जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति की बैठक आयोजित

उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
चम्बा, 28 अक्तूबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज एनआईसी वीडियो कॉन्फ्रेंसिंग कक्ष में जिला स्तरीय नार्को समन्वय समिति (एनकार्ड) की बैठक आयोजित हुई।
उपायुक्त ने इस दौरान गत बैठक की कार्यवाही की समीक्षा करते हुए जिले में नशे की रोकथाम एवं नशा तस्करी पर अंकुश लगाने के लिए विभिन्न विभागों द्वारा किए जा रहे प्रयासों की समीक्षा की तथा संबंधित अधिकारियों को आवश्यक दिशा-निर्देश दिए।
उपायुक्त ने कोटपा अधिनियम के प्रावधानों का सख्ती से पालन सुनिश्चित करने तथा तंबाकू उत्पादों की अवैध बिक्री एवं सार्वजनिक स्थानों पर धूम्रपान की रोकथाम के कड़े निर्देश दिए। उन्होंने एनडीपीएस एक्ट के तहत दोषियों की अवैध संपत्तियों के सीमांकन और जब्तीकरण की प्रक्रिया में तेजी लाने के भी निर्देश दिए।
उपायुक्त ने बताया कि पुलिस द्वारा दी गई जानकारी के आधार पर जिले की पंचायतों/एमसी क्षेत्रों को रेड, येलो और ग्रीन श्रेणियों में बांटा गया है, रेड जोन में उन पंचायतें और एमसी क्षेत्रों को रखा गया है जहाँ नशे से संबंधित सर्वाधिक मामले सामने आए हैं।
उन्होंने बताया कि सभी 13 रेड पंचायतों/एमसी क्षेत्रों में नशा निवारण समितियों का पुनर्गठन एवं सुदृढ़ीकरण पूरा कर लिया गया है। उन्होंने 12 अन्य नई पहचानी गई रेड पंचायतों में इन समितियों का गठन करने के लिए संबंधित अधिकारियों को निर्देश दिए। उपायुक्त ने सभी उपमंडलों के उपमंडलाधिकारियों से कार्यों में तेजी लाने और समय समय पर नशा निवारण समितियों की बैठकें आयोजित करने के निर्देश दिए।
इसके अतिरिक्त, स्थानीय स्तर पर नशा विरोधी गतिविधियों की कड़ी निगरानी और रिपोर्टिंग सुनिश्चित करने के लिए प्रत्येक पंचायत में एक 'चिट्टा वॉलंटियर' नामित किया जाएगा।
बैठक का संचालन करते हुए पुलिस अधीक्षक विजय सकलानी ने अवगत करवाया कि वर्ष 2026 में अब तक (28 अक्तूबर तक) एनडीपीएस अधिनियम के तहत कुल 70 मामले दर्ज किए गए हैं, जिनमें 95 व्यक्तियों को गिरफ्तार किया गया है। इस दौरान पुलिस ने त्वरित कार्रवाई करते हुए लगभग 19.996 किलोग्राम चरस, 575.99 ग्राम चिट्टा/हेरोइन, 2.169 किलोग्राम पोस्त भूसा (पोकी हस्क), 868 पोस्त के पौधे और सोने-चांदी के आभूषण व नकदी बरामद की है। इसके अतिरिक्त, कोटपा अधिनियम के तहत नियमों का उल्लंघन करने वालों पर कड़ी कार्रवाई करते हुए इस वर्ष अब तक कुल 2,511 चालान किए गए और 3,12,950 रुपये जुर्माना वसूला गया।
वहीं नशे के खिलाफ जागरूकता फैलाने के लिए सार्वजनिक स्थलों पर एलईडी स्क्रीन भी स्थापित की जा रही हैं।
बैठक में उप निदेशक उच्च शिक्षा विकास महाजन, सहायक आयुक्त आबकारी एवं कराधान नूतन महाजन, जिला कार्यक्रम अधिकारी डॉ. करण हितेषी, जिला कल्याण अधिकारी मंजूल ठाकुर, उप निदेशक शिक्षा मनोहर लाल, जिला रोजगार अधिकारी जितेंदर सिंह सहित विभिन्न विभागों के अधिकारी उपस्थित रहे।
========================================
उपभोक्ता अधिकारों की सुरक्षा और जागरूकता को लेकर समीक्षा बैठक आयोजित
उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने की अध्यक्षता
खाद्य पदार्थों की शुद्धता सुनिश्चित करने के निर्देश: नियमों का उल्लंघन करने वालों पर होगी सख्त कार्रवाई :- उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल
चंबा, 28 अक्तूबर-उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल की अध्यक्षता में आज जिला स्तरीय उपभोक्ता मामलों से संबंधित गतिविधियों के आयोजन एवं प्रभावी क्रियान्वयन को लेकर बैठक आयोजित की गई। बैठक में उपभोक्ताओं को उनके अधिकारों एवं कर्तव्यों के प्रति जागरूक करने के लिए विभाग द्वारा वर्तमान में किए जा रहे विभिन्न प्रयासों की समीक्षा की गई तथा भविष्य में इस दिशा में जन-जागरूकता गतिविधियों को और अधिक प्रभावी बनाने के लिए एक व्यापक कार्ययोजना तैयार की गई।
उपायुक्त ने कार्ययोजना को व्यवहारिक़ रूप देने के लिए सभी संबंधित अधिकारियों को आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए।
उन्होंने कहा कि उपभोक्ता अधिकारों के प्रति जागरूकता को व्यापक स्तर तक पहुंचाने के लिए विभिन्न माध्यमों का प्रभावी उपयोग सुनिश्चित किया जाए। उन्होंने खाद्य, नागरिक आपूर्ति एवं उपभोक्ता मामले विभाग को निर्देश दिए कि जागरूकता गतिविधियों के संचालन में गैर-सरकारी संगठनों (एनजीओ) की सहभागिता सुनिश्चित की जाए। इसके साथ ही, विद्यालयों एवं महाविद्यालयों में उपभोक्ता जागरूकता क्लब गठित किए जाएं, ताकि विद्यार्थियों के माध्यम से उपभोक्ता अधिकारों का संदेश समाज के प्रत्येक वर्ग तक प्रभावी ढंग से पहुँचाया जा सके।
उपायुक्त ने खाद्य सुरक्षा विभाग को त्योहारों के मौसम
के मद्देनजर विशेष सतर्कता बरतने के निर्देश दिए। उन्होंने खाद्य सुरक्षा वैन के माध्यम से विभिन्न क्षेत्रों में खाद्य पदार्थों की नियमित जांच विशेषज्ञों की देखरेख में सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने मिलावटखोरी एवं घटिया गुणवत्ता वाली खाद्य सामग्री की बिक्री पर प्रभावी निगरानी रखने तथा नियमों का उल्लंघन पाए जाने पर नियमानुसार कार्रवाई करने को भी कहा।
उन्होंने उपभोक्ता हितों के संरक्षण एवं अधिकारों के प्रति जागरूकता बढ़ाने के लिए जागरूकता गतिविधियों की शुरुआत अधिक जनसंख्या घनत्व वाले क्षेत्रों से करने के निर्देश दिए, ताकि अधिक से अधिक उपभोक्ताओं तक इसका लाभ पहुंचाया जा सके।
बैठक में जिला खाद्य एवं आपूर्ति नियंत्रक करण ठाकुर, जिला स्वास्थ्य अधिकारी डॉ. कविता महाजन, सीपीओ सुनील कुमार, एसीएलएम प्रिया चंदेल उपस्थित रहे।