ऊना में 17 नवंबर को होगी जिला स्तरीय निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता
मतदाता सूची और मतदान के महत्व पर होंगे निबंध, प्रश्नोत्तरी में चुनावी प्रक्रिया से जुड़े सवाल पूछे जाएंगे
ऊना, 2 नवंबर. विद्यार्थियों को चुनावी प्रक्रिया और लोकतांत्रिक व्यवस्था के प्रति जागरूक करने के उद्देश्य से भारत निर्वाचन आयोग के निर्देशानुसार इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के तहत ऊना में जिला स्तरीय निबंध एवं प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता आयोजित की जाएगी। उपायुक्त जतिन लाल ने बताया कि दोनों प्रतियोगिताएं 17 नवंबर को सुबह 10:30 बजे बचत भवन, ऊना में होंगी।
उन्होंने बताया कि प्रतियोगिताओं में इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब वाले स्कूलों और कॉलेजों के सभी विद्यार्थी भाग ले सकते हैं। इसके लिए क्लब का सदस्य होना अनिवार्य नहीं है, लेकिन प्रतिभागियों को अपने संस्थान के इलेक्टोरल लिटरेसी क्लब के माध्यम से ही भाग लेना होगा।
निबंध प्रतियोगिता के लिए 'शुद्ध मतदाता सूची का महत्व' और 'मतदान का महत्व' विषय निर्धारित किए गए हैं। स्कूल विद्यार्थियों के लिए निबंध की शब्द सीमा 500 से 800 तथा कॉलेज विद्यार्थियों के लिए 800 से 1,200 शब्द रखी गई है। निबंध हिंदी, अंग्रेजी अथवा राज्य की आधिकारिक भाषा में लिखा जा सकता है। विधानसभा क्षेत्र और जिला स्तर पर निबंध मौके पर ही पर्यवेक्षण में लिखे जाएंगे। प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में मतदाता सूची की तैयारी, ईवीएम एवं वीवीपैट, मतदान प्रक्रिया और मतगणना से संबंधित प्रश्न पूछे जाएंगे।
उपायुक्त ने बताया कि प्रतियोगिताओं के सुचारू संचालन, मूल्यांकन और विजेताओं के चयन के लिए जिला स्तरीय मूल्यांकन समिति गठित की गई है। उप निदेशक (गुणवत्ता नियंत्रण), डाइट देहलां को समिति का नोडल अधिकारी-सह-अध्यक्ष बनाया गया है। जिला भाषा अधिकारी को भाषा विशेषज्ञ तथा राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला (सीबीएसई), ऊना के अंग्रेजी प्रवक्ता और राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला, बहडाला के हिंदी प्रवक्ता को समिति का सदस्य बनाया गया है। समिति के सभी सदस्यों को आयोजन के दिन सुबह 10:15 बजे बचत भवन में उपस्थित होने के निर्देश दिए गए हैं।
उन्होंने बताया कि समिति भारत निर्वाचन आयोग के दिशा-निर्देशों के अनुसार निबंधों का मूल्यांकन 100 अंकों के आधार पर करेगी। इसमें विषय-वस्तु एवं प्रासंगिकता के लिए 40 अंक, मौलिक विचारों के लिए 20 अंक, भाषा एवं अभिव्यक्ति के लिए 20 अंक तथा संरचना एवं प्रस्तुति के लिए 20 अंक निर्धारित किए गए हैं। समिति प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता के अंतिम दौर की निगरानी करेगी तथा बराबरी की स्थिति में टाई-ब्रेकर राउंड के माध्यम से विजेता का निर्णय करेगी।
उपायुक्त ने बताया कि जिला स्तर पर निबंध और प्रश्नोत्तरी प्रतियोगिता में अलग-अलग शीर्ष 10 विजेताओं का चयन किया जाएगा। दोनों प्रतियोगिताओं के विजेताओं को मेरिट प्रमाणपत्र प्रदान किए जाएंगे। उन्होंने बताया कि जिले के सभी विधानसभा क्षेत्रों के निर्वाचन पंजीकरण अधिकारियों को अपने-अपने क्षेत्र से चयनित विद्यार्थियों की आयोजन स्थल पर समय पर उपस्थिति सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए हैं।
=========================================
तंबाकू मुक्त युवा अभियान के तहत अधिकारियों-कर्मचारियों ने ली शपथ
सीएमओ डॉ. संजीव वर्मा ने की कार्यक्रम की अध्यक्षता, 26 दिसंबर तक चलेगा विशेष अभियान
ऊना, 2 नवंबर. तंबाकू मुक्त युवा अभियान 4.0 के तहत सोमवार को मुख्य चिकित्सा अधिकारी कार्यालय, ऊना में अधिकारियों और कर्मचारियों को तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण की शपथ दिलाई गई। कार्यक्रम की अध्यक्षता मुख्य चिकित्सा अधिकारी डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने की। जिले में यह विशेष अभियान 28 अक्तूबर से 26 दिसंबर तक चलाया जा रहा है।
इस अवसर पर डॉ. संजीव कुमार वर्मा ने कहा कि तंबाकू का सेवन कैंसर, हृदय रोग और फेफड़ों से जुड़ी गंभीर बीमारियों का प्रमुख कारण है। अभियान का उद्देश्य विशेष रूप से युवाओं को तंबाकू उत्पादों के सेवन से दूर रखना और उनमें स्वस्थ जीवनशैली के प्रति जागरूकता बढ़ाना है। उन्होंने अधिकारियों और कर्मचारियों से स्वयं तंबाकू से दूर रहने के साथ अपने आसपास के लोगों को भी इसके दुष्प्रभावों के प्रति जागरूक करने का आह्वान किया।
कार्यक्रम के दौरान उपस्थित सभी अधिकारियों और कर्मचारियों ने तंबाकू मुक्त समाज के निर्माण में सक्रिय भूमिका निभाने की शपथ ली।
इस अवसर पर जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. सुखदीप सिंह सिद्धू, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. पुष्पिन्दर राना, डॉ. विशाल ठाकुर, जन शिक्षा एवं सूचना अधिकारी गोपाल कृष्ण सहित अन्य कर्मचारी उपस्थित रहे।