15 नवंबर तक बंद रहेगी चरोट सड़क

हमीरपुर 28 अक्तूबर। उपमंडल सुजानपुर में सुजानपुर-चरोट-चौरी सड़क पर खडोला के पास आवश्यक मरम्मत के कार्य के चलते इस सड़क पर वाहनों की आवाजाही 15 नवंबर तक बंद की गई है।
इस संबंध में आदेश जारी करते हुए जिलाधीश गंधर्वा राठौड़ ने बताया कि सुजानपुर-चरोट-चौरी सड़क के कार्य को सुचारू रूप से जारी रखने के लिए इस सड़क पर यातायात 15 नवंबर तक बंद किया गया है। इस दौरान वाहन चालक सुजानपुर-पटलांदर सड़क से आवाजाही कर सकते हैं।
===================================================
गसोता और कई अन्य गांवों में 30 को बंद रहेगी बिजली

हमीरपुर 28 अक्तूबर। विद्युत उपमंडल लंबलू में 30 अक्तूबर को लाइनों की आवश्यक मरम्मत के कारण गांव गसोता, बालू, भरठयाण, भ्यूंट, ब्रालू, बड़ोल, झमरेड़ा, पट्टा और आस-पास के गांवों में सुबह 9 से शाम 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी। सहायक अभियंता ऋषि धीमान ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
=========================================
सलौणी, करेर, डुगाड़ और अन्य गांवों में 30 को बंद रहेगी बिजली

बड़सर 28 अक्तूबर। विद्युत उपमंडल बड़सर में 30 अक्तूबर को लाइनों की आवश्यक मरम्मत के चलते सलौणी बाजार, करेर, अवाह, मक्कड़, डुगाड़, कुलहेड़ा, पजारड़ और आस-पास के अन्य गांवों में सुबह साढे नौ से सायं 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी। सहायक अभियंता सुनील कुमार ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
===============================================
कांगू और बणी स्कूल में दी बाल अधिकारों और इनसे संबंधित कानूनों की जानकारी

हमीरपुर 28 अक्तूबर। बच्चों के अधिकारों की रक्षा और इनके प्रति लोगों को जागरुक करने के लिए राष्ट्रीय विधिक सेवाएं प्राधिकरण (नालसा) द्वारा आरंभ किए गए ‘सुरक्षित बचपन अभियान’ के तहत जिला हमीरपुर में भी जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण की ओर से 26 से 31 अक्तूबर तक कई जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए जा रहे हैं। इसी कड़ी में, बुधवार को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगू और बणी में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किए गए।
राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला कांगू में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के सचिव कुलदीप शर्मा ने बताया कि 18 वर्ष से कम आयु के बच्चांे के अधिकारों की रक्षा के लिए किशोर न्याय अधिनियम में बहुत ही कड़े प्रावधान किए गए हैं। उन्हांेने बताया कि यौन अपराधों से बच्चों का संरक्षण (पोक्सो) अधिनियम-2012 में भी बहुत ही कड़े प्रावधान रखे गए हैं। इसके अलावा अन्य कानूनों के माध्यम से भी बच्चों के अधिकारों की रक्षा सुनिश्चित की गई है।
उन्होंने बताया कि आम लोगों को न्याय सुलभ बनाने के लिए नालसा ने कई योजनाएं आरंभ की हैं। इन योजनाओं में मुफ्त कानूनी सहायता योजना सबसे महत्वपूर्ण योजना है। उन्होंने बताया कि एससी-एसटी वर्ग के लोग, महिलाएं, बच्चे, दिव्यांग, आपदा पीड़ित, अत्याचार पीड़ित, श्रमिक, किन्नर, कैदी और सालाना 3 लाख रुपये से कम आय वाले सभी वर्गों के लोग मुफ्त कानूनी सहायता योजना का लाभ लेने के लिए पात्र हैं। इसके लिए आवेदन की प्रक्रिया बहुत ही सरल है। किसी भी न्यायालय परिसर में स्थापित फ्रंट आफिस में जाकर पात्र लोग मुफ्त कानूनी सहायता के लिए आवेदन कर सकते हैं। नालसा के हेल्पलाइन नंबर 15100 और जिला विधिक सेवाएं प्राधिकरण के दूरभाष नंबर 01972-224399 या ईमेल पर भी संपर्क किया जा सकता है। उन्होंने कहा कि आज के दौर में साईबर अपराध बहुत बड़ी चुनौती बन गए हैं। इनके प्रति भी बच्चों को सचेत करने की आवश्यकता है। उन्होंने विद्यार्थियों और शिक्षकों को साईबर अपराध से संबंधित अधिनियमों की जानकारी भी दी। पैनल अधिवक्ता केशव गोस्वामी ने भी विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां दीं।
उधर, राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला बणी में आयोजित जागरुकता कार्यक्रम की अध्यक्षता बड़सर के अतिरिक्त मुख्य न्यायिक दंडाधिकारी विशाल कौंडल ने की। उन्होंने भी विद्यार्थियों के साथ कई महत्वपूर्ण कानूनी जानकारियां साझा कीं। अधिवक्ता केके शर्मा और एसएचओ गुरबख्श सिंह ने भी विद्यार्थियों को कई महत्वपूर्ण अधिनियमों से अवगत करवाया।
=================================================
पुलिस भर्ती के दूसरे दिन 216 अभ्यर्थियों ने पास किया ग्राउंड टेस्ट

हमीरपुर 28 अक्तूबर। अणु के सिंथेटिक ट्रैक ग्राउंड में जारी पुलिस भर्ती के दूसरे दिन 216 उम्मीदवारों ने ग्राउंड टेस्ट पास किया।
जिला पुलिस की ओर से प्राप्त जानकारी के अनुसार बुधवार 28 अक्तूबर के लिए 1600 उम्मीदवारों को ग्राउंड टेस्ट हेतु बुलाया गया था। इनमें से 967 युवा ग्राउंड टेस्ट के लिए पहुंचे। इनके अलावा संशोधित शेड्यूल के अंतर्गत 2 अन्य अभ्यर्थियों ने भी ग्राउंड टेस्ट में भाग लिया। इन उम्मीदवारों के पंजीकरण और लंबाई, वजन एवं छाती इत्यादि के माप के बाद 100 मीटर दौड़, मध्यम दूरी की दौड़, हाई जंप और ब्रॉड जंप से संबंधित ग्राउंड टेस्ट लिए गए। इनमें कुल 216 उम्मीदवार क्वालीफाई हुए।