सोलन-दिनांक 05.11.2026

उपायुक्त सोलन ने खंड विकास अधिकारियों के साथ बैठक कर विकास कार्यों की समीक्षा की
योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के दिए निर्देश

उपायुक्त सोलन मनमोहन शर्मा की अध्यक्षता में आज यहां जिला के सभी खंड विकास अधिकारियों के साथ समीक्षा बैठक आयोजित की गई।
बैठक में केंद्र प्रायोजित योजनाओं, मनरेगा, स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण), प्रधानमंत्री आवास योजना तथा राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन सहित विभिन्न ग्रामीण विकास योजनाओं की प्रगति की समीक्षा की गई तथा योजनाओं के प्रभावी क्रियान्वयन तथा लंबित कार्यों को समयबद्ध पूरा करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कहा कि विकसित भारत रोज़गार और आजीविका मिशन-ग्रामीण (वी.वी-जी-राम-जी) योजना के अंतर्गत सोलन जिला में लक्षित श्रम दिवस अर्जित करने के लिए विशेष प्रयास किए जाए। योजना के भौतिक लक्ष्य की प्राप्ति के लिए ज़िला के विभिन्न पंचायत प्रतिनिधियों को जागरुक करने के लिए उनके साथ बैठक आयोजित करने के निर्देश दिए।
उपायुक्त ने मनरेगा के अंतर्गत लंबित कार्यों की समीक्षा करते हुए संबंधित अधिकारियों को अपूर्ण कार्यों को शीघ्र पूर्ण करने तथा कार्यों के उपयोगिता प्रमाण पत्र एवं आवश्यक दस्तावेज समय पर प्रस्तुत करने के निर्देश दिए।
बैठक में अवगत करवाया गया कि स्वच्छ भारत मिशन (ग्रामीण) योजना के तहत जिला के पांच विकास खंडों में ओडीएफ प्लस आदर्श गांवों के सत्यापन के तहत 1,133 गांवों का सत्यापन एवं प्रमाणन किया जा चुका है। जिला में 240 ग्राम पंचायतों के 2262 गांवों में से 1066 गांवों का सत्यापन किया गया है। उन्होंने शेष गांवों का सत्यापन व जियो टैगिंग 25 नवम्बर तक पूर्ण करने के निर्देश दिए।
बैठक में व्यक्तिगत घरेलू शौचालय, सामुदायिक स्वच्छता परिसरों तथा ठोस एवं तरल कचरा प्रबंधन की स्थिति की भी समीक्षा की गई। उपायुक्त ने सभी खंड विकास अधिकारियों को ग्रामीण क्षेत्रों में ग्रे वाटर प्रबंधन, सामुदायिक सोक पिट तथा ठोस कचरा प्रबंधन सुविधाओं को सुदृढ़ करने के निर्देश दिए।
उन्होंने प्रधानमंत्री आवास योजना (ग्रामीण) की समीक्षा के दौरान लंबित किस्तों को लाभार्थियों को शीघ्र जारी करने तथा आवास निर्माण को शीध्र पूर्ण करने के निर्देश दिए।
राष्ट्रीय ग्रामीण आजीविका मिशन के अंतर्गत स्वयं सहायता समूहों को ऋण सुविधा उपलब्ध करवाने, महिला स्वयं सहायता समूहों के सदस्यों को उद्यमिता विकास प्रशिक्षण देने के भी निर्देश दिए।
उन्होंने खण्ड विकास अधिकारी धर्मपुर, कण्डाघाट व सोलन को निर्देश दिए कि राष्ट्रीय उच्च मार्ग पर उपयुक्त स्थान चिन्हित कर हिम ईरा की दुकानों के निर्माण की औपचारिकताओं को पूर्ण करना सुनिश्चित बनाएं ताकि निर्माण कार्य शीघ्र पूर्ण हो सके और स्वयं सहायता समूह की महिलाओं को उनके उत्पादों के लिए विक्रय केन्द्र मिल सके।
इस अवसर पर अतिरिक्त उपायुक्त सोलन दिव्यांशु सिंगल, ज़िला विकास अधिकारी रमेश शर्मा सहित समस्त खण्ड विकास अधिकारी उपस्थित थे।
========================================
सोलन-दिनांक 05.11.2026
धनतेरस व दीपावली त्यौहार के दृष्टिगत आवश्यक आदेश जारी

ज़िला दण्डाधिकारी सोलन मनमोहन शर्मा ने 6 से 8 नवंबर, 2026 तक धनतेरस व दीपावली त्यौहार के दृष्टिगत आमजन की सुरक्षा और सुविधा के लिए आवश्यक आदेश जारी किए हैं।
यह आदेश मोटर वाहन अधिनियम, 1988 की धारा 115 एवं 117, सड़क नियमन नियम में प्रदत्त शक्तियों का प्रयोग करते हुए जारी किए गए हैं।
आदेशों के अनुसार 6 से 8 नवंबर, 2026 तक राजगढ़-शिमला तथा शिमला-राजगढ़ रूट पर चलने वाली अंतर-जिला बसों सहित भारी मालवाहक वाहनों एवं पिकअप वाहनों को प्रातः 9ः30 बजे से रात्रि 9 बजे तक शामती बाईपास से आवाजाही करनी होगी। राजगढ़ की ओर से आने वाली लोकल बसें कोटला नाला चौक तक ही चलेंगी, जबकि शिमला की ओर से आने वाली बसें पुराने अथवा नए बस अड्डे तक ही संचालित होंगी।
6 से 8 नवंबर तक माल रोड़ पर बसों सहित सभी प्रकार के मोटर वाहनों की आवाजाही पर पूर्ण प्रतिबंध रहेगा।
आदेशों में स्पष्ट किया गया है कि रोगी वाहन, अग्निशमन वाहन, सेना, आपातकालीन सेवा, कानून एवं व्यवस्था में प्रयुक्त वाहनों पर यह आदेश लागू नहीं होंगे।
इसके अलावा कोटला नाला चौक से पुराने उपायुक्त कार्यालय, पुराने उपायुक्त कार्यालय से सोलन बाईपास तथा पुराने उपायुक्त कार्यालय से चंबाघाट रोड़ पर स्थित अंबुशा होटल तक के मार्ग को नो-पार्किंग जोन घोषित किया गया है।
जिला दंडाधिकारी ने आमजन से यातायात नियमों का पालन करने तथा प्रशासन का सहयोग करने की अपील की है।
=========================================
सोलन -दिनांक 05.11.2026
तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत जागरूकता सत्र आयोजित

स्वास्थ्य विभाग सोलन द्वारा आज नगर निगम कार्यालय में तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के अंतर्गत जागरूकता सत्र का आयोजित किया गया। कार्यक्रम की अध्यक्षता जिला चिकित्सा अधिकारी डॉ. योगेश गुप्ता ने की।
डॉ. योगेश गुप्ता ने कहा कि इस सत्र का उद्देश्य प्रतिभागियों को तंबाकू सेवन एवं तंबाकू उत्पादों के उपयोग से होने वाले दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करना है। उन्होंने प्रतिभागियों से अपने परिवारों एवं समुदायों में तंबाकू के दुष्प्रभावों के प्रति जागरूकता फैलाने तथा तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय योगदान देने का आह्वान किया। उन्होंने प्रतिभागियों को तंबाकू के सेवन से होने वाले गंभीर स्वास्थ्य दुष्परिणामों के बारे में भी विस्तार से जानकारी दी।
इस अवसर पर प्रतिभागियों को तंबाकू उत्पादों से दूर रहने तथा तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 को सफल बनाने में अपना सहयोग देने की शपथ भी दिलाई गई।