एड्स नियंत्रण में उत्कृष्ट कार्य के लिए उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने जिला टीम को किया सम्मानित
जूनोटिक बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक आयोजित
चम्बा, 23 नवंबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने आज उपायुक्त कार्यालय के एनआईसी कक्ष में एचआईवी/एड्स संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के क्षेत्र में उत्कृष्ट कार्य करने वाली जिला एड्स रोकथाम टीम को सम्मानित किया। उन्होंने पूरी टीम को बधाई देते हुए उनके समर्पण, प्रतिबद्धता एवं प्रयासों की सराहना की।
उन्होंने बताया कि भारत सरकार की अक्टूबर-नवंबर माह की रिपोर्ट के अनुसार जिला चम्बा को एचआईवी संक्रमण की रोकथाम एवं नियंत्रण के लिए सुरक्षित श्रेणी में शामिल किया गया है। जिला चम्बा ने निर्धारित 95-95-95 के तीनों राष्ट्रीय लक्ष्यों को हासिल किया है। जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. हरित पुरी के नेतृत्व में गठित टीम ने नियमित जांच, संक्रमित व्यक्तियों की पहचान, उन्हें उपचार केंद्रों से जोड़ने तथा उपचार की निरंतर निगरानी के माध्यम से यह उपलब्धि हासिल की है। इसमें हिमाचल प्रदेश राज्य एड्स नियंत्रण समिति, जिला प्रशासन, स्वास्थ्य विभाग, स्वयंसेवी संस्थाओं तथा खंड स्तर की स्वास्थ्य टीमों का महत्वपूर्ण योगदान रहा है।
उपायुक्त ने स्वास्थ्य विभाग को निर्देश दिए कि एचआईवी संक्रमित ऐसे नौ मामलों की लाइन लिस्ट तैयार की जाए, जो अभी तक एंटी रेट्रोवायरल थेरेपी (एआरटी) उपचार से नहीं जुड़े हैं। उन्होंने सभी नौ मामलों की नियमित ट्रैकिंग करने तथा यदि मरीज जिला चम्बा से बाहर हैं तो संबंधित क्षेत्र की स्वास्थ्य इकाइयों से समन्वय स्थापित कर उन्हें शीघ्र उपचार से जोड़ने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि इस पूरी प्रक्रिया में मरीजों की पहचान एवं स्वास्थ्य संबंधी जानकारी की पूर्ण गोपनीयता सुनिश्चित की जाए, ताकि कोई भी मरीज आवश्यक उपचार से वंचित न रहे।
उन्होंने बताया कि जिले में गर्भवती महिलाओं की एचआईवी, सिफलिस एवं हेपेटाइटिस-बी संक्रमण के लिए शत-प्रतिशत जांच भी सुनिश्चित की गई है। उपायुक्त ने टीम को भविष्य में सुरक्षित प्लस श्रेणी का लक्ष्य हासिल करने के लिए प्रयास जारी रखने को कहा। उन्होंने बताया कि विश्व एड्स दिवस के उपलक्ष्य में 1 दिसंबर को दिल्ली में भी जिला चम्बा की टीम को उत्कृष्ट कार्यों के लिए सम्मानित किया जाएगा।
इस दौरान जूनोटिक बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर जिला स्तरीय समिति की बैठक भी आयोजित की गई। बैठक में पशुओं से मनुष्यों में फैलने वाली बीमारियों की रोकथाम एवं नियंत्रण को लेकर विस्तृत चर्चा की गई। इस दौरान स्क्रब टायफस, रेबीज, लेप्टोस्पायरोसिस, ब्रुसेलोसिस तथा पशुओं में होने वाली लंपी त्वचा बीमारी के संबंध में जानकारी साझा की गई।
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने स्वास्थ्य एवं पशुपालन विभाग को गांव स्तर पर व्यापक जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। उन्होंने कहा कि लोगों को इन बीमारियों के लक्षण, संक्रमण के कारणों तथा बचाव के उपायों के प्रति जागरूक किया जाए। साथ ही स्वास्थ्य संस्थानों एवं पशु चिकित्सालयों में आवश्यक जांच सुविधाएं, पर्याप्त दवाइयां तथा उपचार की समुचित व्यवस्था सुनिश्चित की जाए। उन्होंने विशेष रूप से स्क्रब टायफस एवं रेबीज से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने पर बल दिया।
बैठक में पशुपालन विभाग ने बताया कि बर्ड फ्लू की निगरानी के लिए प्रतिवर्ष लगभग 300 से 350 पक्षियों के नमूने एकत्रित किए जाते हैं। बाहरी राज्यों, विशेषकर पंजाब से आने वाले पक्षियों के नमूनों की भी जांच की जाती है, ताकि संभावित संक्रमण की समय रहते पहचान सुनिश्चित की जा सके।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागों को आपसी समन्वय से कार्य करने तथा बीमारियों की नियमित निगरानी, समय पर पहचान एवं प्रभावी उपचार सुनिश्चित करने के निर्देश दिए।
बैठक में मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. जालम सिंह भारद्वाज, उपनिदेशक पशुपालन डॉ. राकेश भंगालिया, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, जिला एड्स नियंत्रण अधिकारी डॉ. हरित पुरी सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।