हमीरपुर, 12.10.26- हाल ही में आयोजित अंतर-महाविद्यालय महिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में नेताजी सुभाष चंद्र बोस मेमोरियल राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर (एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर) की टीम ने शानदार प्रदर्शन करते हुए प्रथम उपविजेता ट्रॉफी अपने नाम की। यह प्रतियोगिता 6 अक्टूबर से 10 अक्टूबर तक रिकांग पीओ महाविद्यालय में आयोजित की गई, जिसमें हिमाचल प्रदेश के 32 महाविद्यालयों की महिला टीमों ने भाग लिया।

प्रतियोगिता में एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर की खिलाड़ियों ने उत्कृष्ट खेल प्रतिभा का प्रदर्शन किया। एकल वर्ग में रितिका ने महाविद्यालय का प्रतिनिधित्व किया, जबकि युगल वर्ग में रितिका और मीनाक्षी की जोड़ी ने शानदार प्रदर्शन किया। टीम में इनके साथ अलीशा भी शामिल रहीं।
महाविद्यालय की खिलाड़ियों ने पूरे टूर्नामेंट के दौरान बेहतरीन खेल कौशल, आत्मविश्वास और मेहनत का परिचय देते हुए महिला बैडमिंटन चैंपियनशिप में प्रथम उपविजेता ट्रॉफी हासिल की। इस उपलब्धि से महाविद्यालय का नाम गौरवान्वित हुआ है।
विजयी ट्रॉफी डॉ. मंजुला शर्मा, प्रो. प्रेम लता एवं डॉ. पवन वर्मा ने संयुक्त रूप से एनएससीबीएम राजकीय महाविद्यालय हमीरपुर की प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह को सौंपी।
इस अवसर पर प्राचार्य डॉ. संगीता सिंह ने खिलाड़ियों को उनकी शानदार उपलब्धि के लिए बधाई दी और उनके उज्ज्वल भविष्य की कामना की। उन्होंने कहा कि महाविद्यालय विद्यार्थियों को खेल गतिविधियों में आगे बढ़ने के लिए निरंतर प्रोत्साहित करता है।
प्राचार्य ने खिलाड़ियों, शारीरिक शिक्षा विभाग एवं सभी सहयोगियों के प्रयासों की सराहना करते हुए कहा कि ऐसी उपलब्धियां अन्य विद्यार्थियों को भी खेलों में भाग लेने के लिए प्रेरित करती हैं।