डीसी ने खाद्यान्नों के गोदाम और उचित मूल्य की दुकानों का किया औचक निरीक्षण

हमीरपुर 05 नवंबर। उपायुक्त गंधर्वा राठौड़ ने वीरवार को कुठेड़ा में स्थित भारतीय खाद्य निगम के गोदाम का औचक निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने गोदाम में खाद्यान्नों की भंडारण व्यवस्था, खाद्यान्नों की गुणवत्ता एवं स्टॉक, सफाई और अन्य आवश्यक प्रबंधों का जायजा लिया तथा संबंधित अधिकारियों को दिशा-निर्देश जारी किए।
इसके बाद उपायुक्त ने गांव कुठेड़ा, री और चबूतरा में उचित मूल्य की दुकानों का भी निरीक्षण किया। इस दौरान उन्होंने इन दुकानों के संचालकों एवं सेल्समैनों से खाद्यान्नों के स्टॉक एवं भंडारण की विस्तृत रिपोर्ट तलब की। उन्होंने खाद्यान्नों की गुणवत्ता, सही भंडारण एवं सफाई तथा इनके वितरण में पारदर्शिता सुनिश्चित करने के निर्देश भी दिए।
इस अवसर पर खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग की जिला नियंत्रक आंचल कुमारी, जिला खाद्य अधिकारी अनीष ठाकुर और अन्य अधिकारी भी उपस्थित थे।
===========================================
डाडू स्कूल में विद्यार्थियों को दी भगवान बिरसा मुंडा के योगदान की जानकारी

हमीरपुर 05 नवंबर। महान स्वतंत्रता सेनानी एवं आदिवासी नेता और समाज सुधारक भगवान बिरसा मुंडा के जन्म दिवस के उपलक्ष्य पर इस वर्ष भी एक से 15 नवंबर मनाए जा रहे जनजातीय गौरव पखवाड़े के तहत जिला हमीरपुर में भी कई कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, वीरवार को विकास खंड भोरंज के अनुसूचित जनजाति बाहुल गांव डाडू की राजकीय माध्यमिक पाठशाला में चित्रकला प्रतियोगिता आयोजित की गई।
भोरंज के खंड विकास अधिकारी रजत चौधरी ने बताया कि इस दौरान बच्चों को भगवान बिरसा मुंडा के व्यक्तित्व और स्वतंत्रता संग्राम में उनके बहुमूल्य योगदान की विस्तृत जानकारी भी दी गई।