चंडीगढ़, 22 जुलाई। दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीचार्ज के खिलाफ जननायक जनता पार्टी के युवा प्रदेश अध्यक्ष दिग्विजय सिंह चौटाला ने हरियाणा में बड़ा आंदोलन छेड़ दिया है। अनिश्चितकालीन धरना शुरू करते हुए दिग्विजय चौटाला ने कहा कि अपने-अपने क्षेत्र को जंतर-मंतर बनाकर युवाओं की आवाज को दिल्ली तक पहुंचाई जाए। बुधवार को दिग्विजय चौटाला भारी संख्या में युवाओं के साथ सिरसा स्थित टाउन पार्क में स्थापित जननायक चौधरी देवीलाल की प्रतिमा के पास अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे। दिग्विजय ने भाजपा सरकार को चेतावनी देते हुए कहा जब तक युवाओं को न्याय नहीं मिलता, तब तक वे चैन से नहीं बैठेंगे और समय आने पर दिल्ली कूच से भी पीछे नहीं हटेंगे। दिग्विजय चौटाला ने ये भी कहा कि राजनीति से हटकर वे एक युवा होने के नाते अनिश्चितकालीन धरने पर बैठे हैं। उन्होंने सभी सामाजिक संगठनों से भी आह्वान किया कि दलगत राजनीति से ऊपर उठते हुए सब एकजुट होकर युवाओं के खिलाफ हुए अन्याय को लेकर पूरे हरियाणा में आवाज उठाएं ताकि हम सब मिलकर युवाओं की आवाज को बुलंद कर सके।

जेजेपी युवा प्रदेशाध्यक्ष दिग्विजय चौटाला ने कहा कि आज भाजपा सरकार की दमनकारी नीतियों से युवा परेशान है और उसके खिलाफ आवाज उठाना जरूरी है। उन्होंने कहा कि 20 जुलाई को दिल्ली स्थित जंतर-मंतर पर देशभर से लाखों युवा शिक्षा व्यवस्था में सुधार की मांग को लेकर एकजुट हुए थे और युवाओं के शांतिप्रिय प्रदर्शन के बावजूद पुलिस की बर्बरता के जो दृश्य सामने आए, वे रोंगटे खड़े करने वाले है। दिग्विजय ने कहा कि निहते बच्चों पर बेरहम पुलिस ने न केवल कीलें लगाकर लाठियां बरसाई बल्कि बरसात में टेजर गन से करंट के झटके भी दिए गए। इतना ही नहीं प्रदर्शनकारी बहनों के साथ दुर्व्यवहार किया गया। उन्होंने कहा कि दिल्ली में छात्रों पर हुए लाठीजार्च से आज प्रत्येक देशवासी आहत है और लोगों में आक्रोश है।