ऊना, 27 अक्तूबर। जिला परिषद (ज़िप) ऊना की त्रैमासिक बैठक मंगलवार को ज़िप अध्यक्ष पवन कुमार लम्बड़दार की अध्यक्षता में जिला परिषद सभागार में आयोजित हुई। बैठक में मुख्य कार्यकारी अधिकारी एवं अतिरिक्त उपायुक्त (एडीसी) ऊना इशांत जसवाल विशेष रूप से उपस्थित रहे। इस दौरान जिले में चल रहे विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं और जनसमस्याओं से जुड़े विभिन्न मुद्दों पर चर्चा की गई।

जिला परिषद अध्यक्ष पवन कुमार लम्बड़दार ने अधिकारियों को विकास कार्य निर्धारित समय-सीमा में गुणवत्तापूर्ण ढंग से पूरा करने तथा सरकारी योजनाओं का लाभ पात्र लोगों तक पहुंचाने के निर्देश दिए। उन्होंने विकास कार्यों में पारदर्शिता, जवाबदेही और जनसहभागिता सुनिश्चित करने पर बल दिया।

*जनहित के मुद्दों पर हुई चर्चा

बैठक में जिला परिषद उपाध्यक्ष अविनाश मेनन ने जिले में बेसहारा गौवंश के संरक्षण, देखभाल एवं आश्रय व्यवस्था को लेकर विस्तार से अपने सुझाव रखे। उन्होंने इस दिशा में दीर्घकालिक एवं सकारात्मक कदम उठाने की बात रखी। साथ ही, गैस पाइपलाइन के बिल समय पर जारी करने तथा आईओसीएल पेखूबेला में वाहन चालकों के लिए पर्याप्त शौचालय सुविधाएं उपलब्ध करवाने का मुद्दा उठाया।

वहीं, जिला परिषद के अन्य सदस्यों ने भी अपने-अपने क्षेत्रों से जुड़े विकास कार्यों, आधारभूत सुविधाओं, जनसमस्याओं तथा जनहित के विभिन्न मुद्दों को प्रमुखता से उठाया। इन विषयों पर संबंधित विभागीय अधिकारियों के साथ विस्तारपूर्वक चर्चा की गई तथा आवश्यक कार्यवाही सुनिश्चित करने के निर्देश दिए गए।

बैठक में जिला परिषद के वित्तीय संसाधन मजबूत करने के उद्देश्य से खनन गतिविधियों एवं ईंट-भट्ठों पर जिला अवसंरचना उपकर लागू करने के प्रस्ताव पर भी चर्चा हुई तथा प्रस्ताव को हिमाचल प्रदेश सरकार के समक्ष विचारार्थ भेजने पर सहमति बनी।

एडीसी इशांत जसवाल ने अधिकारियों और खंड विकास अधिकारियों को आपसी समन्वय से जनसमस्याओं का प्राथमिकता के आधार पर समाधान करने तथा विकास कार्यों की नियमित समीक्षा सुनिश्चित करने के निर्देश दिए। उन्होंने गौसदनों की व्यवस्थाओं का विस्तृत विवरण उपलब्ध करवाने को कहा, ताकि बेसहारा गौवंश के संरक्षण और देखभाल के लिए आवश्यक कार्ययोजना तैयार की जा सके।

इस अवसर पर जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार ने जिला परिषद की प्रशासनिक एवं विकासात्मक गतिविधियों और 16वें वित्त आयोग से संबंधित प्रावधानों की जानकारी दी। बैठक में विभिन्न विभागों के अधिकारी, खंड विकास अधिकारी तथा जिला परिषद के नवनिर्वाचित सदस्य उपस्थित रहे।

इस मौके पर जिला पंचायत अधिकारी श्रवण कुमार, सीएमओ ऊना संजीव वर्मा, बीडीओ ऊना रमणवीर चौहान, बीडीओ गगरेट सुरेंद्र जेटली, बीडीओ अंब ओमपाल डोगरा, बीडीओ बंगाणा केएल वर्मा सहित अन्य अधिकारी और ज़िप सदस्य मौजूद रहे।