हमीरपुर 16 अक्तूबर। मुख्यमंत्री के राजनीतिक सलाहकार सुनील शर्मा बिट्टू ने शुक्रवार को एसडी पब्लिक स्कूल डुग्घा कलां में स्कूल शिक्षा विभाग और हिमाचल प्रदेश विज्ञान, प्रौद्योगिकी एवं पर्यावरण परिषद (हिमकोस्टे) के संयुक्त तत्वावधान में आयोजित किए जा रहे जिला स्तरीय बाल विज्ञान सम्मेलन का शुभारंभ किया। इसमें जिला हमीरपुर के विभिन्न उपमंडलों के सरकारी और गैर सरकारी स्कूलों के विद्यार्थी भाग ले रहे हैं।
इस अवसर पर आयोजकों और सभी प्रतिभागियों को शुभकामनाएं देते हुए सुनील शर्मा बिट्टू ने कहा कि इस तरह के आयोजनों से जहां बच्चों को अपनी प्रतिभा के प्रदर्शन का अवसर मिलता है, वहीं उनमें वैज्ञानिक सोच का विस्तार भी होता है। इन्हीं में से कई बच्चे भविष्य में वैज्ञानिक, इंजीनियर, डॉक्टर और अन्य प्रोफेशनल्स बनकर देश के लिए बहुत बड़ा योगदान देंगे। उन्होंने कहा कि शिक्षा का अर्थ सिर्फ पढ़ाई-लिखाई ही नहीं होता है, बल्कि बच्चों में रचनात्मकता, सृजनशीलता और विस्तृत सोच विकसित करना सबसे महत्वपूर्ण होता है। इस दिशा में बाल विज्ञान सम्मेलन जैसे आयोजन बहुत बड़ी भूमिका अदा करते हैं। उन्होंने प्रतिभागी विद्यार्थियों द्वारा लगाई गई अपने प्रोजेक्टों एवं मॉडलों की प्रदर्शनी का अवलोकन भी किया तथा इनकी सराहना की।
इससे पहले, जिला विज्ञान समन्वयक राजेश गौतम और मेजबान स्कूल के प्रधानाचार्य विनोद ठाकुर ने मुख्य अतिथि, अन्य अतिथियों एवं सभी प्रतिभागियों का स्वागत किया तथा सम्मेलन की विस्तृत जानकारी दी।
इस अवसर पर एपीएमसी के अध्यक्ष अजय शर्मा, ब्लॉक कांग्रेस अध्यक्ष सुनील कुमार, पार्टी के वरिष्ठ नेता शहनशाह, राजेश आनंद, नीरज ठाकुर, रजत राणा, पार्टी के अन्य पदाधिकारी, विज्ञान अध्यापक संघ के पदाधिकारी, क्षेत्र के पंचायत जनप्रतिनिधि और विभिन्न टीमों के प्रभारी शिक्षक भी उपस्थित थे।