धर्मशाला:16-11-2026-सर्वदलीय बैठक सम्पन्न होने के उपरान्त इलैक्ट्रॉनिक मीडिया के प्रतिनिधियों को सम्बोधित करते हुए विधान सभा अध्यक्ष कुलदीप सिंह पठानियां ने कहा कि सर्वदलीय बैठक जिसमें सिर्फ दो ही दल है की बैठक आज सौहार्दपूर्ण माहौल में सम्पन्न हुई। इस बैठक में सत्तापक्ष की ओर से उप-मुख्य सचेतक हि०प्र० सरकार, केवल सिंह पठानियां तथा प्रतिपक्ष की ओर से भारतीय जनता पार्टी के मुख्य सचेतक, सुख राम चौधरी उपस्थित थे। इस अवसर पर विधान सभा सचिव यशपाल शर्मा भी मौजूद थे। पठानियां ने कहा कि बैठक में आज के दिन के लिए प्रस्तावित विधायी कार्यसूची पर चर्चा की गई तथा दोनों दल के प्रतिनिधियों ने इस पर अपनी सहमति जताई। इसके अतिरिक्त अगली 5 बैठकों की कार्यसूची पर भी चर्चा की गई जिस पर दोनों पक्षों ने सत्र संचालन में अपना –अपना सहयोग देने की बात कही।

इस दौरान विधान सभा अध्यक्ष ने दोनों दलों के माननीय सदस्यों से सत्र संचालन में रचनात्मक सहयोग देने की अपील की तथा सदन के समय का सदुपयोग जनहित से जुड़े विषयों को उठाने, चर्चा करने तथा उस पर सही निर्णय पाने का आग्रह किया है। पठानियां ने कहा कि वह सभी सदस्यों को सार्थक चर्चा के लिए भरपूर समय देंगे तथा प्रतिपक्ष अपनी जिम्मेवारी निभाते हुए सत्तापक्ष से जनहित से जुड़े मुद्दों पर प्रश्न पूछे और सरकार का भी यह दायित्व है कि वह प्रतिपक्ष द्वारा पूछे गए प्रश्नों तथा सूचनाओं का समयवद्व तथा तथ्यपूर्ण जवाब दे।