मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के तहत 16 से 18 नवंबर तक विशेष ग्राम सभा बैठकों का होगा आयोजन
चम्बा, 13 नवंबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि मुख्यमंत्री अपना परिवार सुखी परिवार योजना के अंतर्गत प्रथम से नवम् चरण तक चिन्हित परिवारों की सूची पर चर्चा एवं जनसंवीक्षा के लिए जिला चम्बा के समस्त विकास खण्डों की ग्राम पंचायतों में विशेष ग्राम सभा बैठकों का आयोजन 16, 17 और 18 नवंबर को किया जाएगा। बैठकों में योजना के अंतर्गत चिन्हित परिवारों की सूची पर विस्तृत चर्चा एवं जनसंवीक्षा की जाएगी।
उन्होंने बताया कि विकास खंड भरमौर व पांगी में 16 और 17 नवंबर को वहीं विकास खंड भटियात, चम्बा, मैहला, सलूणी और तीसा में 16, 17 और 18 नवंबर को विशेष ग्राम सभाओं का आयोजन किया जाएगा। इन विशेष ग्राम सभा बैठकों का समय प्रातः 11 बजे निर्धारित किया गया है।
====================================
जिला में धुआं रहित फ्लेवरयुक्त तंबाकू उत्पादों के भंडारण, परिवहन एवं बिक्री पर प्रतिबंध
जिला दंडाधिकारी मुकेश रेपस्वाल ने जारी किए आदेश
चंबा, नवंबर 13-जिला दंडाधिकारी मुकेश रेपस्वाल ने भारतीय नागरिक सुरक्षा संहिता 2023 के तहत जिले में धुआंरहित फ्लेवरयुक्त तंबाकू उत्पादों के भंडारण, परिवहन, वितरण एवं बिक्री को तत्काल प्रभाव से प्रतिबंधित करने के आदेश जारी किए हैं।
जिला दंडाधिकारी द्वारा जारी आदेश के अनुसार ऐसे धुआं रहित तंबाकू उत्पाद जिनमें स्वाद, सुगंध, ठंडक अथवा सेवन को अधिक आकर्षक बनाने के उद्देश्य से फ्लेवरिंग एजेंट, मेंथॉल एवं अन्य एडिटिव्स का उपयोग किया जाता है, प्रतिबंध के दायरे में आएंगे। इनमें विशेष रूप से कूल-लिप फिल्टर तंबाकू भी शामिल है।
जारी आदेश में यह भी कहा गया है कि मुख्य चिकित्सा अधिकारी द्वारा प्रस्तुत प्रस्ताव एवं चिकित्सकीय विश्लेषण के अनुसार फ्लेवरयुक्त धुआंरहित तंबाकू उत्पादों में मिलाए जाने वाले मेंथोल एवं अन्य स्वादवर्धक तत्व इनके आकर्षण और सेवन की प्रवृत्ति को बढ़ाते हैं। ऐसे उत्पादों की सहज उपलब्धता से विशेषकर किशोरों एवं युवाओं में तंबाकू सेवन तथा निकोटीन की लत बढ़ने की आशंका रहती है। उत्पाद जन स्वास्थ्य के लिए गंभीर खतरा उत्पन्न कर सकते हैं ।
जारी आदेश में पुलिस अधीक्षक, सभी कार्यकारी दंडाधिकारियों, खाद्य सुरक्षा अधिकारियों एवं अन्य संबंधित अधिकारियों को आदेश का कड़ाई से अनुपालना सुनिश्चित करने तथा उल्लंघन करने वालों के विरुद्ध नियमानुसार कार्रवाई करने को कहा गया है।
यह आदेश तत्काल प्रभाव से लागू होगा तथा जारी होने की तिथि से दो माह की अवधि तक प्रभावी रहेगा, जब तक कि इसे सक्षम प्राधिकारी द्वारा संशोधित, निरस्त अथवा विस्तारित नहीं किया जाता।