मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 22 व 23 अक्तूबर को होली प्रवास पर रहेंगे
विकास कार्यों का लोकार्पण-शिलान्यास और जनसंवाद करेंगे मुख्यमंत्री
चंबा, अक्तूबर 19-मुख्यमंत्री ठाकुर सुखविंदर सिंह सुक्खू 22 व 23 अक्तूबर को भरमौर विधानसभा के अंतर्गत होली क्षेत्र के दो दिवसीय प्रवास पर रहेंगे।
मुख्यमंत्री के जारी प्रवास कार्यक्रम की जानकारी देते हुए उपायुक्त मुकेश रेपस्वाल ने बताया कि प्रवास के दौरान मुख्यमंत्री विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास सहित जनसभा और जनसंवाद कार्यक्रमों में भाग लेंगे।
उन्होंने बताया कि मुख्यमंत्री 22 अक्तूबर को दोपहर 12:30 बजे होली में लोक निर्माण विभाग के विश्राम गृह परिसर में विभिन्न विकासात्मक योजनाओं के उद्घाटन एवं शिलान्यास करने के पश्चात
जनसभा को भी संबोधित करेंगे।
मुख्यमंत्री अपराह्न 4:30 बजे होली से लाके वाली माता मंदिर के लिए रवाना होंगे। इस दौरान वह होली–उतराला तथा होली–बड़ा भंगाल सड़क मार्गों के निर्माणाधीन कार्यों का निरीक्षण करेंगे। मुख्यमंत्री सायं 5:30 बजे सूटकर गांव में ‘सरकार गांव के द्वार’ कार्यक्रम की अध्यक्षता करेंगे तथा स्थानीय लोगों, महिला मंडलों एवं युवक मंडलों के साथ संवाद करेंगे। उनका रात्रि विश्राम सूटकर गांव में रहेगा।
उपायुक्त ने बताया कि मुख्यमंत्री 23 अक्तूबर को पूर्वाह्न 10:10 बजे पीएम श्री राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक पाठशाला तथा एकलव्य मॉडल आवासीय विद्यालय होली के विद्यार्थियों के साथ संवाद करेंगे।
मुख्यमंत्री इसके उपरांत होली से गगल एयरपोर्ट, कांगड़ा के लिए रवाना होंगे।
===================================
शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 24 से 26 अक्तूबर तक चंबा प्रवास पर रहेंगे
विभिन्न शिक्षण संस्थानों के नवनिर्मित भवनों का करेंगे उद्घाटन
चंबा, अक्तूबर 19-शिक्षा मंत्री रोहित ठाकुर 24 से 26 अक्तूबर तक चंबा जिले के प्रवास पर रहेंगे।
शिक्षा मंत्री के जारी प्रवास कार्यक्रम की जानकारी देते हुए विभागीय प्रवक्ता ने बताया कि वह 23 अक्तूबर को सांय डलहौजी पहुंचेंगे।
रोहित ठाकुर 24 अक्तूबर को दोपहर 2:00 बजे सेक्रेड हार्ट वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय डलहौजी के 125वें वर्षगांठ समारोह में मुख्य अतिथि होंगे। उनका रात्रि ठहराव चंबा में रहेगा।
शिक्षा मंत्री 25 अक्तूबर को राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मैहला, राजकीय उच्च विद्यालय सैहली के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। वह
दोपहर बाद राजकीय वरिष्ठ माध्यमिक विद्यालय मांधा में विज्ञान खंड का भी उद्घाटन करेंगे। उनका रात्रि ठहराव भरमौर रहेगा।
26 अक्तूबर को शिक्षा मंत्री प्रातः 8:30 बजे भरमौर से कुगती के लिए रवाना होंगे। यहां वह राजकीय उच्च विद्यालय कुगती के नवनिर्मित भवन का उद्घाटन करेंगे। आगे का प्रवास कार्यक्रम बाद में जारी होगा।
================================
‘हर दिवस को बेटी दिवस के रूप में मनाएं’
ग्राम पंचायत चबूतरा में जागरुकता कार्यक्रम के दौरान सीडीपीओ ने की अपील
सुजानपुर 19 अक्तूबर। अंतर्राष्ट्रीय बालिका दिवस के उपलक्ष्य पर महिला एवं बाल विकास विभाग ने ग्राम पंचायत चबूतरा में जागरुकता कार्यक्रम आयोजित किया।
कार्यक्रम की अध्यक्षता करते हुए जिला बाल संरक्षण अधिकारी एवं सुजानपुर के बाल विकास परियोजना अधिकारी कुलदीप सिंह चौहान ने कहा कि बेटियां मानव सभ्यता और संस्कृति की अमूल्य धरोहर हैं। वे किसी भी समाज का प्रथम एवं सर्वाधिक मजबूत स्तंभ होती हैं। मानव समाज एवं संस्कृति के अस्तित्व, निरंतरता एवं मूल्यों को जीवित एवं सार्थक बनाये रखने में बेटियों की भूमिका एवं योगदान सर्वाेपरि है। इसलिए, बेटियों एवं मातृ शक्ति को सम्मान एवं आगे बढ़ने के अवसर प्रदान किए जाने चाहिए।
उन्होंने कहा कि समान अवसर, समुचित पोषण और सार्थक शिक्षा सुलभ होने पर बेटियां किसी भी चुनौती को स्वीकारने में बेटों से कम नहीं हैं। आज बेटियों ने सभी क्षेत्रों में अद्वितीय छाप छोड़ी है। उन्होंने कहा कि आज हम शारदीय नवरात्रों के नवें दिन नवदुर्गा का आह्वान कर रहे हैं। परंतु यह आह्वान तब तक अधूरा है जब तक हम अपनी बेटियों एवं मातृ शक्ति को उचित सम्मान नहीं करते। उन्होंने कहा कि हम प्रत्येक दिवस को मातृ दिवस और बालिका दिवस के रूप में मनायें और भारतीय संस्कृति की मूल भावना को आत्मसात करें। उन्होंने लोगांे से जरुरतमंद बच्चों विशेष कर बेटियों को गोद लेने या फिर उनकी शिक्षा को स्पांसर करने का आह्वान भी किया।
इस अवसर पर जिला बाल संरक्षण इकाई की गैर संस्थागत संरक्षण अधिकारी उर्मिला देवी ने लोगों से बाल विवाह और बाल मजदूरी जैसी बुराइयों का कड़ा विरोध करने की अपील की। उन्होंने कहा कि ये सामाजिक कुरीतियों बाल जीवन विशेषकर बेटियों का सर्वाधिक अहित करती हैं।
इस अवसर पर 21 बेटियों को सम्मानित किया गया एवं कन्या पूजन का आयोजन भी किया गया। स्थानीय पंचायत प्रधान ने सभी अधिकारियों और प्रतिभागियों का धन्यवाद किया।
===============================
वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान 21 अक्तूबर से 31 दिसंबर तक चलेगा
बिलासपुर, 19 अक्तूबर: वित्त मंत्रालय, भारत सरकार द्वारा वित्तीय समावेशन को बढ़ावा देने के उद्देश्य से 21 अक्तूबर से 31 दिसंबर, 2026 तक देशभर में वित्तीय समावेशन संतृप्ति अभियान चलाया जाएगा। अभियान के तहत बिलासपुर जिले की सभी ग्राम पंचायतों और शहरी इ
इस बारे जानकारी देते हुए जिला अग्रणी बैंक प्रबंधक सीएस यादव ने बताया कि अभियान के दौरान प्रधानमंत्री जीवन ज्योति बीमा योजना, प्रधानमंत्री सुरक्षा बीमा योजना तथा अटल पेंशन योजना के अंतर्गत नए लाभार्थियों का नामांकन किया जाएगा। इसके अतिरिक्त, बैंक खातों में आधार सीडिंग, लंबित केवाईसी प्रक्रिया पूरी करने, री-केवाईसी तथा सी-केवाईसी से संबंधित कार्यों को भी प्राथमिकता दी जाएगी।
उन्होंने बताया कि इस अभियान के अंतर्गत प्रधानमंत्री जन धन योजना के तहत नए बैंक खाते खोलने तथा निष्क्रिय खातों को पुनः सक्रिय करने पर विशेष जोर रहेगा। साथ ही, बचत खातों और लॉकरों में नामांकित व्यक्तियों का विवरण अद्यतन करने तथा डिजिटल बैंकिंग धोखाधड़ी से बचाव के प्रति लोगों को जागरूक करने के लिए विशेष जागरूकता सत्र आयोजित किए जाएंगे।
जिला स्तर पर अभियान का नेतृत्व जिला प्रशासन द्वारा किया जाएगा, जबकि जिले में विभिन्न शिविरों के आयोजन एवं समन्वय की जिम्मेदारी अग्रणी जिला प्रबंधक (एलडीएम), बिलासपुर की रहेगी। सार्वजनिक एवं निजी क्षेत्र के बैंक, क्षेत्रीय ग्रामीण बैंक तथा सहकारी बैंक अपने-अपने कार्यक्षेत्र में विशेष शिविर आयोजित करेंगे और इनके सफल संचालन के लिए पर्याप्त स्टाफ तैनात करेंगे।
उन्होंने बताया कि इस अभियान को सफल बनाने के लिए बिलासपुर जिले के संबंधित अधिकारी, बैंक कर्मचारी तथा ग्राम प्रतिनिधि आपसी समन्वय से कार्य करेंगे, ताकि पात्र लोगों तक वित्तीय योजनाओं का लाभ पहुंचाया जा सके और वित्तीय सेवाओं की पहुंच को अधिक व्यापक बनाया जा सके।
=========================================
विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति 21 अक्तूबर को बिलासपुर में
बिलासपुर, 19 अक्तूबर: हिमाचल प्रदेश विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति सभापति विधायक संजय रत्न की अध्यक्षता में 21 अक्तूबर को बिलासपुर के एक दिवसीय प्रवास पर रहेगी।
इस बारे जानकारी देते हुए उपायुक्त बिलासपुर राहुल कुमार ने बताया कि विधानसभा की स्थानीय निधि लेखा समिति, सभापति विधायक संजय रत्न की अध्यक्षता में बिलासपुर के प्रवास पर रहेगी। समिति के सदस्यों में विधायक डॉ. हंस राज, सतपाल सिंह सत्ती, इंद्र दत्त लखनपाल, राकेश जम्वाल, संजय अवस्थी, मलेंद्र राजन, कुलदीप राठौर तथा विवेक शर्मा शामिल हैं।
इस दौरान समिति दोपहर 2 बजे बचत भवन में हिमाचल प्रदेश राज्य लेखा परीक्षा विभाग के दायरे में आने वाले विभागों तथा उनसे संबंधित लेखा परीक्षा प्रतिवेदनों में उल्लेखित समस्त ऑडिट पैरों एवं गत तीन वित्तीय वर्षों के आय-व्यय प्राक्कलनों व किए गए कार्यों की भौतिक व वित्तीय उपलब्धियों की समीक्षा करेगी।
उपायुक्त ने सभी संबंधित विभागीय अधिकारियों को निर्धारित समय व तिथि अनुसार बैठक में भाग लेने के निर्देश दिए हैं।
========================================
फाइन आर्ट्स शिक्षक भर्ती का फाइनल परिणाम घोषित, 82 उम्मीदवारों का चयन
पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण 36 पद रह गए खाली
हमीरपुर 19 अक्तूबर। हिमाचल प्रदेश राज्य चयन आयोग (एचपीआरसीए) ने स्कूल शिक्षा विभाग में फाइन आर्ट्स के शिक्षकों 118 पदों को फिक्स मानदेय के आधार पर भरने के लिए पोस्ट कोड-26033 के तहत आयोजित कंप्यूटर आधारित परीक्षा में सफल हुए उम्मीदवारों के दस्तावेजों की जांच के बाद अंतिम परिणाम घोषित कर दिया है।
आयोग के सचिव डॉ. विक्रम महाजन ने बताया कि इन पदों के लिए कुल 152 उम्मीदवारों ने आवेदन किया था, जिनमें से 128 उम्मीदवारों ने कंप्यूटर आधारित परीक्षा दी थी और इस परीक्षा में 106 उम्मीदवारों का चयन दस्तावेजों की जांच के लिए किया गया था। 24 सितंबर को दस्तावेजों की जांच के बाद 82 उम्मीदवारों का चयन किया गया है। पात्र उम्मीदवार न मिलने के कारण 36 पद खाली रह गए हैं। इनमें सामान्य वर्ग का एक, सामान्य ईडब्ल्यूएस वर्ग के 8, सामान्य (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) का एक, ओबीसी 10, ओबीसी बीपीएल 4, एससी 7, एससी बीपीएल 3, एससी (स्वतंत्रता सेनानी परिजन) वर्ग का एक और एसटी का एक पद शामिल हैं। सचिव ने बताया कि यह अंतिम परिणाम सभी उम्मीदवारों के नाम, रोल नंबर और अंकों सहित आयोग की वेबसाइट एचपीआरसीए.एचपी.जीओवी.इन पर उपलब्ध करवा दिया गया है।
=====================================
मट्टनसिद्ध, बरोहा, बोहणी, झटवाड़, ताल सहित कई गांवों में 22 को बंद रहेगी बिजली
हमीरपुर 19 अक्तूबर। विद्युत उपमंडल लंबलू में 22 अक्तूबर को लाइनों की आवश्यक मरम्मत के चलते मट्टनसिद्ध, डुग्घा कलां, बरोहा, तरोपका, बरोटी, लघवाण, बुराण, कगरू, बोहणी, मुलाणा, छियोड़ीं, गुधवीं, कौहीं, पनाहर, घुमारी, रोहलवीं, सरली, ब्ल्यूट, चमनेड़, खनेउ, डुघली, डबरेड़ा, भंडोला, झटवाड़, ताल, बुमाणा, जलग्रां, महल, भ्याड़, पिपलू, पंतेहड़ी, तत्तापानी, अमनेड, राहजोल और आस-पास के गांवों में सुबह 9 से सायं 5 बजे तक बिजली बंद रहेगी।
सहायक अभियंता ऋषि धीमान ने इस दौरान सभी उपभोक्ताओं से सहयोग की अपील की है।
======================================================
सुजानपुर में ड्राईवर और जेसीबी ऑपरेटर के 10 पदों के लिए साक्षात्कार 21 को
हमीरपुर 19 अक्तूबर। उपमंडल सुजानपुर के गांव री-भलाणा के गणपति स्टोन क्रशर में भारी वाहन चालक और जेसीबी ऑपरेटरों के 10 पदों को भरने के लिए 21 अक्तूबर को उप रोजगार कार्यालय सुजानपुर में साक्षात्कार लिए जाएंगे।
जिला रोजगार अधिकारी सुरेंद्र शर्मा ने बताया कि इन पदों के लिए 18 से 45 वर्ष तक के लाइसेंसधारक अभ्यर्थी पात्र होंगे। चयनित अभ्यर्थियों को 15 हजार रुपये मासिक वेतन के साथ भोजन की सुविधा भी प्रदान की जाएगी।
जिला रोजगार अधिकारी ने बताया कि अगर कोई युवा इन पदों के लिए योग्यता रखता है और उसका नाम किसी भी रोजगार कार्यालय में पंजीकृत है तो वह अपने मूल प्रमाण पत्रों तथा हिमाचली प्रमाण पत्र के साथ साक्षात्कार में भाग ले सकता है।
भर्ती के संबंध में अधिक जानकारी के लिए जिला रोजगार कार्यालय के दूरभाष नंबर 01972-222318 पर भी संपर्क किया जा सकता है।
===================================================
21 और 22 अक्तूबर को बिजली बंद
धर्मशाला, 19 अक्तूबर: विद्युत उप-मंडल-2 के सहायक अभियंता लोकेश चौधरी ने जानकारी दी है कि विद्युत लाइनों के सामान्य रख-रखाव कार्य के कारण 21 अक्तूबर को आईटीआई, अप्पर बडोल, लोअर बडोल, दाडी बाज़ार, गब्ली दाडी, बडोल, धौलाधार काॅलोनी, कमांड सेन्टर, जेएस नगर बगली, नन्देहड, पुराना मटौर, चेतरू, अनसोली, बनवाला, गंग भैरों, सराह और अन्य साथ लगते क्षेत्रों में तथा 22 अक्तूबर को चेलियाँ, स्टेडियम रोड, काॅलेज एरिया, आॅडिटोरियम, बाॅयज स्कूल, जवाहर नगर, पीडब्लयूडी काॅेलोनी, गुलेर मोहल्ला, बीएड काॅलेज, डाईट, एचपीसीए, आईबी काॅम्पलेक्स में सुबह 9 बजे से शाम 5 बजे या कार्य समाप्ति तक विद्युत आपूर्ति बाधित रहेगी। यदि मौसम खराब रहता है, तो उक्त कार्य अगले दिन किया जाएगा।