंडल-2 हमीरपुर में 28 फरवरी को लाइनों की आवश्यक मरम्मत और पेड़ों की काट-छांट के कार्य के चलते अणु के सामुदायिक भवन के आस पास के क्षेत्र, पुरी टैंट हाउस, सिंदूरी माता मंदिर व आस पास के क्षेत्रों में सुबह 11 बजे से 1 बजे तक बिजली बंद रहेगी।
सहायक अभियंता सौरभ राय ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।

======================================

सामूहिक झमाकड़ा लोकनृत्य के लिए सैकड़ों महिलाओं ने की रिहर्सल

हमीरपुर 27 फरवरी। सुजानपुर में एक मार्च से चार मार्च तक आयोजित किए जा रहे राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के दूसरे दिन यानि 2 मार्च को आयोजित किए जाने वाले सामूहिक लोकनृत्य झमाकड़ा के लिए जिले भर की महिलाओं में काफी उत्साह नजर आ रहा है तथा वे इसकी रिहर्सल में भाग ले रही हैं।
शुक्रवार को शहीद कैप्टन मृदुल शर्मा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला हमीरपुर के मैदान में आयोजित रिहर्सल में भी सैकड़ों महिलाओं ने भाग लिया।
उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि 2 मार्च को राष्ट्र स्तरीय होली उत्सव के आयोजन स्थल सुजानपुर के चौगान में आयोजित होने वाले सामूहिक लोकनृत्य झमाकड़ा में अधिक से अधिक महिलाओं की भागीदारी सुनिश्चित की जा रही है। उन्होंने बताया कि महिलाएं इसके प्रति काफी उत्साहित हैं।