हमीरपुर 28 नवंबर। राज्य नशा निवारण बोर्ड के संयोजक एवं सलाहकार नरेश ठाकुर ने शनिवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला ककड़ियार में ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान-2026’ के तहत आयोजित सेमिनार की अध्यक्षता की।
इस अवसर पर विद्यार्थियों के साथ संवाद के दौरान उन्होंने कहा कि हिमाचल प्रदेश में नशे की समस्या और विशेषकर चिट्टे जैसे खतरनाक नशीले पदार्थ के सेवन एवं तस्करी को पूरी तरह समाप्त करने के लिए मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंद्र सिंह सुक्खू ने एक बहुत बड़ा अभियान शुरू किया है। उनका यह अभियान एक जन आंदोलन का रूप ले चुका है।नरेश ठाकुर ने कहा कि नशे के कारण कई युवा और उनके परिवार बुरी तरह तबाह हो चुके हैं। इन युवाओं एवं उनके परिजनों की पीड़ा को समझते हुए मुख्यमंत्री ने चिट्टा मुक्त अभियान आरंभ किया है। इसी के अंतर्गत युवाओं को खेलों की ओर आकर्षित करने के लिए अब ‘खेलो हिमाचल-चिट्टा मुक्त अभियान-2026’ की शुरुआत की जा रही है। इसमें राज्य, जिला और उपमंडल स्तर पर क्रिकेट, वॉलीबाल, कबड्डी, बैडमिंटन, एथलेटिक्स, हॉकी, कुश्ती और रस्साकशी की प्रतियोगिताएं करवाई जाएंगी, जिनमें लाखों के ईनाम रखे गए हैं। इनमें भाग लेने के लिए 15 से 30 वर्ष तक के युवक-युवतियां 30 नवंबर तक वेबपोर्टल खेलोहिमाचल.एचपी.जीओवी.इन khelohimachal.hp.gov.in पर अपना पंजीकरण करवा सकते हैं। इन प्रतियोगिताओं में फुटबाल और बास्केटबाल को भी शामिल किया जा रहा है।राज्य स्तर पर विजेता टीमों को 31 लाख रुपये, उपविजेता को 15 लाख और तृतीय स्थान पर रहने वाली टीमों को 10 लाख रुपये तक के ईनाम दिए जाएंगे। जिला स्तर पर पहले तीन स्थानों के लिए क्रमशः 2 लाख, डेढ़ लाख और एक लाख रुपये तक के ईनाम मिलेंगे। उपमंडल स्तर की प्रतियोगिताओं में भी 51 हजार, 41 हजार और 31 हजार रुपये के ईनाम रखे गए हैं।नरेश ठाकुर ने बताया कि मुख्यमंत्री ने नशे के कारोबार में संलिप्त लोगों के खिलाफ बहुत ही सख्त कार्रवाई का प्रावधान किया है। ऐसे लोगों को सलाखों के पीछे भेजने के साथ-साथ इनकी संपत्ति भी जब्त की जा रही है। नशे के धंधे में संलिप्त लोगों की पुलिस से सीधी शिकायत के अलावा टॉल फ्री नंबर 112 और ‘ड्रग फ्री हिमाचल’ ऐप पर भी सूचना दी जा सकती है। इन पर सूचना देने वाले लोगों के नाम पूरी तरह गुप्त रखे जाते हैं। शिक्षकों और अभिभावकों से भी सावधानी बरतने की अपील करते हुए नरेश ठाकुर ने कहा कि वे बच्चों को नशे के दुष्प्रभावों से अवगत करवाएं।कार्यक्रम में प्रधानाचार्य अंजलि शर्मा, प्राध्यापक सुभाष ठाकुर और अन्य शिक्षक भी उपस्थित रहे।